ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच ईरान के केशम द्वीप पर मंगलवार को जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। ईरान के सरकारी मीडिया के मुताबिक, होर्मुज स्ट्रेट के पास स्थित केशम द्वीप पर कम से कम पांच धमाके हुए। इसके अलावा पास के बंदर लेंगेह शहर में भी विस्फोट होने की खबर सामने आई है। ये घटना ऐसे समय हुई है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ समझौता होने की संभावना जताई थी। इन धमाकों के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका है। वहीं, अभी तक इन धमाकों की वजह का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है।
केशम द्वीप पर हुए पांच धमाकें
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, केशम द्वीप पर पांच धमाकों की आवाजें सुनी गईं। इस दौरान स्थानीय लोगों ने आसमान में दो विमान उड़ते हुए भी देखे। वहीं, अभी तक ईरानी अधिकारियों ने ये साफ नहीं किया है कि ये धमाके किस वजह से हुए और इनके पीछे क्या कारण था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, केशम द्वीप पर किसी एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाया गया हो सकता है, लेकिन अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। साथ ही, इस हमले में अमेरिका या इजरायल की भूमिका होने का भी कोई पुख्ता सबूत सामने नहीं आया है।
ईरान ने 4 अमेरिकी ड्रोन गिराने का किया दावा
ये घटना ऐसे समय हुई है, जब ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया कि उसने आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक तकनीक का इस्तेमाल कर केशम द्वीप के दक्षिणी इलाके में दो अमेरिकी MQM-170 निगरानी ड्रोन को मार गिराया है। IRGC के मुताबिक, इस ताजा घटना के बाद ईरान अब तक कुल चार अमेरिकी ड्रोन को मार गिराने का दावा कर चुका है। इससे पहले भी ईरान ने कहा था कि उसने होर्मुज स्ट्रेट के पूर्वी इलाके में अपने आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम की मदद से एक अमेरिकी MQ-9 ड्रोन को निशाना बनाकर गिरा दिया था।
जल्द होगा दोनों देशों में समझौता
धमाके ऐसे समय हुए जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान के साथ समझौता होने की उम्मीद जताई है। ट्रंप के मुताबिक, ईरान अब युद्ध खत्म करना चाहता है और जल्द से जल्द अमेरिका के साथ समझौता करने के लिए तैयार है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि, "ईरान के साथ युद्ध नहीं होने की उम्मीद के चलते कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से गिरावट आई है और इसकी कीमत करीब 10 डॉलर प्रति बैरल तक कम हुई है। ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान जल्द से जल्द समझौता करना चाहता है और दोनों देशों के बीच बातचीत सफल हो सकती है।"