ईरान ने ठुकराया अमेरिकी सीजफायर प्रस्ताव, शांति के लिए रखा '10-सूत्रीय प्लान'; आज खत्म हो रही है ट्रंप की डेडलाइन

Iran 10-Point Plan: ईरानी विदेश मंत्रालय ने अमेरिका के 15-सूत्रीय प्रस्ताव को खारिज करते हुए कहा कि वह तेहरान पर बहुत अधिक बोझ डालने वाला है। ईरान ने यह भी अंदेशा जताया कि हाल ही में मध्य ईरान के इस्फहान में हुआ 'पायलट रेस्क्यू' ऑपरेशन दरअसल ईरान के संवर्धित यूरेनियम को जब्त करने की एक गुप्त साजिश हो सकती है

अपडेटेड Apr 07, 2026 पर 8:30 AM
ईरान ने स्पष्ट किया है कि वह केवल तभी पीछे हटेगा जब उसकी ये शर्तें मानी जाएंगी

Iran Rejects US Ceasefire Plan: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव अब और चरम पर पहुंच गया है। ईरान ने अमेरिका समर्थित युद्धविराम के प्रस्ताव को 'अत्यधिक डिमांड वाला और अवास्तविक' बताते हुए खारिज कर दिया है। इसके जवाब में तेहरान ने अपना खुद का 10-सूत्रीय शांति प्रस्ताव पेश किया है। ईरानी समाचार एजेंसी (IRNA) के अनुसार, यह प्रस्ताव सोमवार को पाकिस्तान के माध्यम से वाशिंगटन तक पहुंचाया गया था। वहीं दूसरी ओर, ट्रंप ने ईरान को विनाशकारी हमले की सीधी चेतावनी दी हुई है जिसकी डेडलाइन आज खत्म होगी।

ईरानी विदेश मंत्रालय ने अमेरिका के 15-सूत्रीय प्रस्ताव को खारिज करते हुए कहा कि वह तेहरान पर बहुत अधिक बोझ डालने वाला है। ईरान ने यह भी अंदेशा जताया कि हाल ही में मध्य ईरान के इस्फहान में हुआ 'पायलट रेस्क्यू' ऑपरेशन दरअसल ईरान के संवर्धित यूरेनियम को जब्त करने की एक गुप्त साजिश हो सकती है।

ईरान का 10-सूत्रीय शांति प्रस्ताव


ईरान ने स्पष्ट किया है कि वह केवल तभी पीछे हटेगा जब उसकी ये 10 शर्तें मानी जाएंगी:

  • सुरक्षा की गारंटी: भविष्य में ईरान पर दोबारा हमला न करने का लिखित भरोसा।
  • स्थायी शांति: केवल अस्थायी युद्धविराम नहीं, बल्कि युद्ध का पूरी तरह अंत।
  • लेबनान में शांति: लेबनान पर हो रहे इजरायली हमलों पर तुरंत रोक।
  • प्रतिबंधों की समाप्ति: ईरान पर लगे सभी अमेरिकी प्रतिबंधों को हटाना।
  • सहयोगियों की सुरक्षा: ईरानी सहयोगियों के खिलाफ क्षेत्रीय लड़ाई का अंत।
  • होर्मुज जलडमरूमध्य खोलना: इन शर्तों के बदले ईरान होर्मुज की जलसीमा को व्यापार के लिए खोल देगा।
  • होर्मुज फीस: प्रत्येक जहाज से 20 लाख डॉलर की 'होर्मुज फीस' ली जाएगी।
  • ओमान के साथ साझेदारी: इस फीस का हिस्सा ओमान के साथ साझा किया जाएगा।
  • सुरक्षित मार्ग के नियम: सुरक्षित आवाजाही के लिए ईरान अपने नियम लागू करेगा।
  • पुनर्निर्माण फंड: इस फीस का उपयोग युद्ध में हुए नुकसान की भरपाई के बजाय प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण के लिए होगा।

ट्रंप ने दिया हुआ है 'अल्टीमेटम'

ईरान के इस रुख के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर बेहद आक्रामक पोस्ट लिखी है। उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य न खोलने पर ईरान के बुनियादी ढांचे को तबाह करने की धमकी दी है। उन्होंने लिखा, 'मंगलवार को ईरान में 'पावर प्लांट डे' और 'ब्रिज डे' मनाया जाएगा। यह सब एक साथ होगा और ऐसा पहले कभी नहीं देखा गया होगा!!!' ट्रंप ने इसके लिए मंगलवार रात 8:00 बजे (ईस्टर्न टाइम) की डेडलाइन तय किया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।