US-Israel-Iran War: ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए भारतीय दूतावास ने तेहरान में मौजूद भारतीय नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण ट्रैवल एडवाइजरी (Travel Advisory) जारी किया है। इस एडवाइजरी में भारतीय नागरिकों से ईरान की यात्रा से बचने तथा वर्तमान में तेहरान में मौजूद भारतीयों को उपलब्ध परिवहन साधनों से देश छोड़ने की सलाह दी गई है। क्षेत्र में हाल ही में हुए घटनाक्रमों को देखते हुए तेहरान में मौजूद भारतीय दूतावास अपनी पूर्व में जारी एजवाइजरी में दोहराता है कि सभी भारतीय नागरिक ईरान की किसी भी यात्रा से बचें।
साथ ही वर्तमान में ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों को भी सलाह दी गई है कि वे उपलब्ध परिवहन साधनों का उपयोग करते हुए युद्धग्रस्त देश से बाहर निकल जाएं। इजरायल की सेना ने सोमवार को अपने नागरिकों को चेतावनी दी कि ईरान ने देश को निशाना बनाते हुए फिर से मिसाइलें दागी हैं। सेना ने नागरिकों से सतर्क रहने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की। सेना ने लोगों से तुरंत सुरक्षित जगहों पर शरण लेने की अपील की। ईरान की ओर से पहले किए गए हवाई हमलों के जवाब में इजरायल ने सोमवार तड़के तेहरान पर मिसाइलें दागीं थीं।
इसके बाद ईरान ने फिर से नए सिरे से हमला किया। 8 अप्रैल को हुए युद्धविराम के बाद दोनों देशों के बीच यह अब तक की सबसे गंभीर सैन्य झड़प मानी जा रही है, जिसने क्षेत्र में फिर से व्यापक संघर्ष की आशंकाओं को बढ़ा दिया है। लेबनान में हिज्बुल्लाह पर हमले के जवाब में ईरान ने इजरायल के कई इलाकों पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं।
इसके बाद जवाबी कार्रवाई में इजरायल ने ईरान के खुजेस्तान प्रांत के माहशहर स्थित कारून पेट्रोकेमिकल कंपनी को निशाना बनाया। ईरानी मीडिया के अनुसार, इससे प्लांट को काफी नुकसान पहुंचा है। इस बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सुरक्षा कैबिनेट की बैठक बुलाई है।
ईरान-इजरायल के बीच जंग तेज
इजरायली सेना IDF ने पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स पर हमले की पुष्टि की है। सैन्य बयान में कहा गया कि इजरायली वायुसेना ने परिसर के कई लक्ष्यों को निशाना बनाया। सेना ने संक्षिप्त बयान में कहा कि अभियान से जुड़ी डिटेल्स जानकारी बाद में जारी की जाएगी। फिलहाल हमले के दायरे और उसके प्रभाव को लेकर अधिक विवरण सार्वजनिक नहीं किया गया है। इस तरह 7 जून को ईरान-इजरायल के अप्रैल में हुए सीजफायर के 2 महीने बाद ही दोबारा सैन्य अभियान शुरू कर दिया गया।
ईरान की रेवोल्यूशनरी गार्ड ने कहा कि यह कार्रवाई लेबनान में हिजबुल्लाह पर इजरायली हमलों के जवाब में की गई है। हमलों के बाद इजरायल का एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव हो गया। इसके जवाब में कुछ घंटों बाद इजरायल ने ईरान में जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। IDF के अनुसार, उसने पश्चिमी और मध्य ईरान के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है।
ईरानी न्यूज एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक, तेहरान, तबरीज और इस्फहान में कई धमाके हुए। आईआरजीसी ने दावा किया कि इजरायल ने हमलों में एयर-लॉन्च बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया। ईरान का दावा है कि उसने इजरायल के नेवातिम और तेल नोफ एयर बेस पर हमला किया।
इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) का कहना है कि उसने सोमवार सुबह ईरान की ओर से छोड़ी गई मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया। वर्तमान हालात के बीच इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार को सुरक्षा कैबिनेट की अहम बैठक बुलाई। यह बैठक भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे होनी तय की गई है। बैठक में ईरान के हमलों, इजरायल की जवाबी कार्रवाई पर चर्चा की संभावना जताई गई।