Iran-Israel War: ईरान-इजरायल के बीच चल रही जंग का आज 9वां दिन है। दोनों देशों के बीच 13 जून से शुरू हुई ये लड़ाई काफी खतरनाक मोड़ पर पहुंचती नजर आ रही है। ईरान-इजरायल के बीच चल रही जंग अब तक 400 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। वहीं इस जंग के बीच यमन के हूती विद्रोहियों ने बड़ा ऐलान किया है। हूती विद्रोहियों ने शनिवार को चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका, ईरान पर हमले में इज़रायल का साथ देता है, तो वे रेड सी (लाल सागर) में अमेरिकी जहाजों को निशाना बनाएंगे।
हूती विद्रोहियों का बड़ा ऐलान
गौरतलब है कि अमेरिका और हूती विद्रोहियों के बीच मई में एक युद्धविराम समझौता हुआ था, जिसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला न करने पर सहमति जताई थी। हालांकि अब, ईरान से जुड़े पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के बीच हूती विद्रोहियों ने उस समझौते को चुनौती दी है और जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है। हूती विद्रोहियों के सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने शनिवार को एक वीडियो बयान में कहा, “अगर अमेरिका ईरान के खिलाफ हमलों में इजरायली दुश्मन का साथ देता है, तो हमारे सशस्त्र बल लाल सागर में उसके जहाजों और युद्धपोतों को निशाना बनाएंगे।”
इससे पहले भी हूती विद्रोहियों ने इजरायल से जुड़े जहाजों पर हमला किया था, जब इजरायली सेना ने गाजा में हमास के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किया था। यह कार्रवाई 7 अक्टूबर 2023 को हमास द्वारा इजरायल पर हमले के बाद शुरू हुई थी।
ईरान और इजरायल के बीच संघर्ष काफी भीषण हो गया है। इसी बीच इजरायल ने दावा किया है कि उसने ईरान के परमाणु संयंत्र पर हमला किया है। इजरायल और ईरान के बीच तनाव के बीच इजरायली रक्षा बलों (IDF) ने शुक्रवार रात को एक बड़ा सैन्य हमला करते हुए ईरान के इस्फहान स्थित न्यूक्लियर साइट को निशाना बनाया। इसके साथ ही IDF ने ईरान के मिसाइल कार्यक्रम से जुड़े ठिकानों पर भी हमले किए। यह कार्रवाई ईरान की ओर से इजरायल पर रातभर हुए ड्रोन और मिसाइल हमलों के जवाब में की गई है।