Get App

Iran-Israel Ceasefire: तीसरा विश्व युद्ध टला! ईरान-इजरायल के बीच हुआ सीजफायर, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का दावा

Iran-Israel Ceasefire: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान और इजरायल पूर्ण युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं। यह आने वाले कुछ घंटों में लागू हो जाएगा। हालांकि, ईरान के विदेश मंत्री सईद अब्बास अराघची ने कहा है कि फिलहाल इजरायल या अमेरिका के साथ सीजफायर या सैन्य अभियानों की समाप्ति पर कोई समझौता नहीं हुआ है

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Jun 24, 2025 पर 8:08 AM
Iran-Israel Ceasefire: तीसरा विश्व युद्ध टला! ईरान-इजरायल के बीच हुआ सीजफायर, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का दावा
Iran-Israel Ceasefire: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि इजरायल-ईरान के बीच युद्धविराम पर सहमति बन गई है

Iran-Israel Ceasefire: ईरान और इजरायल के बीच आखिरकार सीजफायर हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीजफायर कराने का दावा किया है। ट्रंप ने घोषणा की है कि इजरायल और ईरान के बीच सीजफायर पर सहमति बन गई है। उन्होंने दावा किया कि दोनों ही देश मध्यपूर्व में शांति बहाल करने को तैयार हो गए हैं। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच 12 दिन से चल रहा युद्ध रुक गया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल पर किए गए पोस्ट में कहा कि इजरायल और ईरान में इस बात पर पूरी तरह से सहमति बन गई है कि पूर्ण और संपूर्ण सीजफायर होगा।

इस बीच, ईरानी विदेश मंत्री सईद अब्बास अराघची ने इजरायल के साथ सीजफायर के दावों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि इजरायल के साथ अभी कोई अंतिम सीजफायर समझौता नहीं हुआ है। हालांकि विदेश मंत्री ने कहा कि अगर इजरायल, ईरानियों पर अपने गैरकानूनी हमले रोक देता है, तो ईरान जवाबी कार्रवाई नहीं करेगा। एक दिन पहले सोमवार रात ईरान ने कतर में अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर हमला किया था।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पोस्ट किया, "सभी को बधाई! इजरायल और ईरान के बीच पूरी तरह से सहमति बन गई है कि 12 घंटों के लिए पूर्ण और संपूर्ण युद्ध विराम होगा। (अब से लगभग 6 घंटों में जब इजरायल और ईरान अपने चल रहे अंतिम मिशनों को समाप्त कर लेंगे!), जिस बिंदु पर युद्ध को समाप्त माना जाएगा! आधिकारिक तौर पर ईरान युद्ध विराम शुरू करेगा और 12वें घंटे में इजरायल युद्ध विराम शुरू करेगा। फिर 24वें घंटे में 12 दिवसीय युद्ध के आधिकारिक अंत को दुनिया द्वारा सलामी दी जाएगी। प्रत्येक युद्ध विराम के दौरान दूसरा पक्ष शांतिपूर्ण और सम्मानजनक बना रहेगा।"

ट्रंप ने आगे कहा, "इस धारणा पर कि सब कुछ वैसा ही काम करता है जैसा कि होना चाहिए, जो कि होगा, मैं दोनों देशों इजरायल और ईरान को सहनशक्ति, साहस और बुद्धिमत्ता रखने के लिए बधाई देना चाहता हूं। यह एक ऐसा युद्ध है जो सालों तक चल सकता था। पूरे मध्य पूर्व को नष्ट कर सकता था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और न ही कभी होगा! भगवान इजरायल को आशीर्वाद दें। भगवान ईरान को आशीर्वाद दें। भगवान मध्य पूर्व को आशीर्वाद दें। भगवान संयुक्त राज्य अमेरिका को आशीर्वाद दें। भगवान पूरी दुनिया को आशीर्वाद दें!"

सब समाचार

+ और भी पढ़ें