Iran War News: ईरान ने इजरायल पर की मिसाइलों की बौछार! तेहरान एयरपोर्ट बंद, तेल की कीमतों में लगी आग

US Israel Iran War News: अप्रैल की शुरुआत में सीजफायर लागू होने के बाद ईरान की ओर से इजरायल पर किया गया इस तरह का पहला हमला है। इस हमले के बाद युद्ध समाप्त करने के मकसद से समझौते के लिए मध्यस्थता के प्रयास और जटिल हो गए हैं। इस हमले के बाद तेल की कीमतें बढ़ गई हैं

अपडेटेड Jun 08, 2026 पर 7:31 AM
US Israel Iran War News: ईरान ने युद्धविराम के बाद इजरायल पर पहली बार मिसाइलें दागी है

US Israel Iran War News: ईरान ने सीजफायर के बाद पहली बार इजरायल पर बड़ा हमला किया है। इजरायल ने कहा है कि ईरानी सेना ने उस पर कई मिसाइलें दागी हैं। अप्रैल की शुरुआत में सीजफायर लागू होने के बाद ईरान की ओर से किया गया इस तरह का पहला हमला है। इस हमले के बाद युद्ध समाप्त करने के मकसद से समझौते के लिए मध्यस्थता के प्रयास और जटिल हो गए हैं। तेहरान ने रविवार को इजरायल द्वारा बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर हमला किए जाने के बाद जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी थी।

इजरायल ने कहा कि यह हमला ईरान समर्थित हिजबुल्लाह द्वारा दिन में उत्तरी इजरायली इलाके में गोलीबारी किए जाने के जवाब में किया गया। बेरूत पर इजरायल का हमला लेबनान और इजरायली सरकारों के बीच अमेरिका की मेजबानी में हुई बातचीत में सीजफायर पर सहमति बनने के कुछ दिन बाद हुआ। हालांकि, हिजबुल्लाह ने इस समझौते को खारिज कर दिया था।

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि उसकी एक आवासीय इमारत पर किए गए हमले में दो लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। ईरानी सेना ने इजरायल को चेतावनी दी है कि अगर लेबनान पर हमले बढ़े तो और भीषण हमले होंगे।


तेल की कीमतें बढ़ीं

अप्रैल में हुए सीजफायर समझौते के बाद पहली बार ईरान द्वारा इजरायल पर मिसाइलें दागने के बाद सोमवार सुबह एशिया में तेल की कीमतें बढ़ गईं। ग्लोबल बेंचमार्क ब्रेंट की कीमत 2.6% बढ़कर $95.50 (£71.60) प्रति बैरल हो गई है। जबकि अमेरिका में ट्रेड होने वाले कच्चे तेल की कीमत 2.5% बढ़कर $92.75 हो गई। अप्रैल में सीजफायर लागू होने के बाद से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव देखा गया है। पिछले सप्ताह तेल की कीमतें $95 के आसपास रहीं।

तेहरान एयरपोर्ट बंद

लोकल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजरायल पर मिसाइल हमले करने के बाद ईरान ने तेहरान एयरपोर्ट को बंद कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने इमाम खुमैनी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आने वाली सभी उड़ानों को अगले आदेश तक रोक दिया है। इमाम खुमैनी इंटरनेशनल एयरपोर्ट तेहरान के दो एयरपोर्ट में से एक है और मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष की वजह से हफ्तों तक बंद रहने के बाद इसे हाल ही में अप्रैल में फिर से खोला गया था।

ट्रंप ने इजरायल को चेताया

ईरान के मिसाइल हमले के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कई अमेरिकी और अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थानों से बात की है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बातचीत से पहले ट्रंप ने अमेरिकी मीडिया संस्थान 'एक्सियोस' (Axios) को बताया कि वह इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू से ईरान के हमले का जवाब न देने के लिए कहेंगे। 'टाइम्स ऑफ इजरायल' के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति ने इजरायल के 'चैनल 12' न्यूज को भी यही बात दोहराई और कहा कि वह आज रात कोई और हमला नहीं देखना चाहते।

ये भी पढ़ें- ट्रंप के इस ऑफर पर भड़का ईरान! 'पहले 24 अरब डॉलर दो, फिर सोचना', मोजतबा-ट्रंप मुलाकात पर लगा 'फुल स्टॉप'

ट्रंप ने कहा, "ईरान के हमलों से किसी को चोट नहीं पहुंची। दोनों ने अपना-अपना काम कर लिया। इजरायल ने हमला किया और ईरान ने भी हमला किया। अब हमें किसी और हमले की जरूरत नहीं है।" उन्होंने आगे कहा कि वह अभी नेतन्याहू को फोन करेंगे और उनसे जवाबी कार्रवाई न करने के लिए कहेंगे। हमने पहले 'फाइनेंशियल टाइम्स' से उन्होंने कहा था कि नेतन्याहू के पास ईरान के साथ समझौता स्वीकार करने के अलावा कोई विकल्प नहीं होगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।