US F15E Pilot: ईरान में गिरे अमेरिकी F-15E फाइटर जेट के दूसरे क्रू मेंबर को एक बेहद खतरनाक ऑपरेशन के बाद सुरक्षित निकाल लिया गया है। 'अल जजीरा' और 'Axios' की रिपोर्टों के अनुसार, इस रेस्क्यू मिशन के दौरान अमेरिकी और ईरानी सुरक्षा बलों के बीच 'भीषण गोलीबारी' हुई। दो दिनों से जारी इस सस्पेंस के बाद अब अमेरिकी कमांडो दस्ता सभी बाधाओं को पार कर ईरानी सीमा से बाहर निकल चुका है।
अमेरिका का एक F-15E स्ट्राइक ईगल 3 अप्रैल को ईरान में क्रैश हो गया था। उसमें एक पायलट और एक क्रू मेंबर सवार थे। विमान गिरने के कुछ ही समय बाद एक क्रू मेंबर को अमेरिकी सुरक्षा बलों ने सुरक्षित बचा लिया था। दूसरे मेंबर कि खोजबीन जारी थी जिसे अब सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है।
हमने उसे बचा लिया है: ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में गिरे अमेरिकी F-15E फाइटर जेट के दूसरे क्रू मेंबर के सफल रेस्क्यू की घोषणा करते हुए इसे 'अमेरिकी इतिहास के सबसे साहसी खोज और बचाव अभियानों में से एक' करार दिया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए खुशखबरी साझा करते हुए ट्रंप ने लिखा, 'हमने उसे बचा लिया है! मेरे अमेरिकी साथियों, पिछले कुछ घंटों में अमेरिकी सेना ने इतिहास के सबसे निडर बचाव ऑपरेशनों में से एक को अंजाम दिया और मुझे आपको यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि हमारा जवान अब पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ है।'
ईरान ने ग्रामीणों और कबीलों से मांगी थी मदद
विमान गिरने के बाद ईरानी अधिकारियों ने भी पायलटों को पकड़ने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। ईरान की 'फार्स' समाचार एजेंसी के अनुसार, मलबे के टुकड़े मिलने के बाद सेना ने तलाशी अभियान शुरू किया था। ईरानी प्रशासन ने कोहगिलुयेह और बोयर-अहमद प्रांत के ग्रामीणों और खानाबदोश कबीलों से अपील की थी कि वे अमेरिकी क्रू मेंबर्स को ढूंढने में मदद करें।
अमेरिकी सरकार के सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, यह रेस्क्यू ऑपरेशन किसी फिल्म की पटकथा जैसा था। लापता पायलट को कोहगिलुयेह काउंटी के देहदश्त शहर के पास लोकेट किया गया था। रेस्क्यू के दौरान इस इलाके में भारी हवाई हमले भी किए गए। 'एक्सियोस' के अनुसार, एक विशेष कमांडो यूनिट ने भारी हवाई कवर के बीच जमीन पर उतरकर पायलट को निकाला। मिशन के दौरान हुई गोलीबारी में कम से कम 4 लोगों की मौत और कई के घायल होने की खबर है। ताजा अपडेट के अनुसार, रेस्क्यू टीम पायलट को लेकर ईरान की सीमा से बाहर निकल चुकी है।
दुश्मन के इलाके में कैसे बचते हैं पायलट?
पश्चिमी लड़ाकू विमानों के पायलटों को विशेष 'सर्वाइवल ट्रेनिंग' दी जाती है, जो इस मामले में भी काम आई। पायलटों के पास एक विशेष वेस्ट होती है जिसमें रेडियो, GPS कोडेड बीकन, पानी, विटामिन बार, फर्स्ट-एड किट और एक पिस्तौल होती है। पायलट अपना स्टेटस बताने के लिए सीक्रेट कोड्स का उपयोग करते हैं ताकि केवल उनकी फ्रेंडली सेना ही उन्हें ढूंढ सके और वे दुश्मन की पकड़ में न आएं।