Iran-US War Update: ईरान-अमेरिका जंग में रूस की होगी एंट्री? ईरानी विदेश मंत्री अराघची से आज पुतिन करेंगे मुलाकात

Iran-US War Update: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन सोमवार (27 अप्रैल) को ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मिलेंगे। अराघची आज रूस की यात्रा पर हैं। अमेरिका-ईरान युद्ध शुरू होने के बाद रूस और तेहरान के रिश्ते और भी करीबी हो गए हैं। अराघची बातचीत के लिए मॉस्को पहुंच गए हैं

अपडेटेड Apr 27, 2026 पर 10:01 AM
Story continues below Advertisement
Iran-US War Update: अमेरिका से युद्ध शुरू होने के बाद रूस और ईरान के रिश्ते मजबूत हो गए हैं (फाइल फोटो)

Iran-US War Update: रूस के सरकारी मीडिया ने बताया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन सोमवार (27 अप्रैल) को ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मिलने का प्लान बना रहे हैं। अराघची आज रूस की यात्रा पर हैं। अमेरिका-ईरान युद्ध शुरू होने के बाद रूस और तेहरान के रिश्ते और भी मजबूत हो गए हैं। मॉस्को की TASS न्यूज एजेंसी ने क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव के हवाले से रूसी लीडर के इस प्लान को कंफर्म कर दिया है। रूस के विदेश मंत्रालय ने बताया कि अराघची बातचीत के लिए मॉस्को पहुंच गए हैं।

मंत्रालय ने RIA नोवोस्ती न्यूज एजेंसी को बताया, "हम बातचीत करने के मकसद से अराघची के रूस आने को कन्फर्म करते हैं। लेकिन इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी।" ईरान की ISNA न्यूज एजेंसी ने रूस में तेहरान के एम्बेसडर काजम जलाली के हवाले से कहा कि अराघची पुतिन से मिलेंगे। इस दौरान अमेरिका से बातचीत, सीजफायर और आस-पास के डेवलपमेंट के लेटेस्ट स्टेटस पर रूसी अधिकारियों से सलाह लेंगे।

ईरानी विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि अराघची रविवार को ही इस्लामाबाद से रूस के लिए निकल चुके थे। अमेरिका के साथ वार्ता के दूसरे दौर को लेकर अनिश्चितता के बीच तीन दिन में दूसरी बार पाकिस्तान पहुंचे अब्बास अराघची ने रविवार को पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मुलाकात की।


पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, रक्षा बलों के प्रमुख फील्ड मार्शल मुनीर और अन्य शीर्ष अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद अराघची शनिवार को इस्लामाबाद से रवाना हुए थे। वह ओमान गए थे। वहां उन्होंने सुल्तान हैथम बिन तारिक अल-सैद के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षा और ईरान-अमेरिका संघर्ष को समाप्त करने के लिए राजनयिक प्रयासों पर बातचीत की।

'जियो न्यूज' ने सूत्रों के हवाले से बताया कि यात्रा के बाद अराघची रूस के मॉस्को के लिए रवाना हो गए। पाकिस्तान की ओर से इस बैठक को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया। बताया जा रहा है कि यह बैठक पाकिस्तान द्वारा अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता के दूसरे दौर की व्यवस्था करने के लिए जारी शांति प्रयासों पर केंद्रित है।

'जियो टीवी' ने ईरानी न्यूज एजेंसी 'ISNA' के हवाले से बताया कि अराघची युद्ध को पूरी तरह से समाप्त करने के लिए किसी भी समझौते के ढांचे पर ईरान के रुख और विचारों से अवगत कराएंगे। 11 और 12 अप्रैल को आयोजित शांति वार्ता का पहला दौर संघर्ष में शामिल पक्षों के लिए वांछित परिणाम लाने में विफल रहा।

ये भी पढे़ं- ' मैंने किसी का रेप नहीं किया...'; व्हाइट हाउस डिनर शूटर के मैनिफेस्टो में 'पीडोफाइल' के दावों पर भड़के ट्रंप

शनिवार को अराघची के ओमान रवाना होने के बाद, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि अमेरिकी वार्ताकार स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर अब ईरान के साथ वार्ता के लिए इस्लामाबाद नहीं जाएंगे। रविवार को ट्रंप ने दोहराया कि अमेरिकी और ईरानी अधिकारी संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए फोन पर बातचीत कर सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।