Mojtaba Khamenei: ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी युद्ध के बीच एक बड़ा खुलासा हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान के मारे गए सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई खुद अपने बेटे मोजतबा खामेनेई को अपना उत्तराधिकारी बनाने के पक्ष में नहीं थे। 'न्यूयॉर्क पोस्ट' की एक रिपोर्ट के अनुसार, खामेनेई ने अपनी वसीयत में स्पष्ट रूप से मोजतबा को इस पद से दूर रखने की बात कही थी।
खामेनेई की वसीयत और मोजतबा का विरोध
ईरान के विपक्षी समूह 'नेशनल यूनियन फॉर डेमोक्रेसी' के रिसर्च डायरेक्टर खुसरो इसफहानी ने ईरानी खुफिया नेटवर्क के हवाले से बड़े दावे किए हैं। खामेनेई ने अपनी वसीयत में साफ लिखा था कि मोजतबा को उत्तराधिकारी न बनाया जाए। उनका मानना था कि उनके बेटे के पास ईरान जैसे देश को चलाने के लिए आवश्यक अनुभव और क्षमता नहीं है। विशेषज्ञों का कहना है कि मोजतबा एक 'महत्वाकांक्षी लेकिन अनुभवहीन' क्लर्क हैं, जिन्होंने अपने पिता के नाम के अलावा राजनीति में कोई बड़ी उपलब्धि हासिल नहीं की है।
IRGC का दबाव पर हुई 'अवैध' नियुक्ति
ईरान में सर्वोच्च नेता चुनने का काम 'असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स' का होता है, लेकिन मोजतबा की नियुक्ति सामान्य प्रक्रिया से नहीं हुई। दावा किया गया है कि असेंबली में हुई वोटिंग के दौरान मोजतबा को बहुमत नहीं मिला था। कई मौलवियों ने उनके नाम का कड़ा विरोध किया था। जब असेंबली किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पा रही थी, तब शक्तिशाली IRGC ने दखल दिया। बताया जा रहा है कि IRGC के भारी दबाव और धमकियों के आगे झुकते हुए असेंबली को मोजतबा के नाम पर मुहर लगानी पड़ी। विरोध स्वरूप कई मौलवियों ने उस बैठक का बहिष्कार भी किया था।
डोनाल्ड ट्रंप की नाराजगी, बोलें- 'यह स्वीकार्य नहीं'
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मोजतबा की नियुक्ति को पूरी तरह खारिज कर दिया है। ट्रंप ने कहा कि 'मोजतबा शांति से नहीं रह पाएगा।' ट्रंप के अनुसार, अगर ईरान खामेनेई की नीतियों पर चलने वाला नेता चुनता है, तो अमेरिका को 5 साल बाद फिर से युद्ध के मैदान में उतरना होगा। ट्रंप ने कड़े लहजे में कहा कि तेहरान को उनकी सहमति के बिना किसी नेता की नियुक्ति नहीं करनी चाहिए थी। उन्होंने मोजतबा को एक 'लाइटवेट' नेता बताया।
मोजतबा खामेनेई: पर्दे के पीछे से सत्ता तक
अमेरिकी और इजरायली हमलों में न केवल अली खामेनेई मारे गए, बल्कि मोजतबा के परिवार को भी भारी नुकसान हुआ है। हमलों में मोजतबा की मां, पत्नी और बेटा भी मारे गए हैं। ईरानी मीडिया के अनुसार, मोजतबा खुद भी धमाकों में घायल हुए हैं, हालांकि उनकी चोटें कितनी गंभीर हैं, यह अभी साफ नहीं है। 56 वर्षीय मोजतबा खामेनेई कभी किसी सरकारी पद पर नहीं रहे, लेकिन उन्हें अपने पिता के 'इनर सर्कल' का सबसे ताकतवर हिस्सा माना जाता था। वे सालों से पर्दे के पीछे से सत्ता की डोर संभाल रहे थे।