Iran-US War: अमेरिकी बमबारी से ईरान में भारी तबाही! अब तक 3375 लोगों की मौत, हजारों घायल

Iran-US War: ईरान ने सोमवार (20 अप्रैल) को बताया कि इजरायल और अमेरिका के साथ युद्ध में उसके अब तक कम से कम 3,375 लोगों की मौत हो चुकी है। यह आंकड़ा ईरान के फोरेंसिक मेडिसिन संगठन के प्रमुख अब्बास मस्जेदी की ओर से सोमवार को जारी किया गया

अपडेटेड Apr 20, 2026 पर 2:08 PM
Story continues below Advertisement
Iran-US War: ईरान ने कहा कि मारे गए लोगों में से केवल चार की पहचान नहीं हो पाई है

Iran-US War: अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध में अब तक 3375 लोगों की जान जा चुकी है। ईरान ने सोमवार (20 अप्रैल) को बताया कि इजरायल और अमेरिका के साथ युद्ध में उसके अब तक कम से कम 3,375 लोगों की मौत हो चुकी है। यह आंकड़ा ईरान के फोरेंसिक मेडिसिन संगठन के प्रमुख अब्बास मस्जेदी की ओर से सोमवार को जारी किया गया। न्यूज एजेंसी 'मिजान' समेत अन्य माध्यमों ने सोमवार को मस्जेदी के हवाले से बताया कि मारे गए लोगों में से केवल चार की पहचान नहीं हो पाई है।

उन्होंने यह ब्योरा नहीं दिया कि हताहतों में कितने आम नागरिक हैं और कितने सुरक्षा बल के जवान हैं। केवल इतना बताया कि मारे गए लोगों में 2,875 पुरुष और 496 महिलाएं शामिल हैं। मस्जेदी ने कहा कि मृतकों में 18 वर्ष या उससे कम आयु के 383 बच्चे भी हैं।

हालांकि, ईरान के इन आंकड़ों से ये सवाल उठ रहे हैं कि इसमें सुरक्षा बलों के सदस्य शामिल हैं या नहीं? खासकर तब जब देश में सैन्य ठिकानों और हथियार भंडारों पर हमले तेज होने की खबरें सामने आई हैं। अमेरिका-इजरायल ने ईरान पर 28 फरवरी को हमला किया था।


पाकिस्तान में आज होगी दूसरे दौर की वार्ता

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि अमेरिकी वार्ताकार सोमवार को ईरान के साथ दूसरे दौर की बातचीत के लिए पाकिस्तान पहुंचेंगे। ट्रंप ने धमकी दी है कि अगर ईरान अमेरिका द्वारा प्रस्तावित समझौते को स्वीकार नहीं करता है, तो वह ईरान में सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर को नष्ट कर देंगे। ट्रंप की यह घोषणा अमेरिका और ईरान के बीच 11 और 12 अप्रैल को इस्लामाबाद में हुई प्रत्यक्ष वार्ता के एक सप्ताह बाद आई है, जिसका उद्देश्य संघर्ष को समाप्त करना था। लेकिन इस वार्ता में कोई समझौता नहीं हो सका।

ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट में कहा, "मेरे प्रतिनिधि कल शाम को वार्ता के लिए इस्लामाबाद जा रहे हैं।" अमेरिकी राष्ट्रपति ने 'फॉक्स न्यूज' से कहा, "जेरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ पश्चिम एशिया की ओर रवाना हो रहे हैं। उनकी बैठक मंगलवार सुबह शुरू होगी। यह एक बहुत ही सरल समझौता है। वे इसके अधिकांश बिंदुओं पर सहमत हो गए हैं।"

अमेरिका और ईरान के बीच आठ अप्रैल को हुए दो सप्ताह के संघर्षविराम समझौते की अवधि 22 अप्रैल को समाप्त होगी। होर्मुज जलडमरूमध्य वार्ता के पहले दौर के दौरान प्रमुख विवादों में से एक था। शनिवार को इसे लेकर जारी गतिरोध तब और बढ़ गया, जब ईरान ने संकरे जलमार्ग को पार करने की कोशिश कर रहे जहाजों पर गोलीबारी की। जबकि अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी जारी रखी।

रविवार को ट्रंप ने कहा, "ईरान की 'किलिंग मशीन' का अंत करने का समय आ गया है।" ट्रंप ने धमकी दी कि अगर ईरान अमेरिका द्वारा प्रस्तावित समझौते को स्वीकार नहीं करता है, तो वह ईरान के नागरिक ढांचे को नष्ट कर देंगे।

ये भी पढ़ें- Iran-US War: ईरान से अब आर-पार के मूड में ट्रंप, अमेरिकी नेवी ने होर्मुज से बारूदी सुरंगें हटाने के लिए भेजे रोबोट

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "हम एक बहुत ही उचित और तर्कसंगत प्रस्ताव दे रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि वे इसे स्वीकार करेंगे। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं, तो अमेरिका ईरान के हर एक बिजली प्लांट और हर पुल को ध्वस्त कर देगा।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।