Iran War updates: जिसका डर था वही हुआ! अमेरिका-ईरान डील के तुरंत बाद इजरायल ने लेबनान पर किया हमला, फिर शुरू होगी जंग?

Iran War updates: ईरान ने चेतावनी दी है कि अमेरिका के साथ हुए अंतरिम समझौते का कोई भी उल्लंघन गंभीर प्रतिक्रिया को जन्म देगा। साथ ही, तेहरान की सेना ने दक्षिणी लेबनान में लगातार हो रहे हमलों को लेकर इजरायल के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की धमकी भी दी है

अपडेटेड Jun 17, 2026 पर 7:46 AM
Iran War updates: अमेरिका और ईरान के बीच समझौते हो गया है। होर्मुज जलडमरूमध्य शुक्रवार से खुल जाएगा

Iran War updates: अमेरिका-ईरान समझौते के बाद इजरायल ने दक्षिणी लेबनान में हमला कर दिया है। ईरान का दावा है कि इजरायल ने लेबनान में युद्धविराम का उल्लंघन किया है। तेहरान ने इजरायल पर जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है। ईरान ने चेतावनी दी है कि अमेरिका के साथ हुए अंतरिम समझौते का कोई भी उल्लंघन गंभीर प्रतिक्रिया को जन्म देगा। साथ ही, तेहरान की सेना ने दक्षिणी लेबनान में लगातार हो रहे हमलों को लेकर इजरायल के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की धमकी भी दी है। बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच एक समझौते हुआ है। इसके तहत होर्मुज जलडमरूमध्य शुक्रवार से खुल जाएगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक दिन पहले ही इजरायल को लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका नहीं होता तो इजरायल खत्म हो चुका होता। मंगलवार को फ्रांस के एवियन में कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने इजरायल, लेबनान और ईरान से जुड़े मुद्दों पर खुलकर बात की।

ट्रंप ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से लेबनान पर और हमले नहीं करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि लेबनान के मामले में इजरायल को अधिक जिम्मेदारी से काम करना चाहिए। लेबनान की स्थिति पर चिंता जताते हुए ट्रंप ने कहा कि यह देश कभी शिक्षकों, डॉक्टरों और वकीलों के लिए जाना जाता था। लेकिन अब हालात काफी खराब हो चुके हैं।


उन्होंने कहा कि इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच संघर्ष लंबे समय से चल रहा है। इसमें बड़ी संख्या में लोगों की जान जा रही है। ट्रंप ने कहा कि किसी एक व्यक्ति को निशाना बनाने के लिए पूरी बिल्डिंग गिरा देना सही नहीं है, क्योंकि उसमें कई निर्दोष लोग भी रहते हैं।

ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्होंने इजरायल को सुझाव दिया था कि हिजबुल्लाह से निपटने की जिम्मेदारी सीरिया को दी जा सकती है। अमेरिका और ईरान के बीच 107 दिन तक जारी रहे युद्ध को समाप्त करने एवं होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने पर सहमति बन गई है। दोनों देशों के बीच समझौते पर शुक्रवार को स्विट्जरलैंड में साइन किए जाएंगे।

नेतन्याहू ने क्या कहा?

इजरायल में अमेरिका और ईरान के बीच समझौते को लेकर बढ़ती नाराजगी के बीच प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने कदमों का बचाव करते हुए कहा कि तेहरान को समझौते के साथ या उसके बिना भी परमाणु हथियार नहीं मिलेंगे। नेतन्याहू ने कहा. "ईरान के पास कभी परमाणु हथियार नहीं होंगे, न आज और न कल।’" उन्होंने कहा, "लोग मुझसे पूछते हैं कि हमने क्या हासिल किया है? मेरा जवाब है कि हमने अपने ऊपर मंडरा रहे विनाश के तत्काल खतरे को टाल दिया है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हमने इजरायल राष्ट्र को पूर्ण विनाश के खतरे से बचाया है।"

प्रधानमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब उन्हें विपक्ष के साथ-साथ सत्तारूढ़ गठबंधन के सहयोगियों की भी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री और पीएम पद के प्रमुख दावेदार नफ्ताली बेनेट ने इससे पहले कहा कि नेतन्याहू सरकार का कार्यकाल गृहयुद्ध जैसी स्थिति से शुरू हुआ। फिर सात अक्टूबर के नरसंहार की घटनाओं के बीच आगे बढ़ा और अब ईरान के मुद्दे पर ऐतिहासिक विफलता के साथ समाप्त हो रहा है।

बेनेट ने इजरायल की सुरक्षा बहाल करने का वादा करते हुए कहा कि यदि वह सत्ता में होते तो वे कूटनीतिक स्तर सहित हर मामले में अलग तरीके से काम करते। उन्होंने कहा कि वह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपने संबंधों का इस्तेमाल केवल इजरायल के राष्ट्रीय हितों के लिए करते। राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन गवीर ने भी कहा कि प्रस्तावित समझौता इजरायल के लिए बाध्यकारी नहीं है।

ट्रंप-नेतन्याहू में मतभेद?

अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ मतभेद की अटकलों पर नेतन्याहू ने कहा, ‘‘ऐसे अवसर आते हैं जब राष्ट्रपति ट्रंप और मेरे विचार पूरी तरह एक जैसे नहीं होते। इजरायल के सुरक्षा हितों की समझदारी से रक्षा की जानी चाहिए।’’ उन्होंने दक्षिणी लेबनान से सेना हटाने की संभावना को भी खारिज कर दिया। कई विश्लेषकों का मानना है कि यह मुद्दा प्रस्तावित समझौते में बाधा बन सकता है, जिसमें सभी प्रकार की शत्रुतापूर्ण गतिविधियां समाप्त करने का प्रावधान है।

ये भी पढ़ें- US Iran Deal: आखिर हो गई ईरान और अमेरिका की डील? ट्रंप बोले- शुक्रवार तक खुल जाएगा होर्मुज

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।