Iran Strikes Little India: इजरायल के दक्षिणी डिमोना शहर और पास के अराद पर ईरान के एक मिसाइल हमले में शनिवार (22 मार्च) रात को कम से कम 100 लोग घायल हो गए। डिमोना शहर अपने न्यूक्लियर फैसिलिटी के गुंबदनुमा ढांचे के लिए प्रसिद्ध है। इसे 'लिटिल इंडिया' के नाम से भी जाना जाता है। मैगन डेविड एडोम (MDA) बचाव सेवाओं और स्थानीय निवासियों ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि घायलों में 12 वर्षीय एक लड़का भी शामिल है, जो छर्रे लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हमला ईरान पर अमेरिका-इज़रायल युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक के सबसे बड़े हमलों में से एक है।
अधिकारियों ने बताया कि 30 वर्ष की आयु के आसपास की एक महिला कांच के टुकड़े लगने से घायल हो गई है। जबकि 31 अन्य लोग छर्रों से हल्की चोट लगने या शेल्टर होम की ओर भागते समय गिरने से घायल हो गए। इसके अलावा 14 लोगों का बेर्शेबा के सोरोका अस्पताल में बेचैनी के लिए इलाज किया गया। एक स्थानीय निवासी ने बताया, "मिसाइल एक सामुदायिक भवन पर गिरी और उसके प्रभाव से आसपास के पुराने मकान ढह गए। अधिकांश लोग शेल्टर होम में थे। इसलिए उन्हें ज्यादा चोट नहीं आई, सिवाय उस लड़के के जो बाहर रह गया था।"
इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने बताया कि वह इस बात की जांच कर रहा है कि ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल को रोका क्यों नहीं जा सका। सेना के अनुसार, एयर डिफेंस सिस्टम ने मिसाइल को रोकने की कोशिश की। लेकिन इंटरसेप्टर उसे मार गिराने में सफल नहीं हो सके। उसने कहा, "इस घटना की जांच की जाएगी।"
संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने हमले के बाद अधिकतम सैन्य संयम बरतने की अपील की। ईरान ने कहा कि उसने डिमोना को नतांज परमाणु केंद्र पर पहले हुए हमले के जवाब में निशाना बनाया। हालांकि, आईडीएफ ने इस बात से इनकार किया कि उसने उसी दिन पहले नतांज पर हमला किया था।
डिमोना को क्यों कहा जाता है 'लिटिल इंडिया'?
डिमोना में बड़ी भारतीय-यहूदी आबादी रहती है। इनमें अधिकांश महाराष्ट्र से हैं। भारत से उनके खास मजबूत संबंध हैं। इसी कारण इस शहर को 'लिटिल इंडिया' कहा जाता है। शहर में भारतीय दुकानों की भरमार है और हर जगह मराठी भाषा सुनाई देती है। भारतीय मूल के करीब 7,500 लोग यहां रहते हैं, जो शहर की आबादी का लगभग 30 प्रतिशत हैं।
यहां क्रिकेट काफी लोकप्रिय है। युवा पीढ़ी ‘सोनपापड़ी’, ‘गुलाब जामुन’, ‘पापड़ी चाट’ और ‘भेलपुरी’ जैसे भारतीय व्यंजनों से अच्छी तरह परिचित है जो कई दुकानों पर उपलब्ध हैं। ईरान के इस हमले ने न केवल इजरायल की सुरक्षा व्यवस्था और एयर डिफेंस सिस्टम पर सवाल खड़े किए हैं। बल्कि भारत से जुड़े इस खास समुदाय को भी गहरे झटके दिए हैं।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर ईरान 48 घंटे के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह नहीं खोलता है तो अमेरिका उसके पावर प्लांट को नेस्तनाबूद कर देगा। ट्रंप ने यह चेतावनी फ्लोरिडा में वीकेंड बिताने के दौरान सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए दी।
उन्होंने कहा कि ईरान को इस अहम जलमार्ग को खोलने के लिए ठीक 48 घंटे का समय दिया जा रहा है, अन्यथा उसे नए हमलों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका विभिन्न पावर प्लांट को नष्ट कर देगा। इसकी शुरुआत सबसे बड़े प्लांट से होगी। तेल की कीमतों में तेजी के बीच ट्रंप पर इस जलडमरूमध्य को सुरक्षित कराने का दबाव बढ़ता जा रहा है।