'हम ट्रंप को मार डालेंगे...', तेहरान के चौराहे पर ताबूत में दिखे डोनाल्ड ट्रंप! ईरान का अमेरिका को खौफनाक चैलेंज

Iran Billboards We Will Kill Trump: इस बिल बोर्ड पर अंग्रेजी और फारसी दोनों भाषाओं में सीधे शब्दों में लिखा है- 'We Will Kill Trump' यानी हम ट्रंप को मार डालेंगे। इस बेहद उकसावे वाले कदम के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भड़क गए हैं और उन्होंने ईरान को सीधे तौर पर राख में मिला देने की धमकी दी है

अपडेटेड Jul 16, 2026 पर 3:53 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
इस पर ट्रंप भड़क गए हैं और उन्होंने ईरान को सीधे तौर पर राख में मिला देने की धमकी दी है

Iran Huge Billboard Threatens Trump: अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा युद्ध अब बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है। ईरान की राजधानी तेहरान के सबसे व्यस्त चौराहे पर एक ऐसा विशालकाय बिलबोर्ड लगाया गया है, जिसने पूरी दुनिया में सनसनी फैला दी है। इस होर्डिंग में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को एक काले ताबूत (Coffin) के अंदर मरा हुआ दिखाया गया है।

इस बोर्ड पर अंग्रेजी और फारसी दोनों भाषाओं में सीधे शब्दों में लिखा है- 'We Will Kill Trump' यानी हम ट्रंप को मार डालेंगे। इस बेहद उकसावे वाले कदम के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भड़क गए हैं और उन्होंने ईरान को सीधे तौर पर राख में मिला देने की धमकी दी है।

तेहरान के चौराहे पर क्या दिखा?


तेहरान के केंद्र में लगे इस विशाल होर्डिंग में डोनाल्ड ट्रंप की डेड बॉडी का दृश्य दर्शाया गया है। तस्वीर में ट्रंप की आंखें और मुंह बंद हैं, हाथ उनकी लाल टाई के ऊपर बंधे हुए हैं और पैर ऊपर की ओर हैं, जैसा कि किसी शव यात्रा में होता है। ट्रंप के इस पुतले को उन काले कंक्रीट के बैरियर्स के बीच रखा गया है, जिनका इस्तेमाल ईरान के सर्वोच्च नेता रहे अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के दौरान किया गया था।

इस बिलबोर्ड पर नीचे लिखा है, 'मीनाब के बच्चों की याद में'। दरअसल, यह ईरान के दक्षिणी शहर मीनाब का संदर्भ है, जहां 28 फरवरी को चल रहे युद्ध के दौरान एक प्राइमरी स्कूल पर हमला हुआ था, जिसमें बच्चों की मौत हुई थी। ईरान इस होर्डिंग को उसी का बदला बता रहा है।

'हम ट्रंप को मार डालेंगे...', तेहरान के चौराहे पर ताबूत में दिखे डोनाल्ड ट्रंप! ईरान का अमेरिका को खौफनाक चैलेंज इस बिलबोर्ड पर नीचे लिखा है, 'मीनाब के बच्चों की याद में'

ईरान में ट्रंप की हत्या की रची जा रही है साजिश: इजरायल

यह होर्डिंग ऐसे समय में सामने आया है जब कुछ ही दिन पहले इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद ने अमेरिका को एक बेहद खुफिया इनपुट दिया था। 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' और 'सीएनएन' की रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायली खुफिया तंत्र ने वाशिंगटन के साथ एक सीक्रेट रिपोर्ट साझा की थी, जिसमें पहली बार ईरान द्वारा अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या की एक बेहद सटीक साजिश का पर्दाफाश किया गया था।

अमेरिकी एजेंसियां भी पिछले कई हफ्तों से लगातार ट्रंप पर मंडरा रहे ईरानी खतरों की निगरानी कर रही थीं, लेकिन इजरायल के इनपुट ने खतरे को और बड़ा कर दिया।

ट्रंप का ईरान को अल्टिमेटम: '1000 मिसाइलें बिल्कुल तैयार हैं'

अपनी हत्या की साजिश और तेहरान में लगे इस खौफनाक बोर्ड को देखकर ट्रंप ने ईरान को अब तक की सबसे खतरनाक चेतावनी दी है। ट्रंप ने सोशल मीडिया और बयानों के जरिए साफ कहा, 'ईरान सुन ले, हमारी 1,000 मिसाइलें बिल्कुल 'लॉक्ड और लोडेड' हैं और उनका रुख सीधे इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान की तरफ है। अगर ईरानी सरकार ने मुझे यानी अमेरिका के मौजूदा राष्ट्रपति को जान से मारने की जरा भी कोशिश या हिमाकत की, तो इन 1000 मिसाइलों के तुरंत बाद हजारों और मिसाइलें ईरान को तबाह कर देंगी।'

ट्रंप ने यह भी दावा किया कि उन्होंने अमेरिकी सेना को पहले ही यह स्पष्ट आदेश दे दिया है कि यदि उन पर कोई हमला या कोशिश होती है, तो बिना देर किए ईरान पर भीषण जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी जाए।

समंदर में जारी है तबाही, अमेरिका ने दागीं मिसाइलों की नई खेप

इस जुबानी जंग के बीच समंदर में असल बारूद भी बरस रहा है। अमेरिका ने बुधवार को ईरान पर हवाई हमलों का एक और नया दौर शुरू कर दिया। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने ईरान के उन मिलिट्री ठिकानों को निशाना बनाया है, जिनका इस्तेमाल ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों को डराने के लिए करता था।

अमेरिकी सेना ने नाकेबंदी को तोड़कर जा रहे एक खाली तेल टैंकर पर भी आसमान से मिसाइल दागकर उसे समुद्र के बीच ही पंगु कर दिया। ट्रंप ने साफ कहा है कि जब तक ईरान बातचीत की मेज पर नहीं आता, अमेरिका के ये हमले रुकेंगे नहीं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।