Iran Mining Strait of Hormuz: दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्ग, होर्मुज जलडमरूमध्य से एक बेहद डरावनी खबर आ रही है। अमेरिकी खुफिया रिपोर्टों के अनुसार, ईरान ने इस संकरे समुद्री रास्ते में नेवल माइंस यानी समुद्री सुरंगें बिछाना शुरू कर दिया है। यह वही रास्ता है जहां से दुनिया के कुल कच्चे तेल की सप्लाई का लगभग पांचवां हिस्सा गुजरता है।
क्या होती हैं नेवल माइंस?
नेवल माइन पानी के नीचे छिपा एक विस्फोटक उपकरण है जो जहाजों या पनडुब्बियों के टकराते ही फट जाता है।
बॉटम माइंस: ये समुद्र की सतह पर बैठती हैं और शक्तिशाली शॉकवेव्स से जहाजों को तबाह करती हैं।
मूअर्ड माइंस: ये एक केबल के जरिए समुद्र के तल से जुड़ी होती हैं और पानी में एक निश्चित गहराई पर तैरती रहती हैं।
ड्रिफ्टिंग माइंस: ये पानी की लहरों के साथ बहती रहती हैं, जो इन्हें सबसे ज्यादा अनिश्चित और खतरनाक बनाता है।
स्मार्ट माइंस: ये सीधे संपर्क के बिना ही जहाज की चुंबकीय शक्ति या आवाज को पहचानकर फट जाती हैं।
कितनी माइंस बिछा सकता है तेहरान?
विशेषज्ञों के अनुसार, अभी माइंस बिछाने का काम बहुत बड़े स्तर पर नहीं हुआ है, लेकिन ईरान की क्षमता डराने वाली है। ईरान के पास अभी भी अपनी छोटी नावों और माइंस बिछाने वाले जहाजों का 80% से 90% हिस्सा सुरक्षित है। 'सेंटर फॉर इंटरनेशनल मैरीटाइम सिक्योरिटी' के अनुसार, ईरान के पास 2,000 से 5,000 नेवल माइंस का भंडार है। ईरान की मोजतबा खामेनेई सरकार की सेना (IRGC) समुद्र में छोटी नावों, विस्फोटक से लदी नौकाओं और किनारे पर स्थित मिसाइल बैटरियों का एक जाल खड़ा कर सकती है।
होर्मुज में तेल की सप्लाई पर 'ब्रेक'
28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही लगभग ठप हो गई है। युद्ध से पहले यहां रोजाना 153 जहाज गुजरते थे। 1 मार्च के बाद से यह औसत गिरकर मात्र 13 जहाज प्रतिदिन रह गया है। तेल और गैस के टैंकरों में अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ होता है। एक माइन ब्लास्ट न केवल जान-माल का नुकसान करेगा, बल्कि समुद्र में तेल फैलने से भयानक पर्यावरणीय तबाही भी ला सकता है।
क्या है अंतरराष्ट्रीय कानून?
समुद्री सुरंगों का उपयोग 1907 के हेग कन्वेंशन और अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून (IHL) के दायरे में आता है। यदि ईरान बड़े पैमाने पर माइंस बिछाता है, तो यह न केवल वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए 'डेथ वारंट' होगा, बल्कि अमेरिका और उसके सहयोगियों के साथ एक बड़े सैन्य टकराव को भी न्योता देगा।
'तुरंत हटाओ या अंजाम भुगतो'
इन रिपोर्टों पर प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर ईरान को कड़ा संदेश दिया है। ट्रंप ने कहा, 'अगर ईरान ने होर्मुज में कोई भी माइंस बिछाई हैं, तो उन्हें तुरंत हटाया जाना चाहिए।' उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन सुरंगों को नहीं हटाया गया, तो ईरान को ऐसे परिणाम भुगतने होंगे 'जो दुनिया ने पहले कभी नहीं देखे होंगे।'