Iran-US War Update: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ सीजफायर और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खुलने को लेकर बड़ा दावा किया है। डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार (2 जून) को कहा कि ईरान के साथ बातचीत तीव्र गति से जारी है। तेहरान द्वारा नए सिरे से हमले किए जाने से संघर्षविराम कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है। लेकिन इसी बीच ट्रंप ने 'ट्रूथ सोशल' पर एक पोस्ट में कहा, "ईरान के साथ बातचीत तीव्र गति से जारी है।" ईरान और अमेरिका के बीच नाममात्र का संघर्षविराम ऐसे जवाबी हमलों और पलटवारों से बार-बार परखा जा रहा है।
जबकि दोनों देशों के अधिकारी युद्ध को समाप्त करने के लिए बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि वे समझौता होने के कितने करीब है। ईरान पर हमले से इन वार्ताओं के पटरी से उतरने का खतरा भी है।
ट्रंप ने संकेत दिया कि ईरान के साथ सीजफायर को बढ़ाने और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने का समझौता अगले एक सप्ताह के भीतर हो सकता है। ABC News को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ शांति समझौता किसी सैन्य जीत से भी बेहतर हो सकता है।
अगले सप्ताह समाप्त हो जाएगा युद्ध?
इंटरव्यू के दौरान जब पूछा गया कि यह डील कब होगी, तो ट्रंप ने कहा, "मुझे लगता है कि आप अगले सप्ताह की बात कर रहे हैं।" ईरान ने इससे पहले लेबनान में इजरायल के लगातार हमलों की वजह से बातचीत रोक दी थी। हालांकि, ट्रंप ने मामले में दखल दिया और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और हिज्बुल्लाह के प्रतिनिधियों से बात की।
इसके बाद उन्होंने ऐलान किया कि इजरायल और हिज्बुल्लाह एक-दूसरे पर हमला नहीं करेंगे। ट्रंप ने कहा, "आज थोड़ी सी दिक्कत आई थी। लेकिन मैंने उसे बहुत जल्दी ठीक कर दिया, जैसा कि शायद आपने पहले देखा होगा। मैंने हिज्बुल्लाह से बात की और कहा कि गोलीबारी नहीं होगी। मैंने बीबी (नेतन्याहू) से बात की और कहा कि गोलीबारी नहीं होगी। फिर इन दोनों ने एक-दूसरे पर गोली चलाना बंद कर दिया।"
'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा, "उन्होंने नेतन्याहू से बेरूत पर कोई बड़ा हमला न करने को कहा था। उन्होंने आगे कहा कि इज़रायल और हिज़्बुल्लाह गोलीबारी रोकने पर सहमत हो गए हैं और उम्मीद जताई कि यह हमेशा के लिए होगा।"
ईरान की पाकिस्तान से अपील
इस बीच, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने पाकिस्तान से क्षेत्रीय तनाव कम करने और मौजूदा युद्धविराम बनाए रखने के प्रयासों में अपनी भूमिका जारी रखने का अनुरोध किया है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर बताया कि उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इशाक डार से बातचीत में अराघची ने क्षेत्र की स्थिति पर चिंता जताई।
उन्होंने लेबनान में इजरायल द्वारा कथित युद्धविराम उल्लंघन और बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर संभावित हमले के इजरायल की सरकार के आदेश का उल्लेख किया। अराघची ने क्षेत्रीय कूटनीति में पाकिस्तान की रचनात्मक भूमिका की सराहना करते हुए उससे तनाव कम कराने के प्रयास जारी रखने की अपील की।
वहीं, डार ने कहा कि मौजूदा समझौतों को टूटने से बचाने के लिए सीजफायर का कायम रहना जरूरी है। बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई। यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब ईरान-अमेरिका और लेबनान से जुड़े संघर्षों के कारण क्षेत्रीय शांति प्रक्रिया दबाव में है।