ईरान ने इजरायल के ऊपर जो मिसाइल दागीं, उनमें से एक पर तेहरान ने स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज का युद्ध विरोधी बयान लिखा था। स्थानीय मीडिया के अनुसार, यह कदम ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच चल रहे संघर्ष के बीच उठाया गया। ईरानी मीडिया में सामने आई तस्वीरों में दिख रहा है कि मिसाइलों पर अंग्रेजी और फारसी (पर्शियन) भाषा में सांचेज का बयान चिपकाया गया है। इन स्टिकर्स पर लिखा था: “यह युद्ध न सिर्फ गैरकानूनी है, बल्कि अमानवीय भी है।” (Of course, this war is not only illegal, but also inhuman)
Mehr News Agency के मुताबिक, ये स्टिकर्स उन मिसाइलों पर लगाए गए थे जिन्हें ईरान से इजरायल की ओर लॉन्च किया गया। इससे पहले भी ईरान के सरकारी टीवी पर सैनिकों को मिसाइलों पर संदेश लिखते हुए दिखाया गया था, जिसमें कहा गया था कि हमले तब तक जारी रहेंगे जब तक आखिरी अमेरिकी सैनिक मध्य पूर्व से बाहर नहीं चला जाता।
दरअसल स्पेन के प्रधानमंत्री सांचेज ने 28 फरवरी से शुरू हुए अमेरिका-इजरायल के सैन्य अभियान की खुलकर आलोचना की थी। उन्होंने इस युद्ध को “अन्यायपूर्ण” और “खतरनाक” बताया था और साफ कहा था कि स्पेन का रुख है- “नो टू वॉर”।
ईरान ने दी गल्फ में माइंस बिछाने के धमकी
ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका या इजरायल उसकी तटीय इलाकों या द्वीपों पर हमला करते हैं, तो वो खाड़ी क्षेत्र में “समुद्री माइंस” (Naval Mines) बिछा सकता है।
ईरान की सिक्योरिटी काउंसिल ने बयान में कहा कि अगर दुश्मन हमला करता है, तो जवाब में फारस की खाड़ी और आसपास के समुद्री रास्तों में अलग-अलग तरह की माइन बिछा दी जाएंगी। इनमें ऐसी माइन भी होंगी जो पानी में तैरते हुए जहाजों को नुकसान पहुंचा सकती हैं।
सरल भाषा में समझें तो ईरान का कहना है कि अगर उस पर हमला हुआ, तो वह समुद्र के रास्तों को खतरनाक बना देगा, जिससे जहाजों की आवाजाही मुश्किल हो जाएगी।
ईरान की मिसाइलों को रोकने में जुटा इजरायल
वहीं इजरायल की सेना ने सोमवार सुबह कहा कि वह ईरान से दागी गई मिसाइलों को रोकने की कोशिश कर रही है और लोगों से सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील की है।
सेना के मुताबिक, कुछ देर पहले ईरान की तरफ से इज़राइल की ओर मिसाइलें दागी गईं, जिन्हें पहचान लिया गया है। इसके बाद तुरंत डिफेंस सिस्टम एक्टिव कर दिए गए हैं, जो इन हमलों को हवा में ही रोकने का काम कर रहे हैं।