Dubai Luxury Hotel: ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी युद्ध ने दुबई के पर्यटन बाजार को बड़ा झटका दिया है। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और हवाई क्षेत्र में अनिश्चितता के कारण, दुबई के जो फाइव-स्टार होटल हमेशा बुक रहते थे, उनके किरायों में 50% तक की भारी कमी देखी जा रही है।
प्रीमियम होटलों के दाम हुए आधे
दुबई का सबसे पॉश इलाका 'पाम जुमेराह' (Palm Jumeirah) भी इस मंदी से अछूता नहीं है। यहां के प्रसिद्ध होटलों में भारी डिस्काउंट मिल रहा है:
Marriott Resort Palm Jumeirah: यहां का तीन रातों का किराया मात्र ₹37,756 के आसपास चल रहा है।
Hilton Dubai Palm Jumeirah: इस फाइव-स्टार प्रॉपर्टी में भी तीन रातों के लिए लगभग ₹44,494 का रेट है।
डाउनटाउन और अन्य इलाकों का हाल
बीचफ्रंट के अलावा शहर के अन्य बिजनेस हब वाले होटलों में भी कीमतों में बड़ी गिरावट आई है:
Taj Dubai (Business Bay): इसमें तीन रातों का स्टे महज ₹35,836+ टैक्स में मिल रहा है।
Pullman Dubai Jumeirah Lakes Towers: शेख जायद रोड के पास स्थित इस होटल का तीन रातों का किराया गिरकर ₹22,624 हो गया है।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह गिरावट इतनी अधिक है कि प्रीमियम होटलों में एक रात का ठहरना अब ₹7,500 से ₹22,000 के बीच पड़ रहा है, जो सामान्य दिनों में काफी ज्यादा होता था।
पर्यटन पर संकट की क्या है वजह?
दुबई हमेशा से खुद को इस क्षेत्र का सबसे सुरक्षित 'हब' बताता रहा है, लेकिन वर्तमान स्थितियों ने इस छवि को चुनौती दी है। 28 फरवरी से शुरू हुए युद्ध के बाद ईरान द्वारा खाड़ी देशों की ओर दागे गए मिसाइलों और मलबे के कारण यात्रियों में डर का माहौल है। हवाई क्षेत्र के बार-बार बंद होने और उड़ानों के रद्द होने से 'शॉर्ट-टर्म' बुकिंग्स लगभग थम गई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई बड़े होटलों में कमरों के ऑक्यूपेंसी रेट गिरकर 20% से भी कम रह गई है।
दुबई और यूएई प्रशासन लगातार सुरक्षा का भरोसा दिला रहे हैं, लेकिन युद्ध लंबा खिंचने के कारण पर्यटकों ने अब अन्य सुरक्षित ठिकानों का रुख करना शुरू कर दिया है। होटल उद्योग अब ग्राहकों को लुभाने के लिए 'Stay and Dine' जैसे ऑफर्स का सहारा ले रहा है, जहां रहने का किराया खाने-पीने और स्पा में एडजस्ट किया जा रहा है।