US Israel Iran War News: नेतन्याहू ने नहीं मानी ट्रंप की बात, इजरायल ने ईरान पर किया जवाबी हमला, तेहरान में बड़ा धमका

US Israel Iran War News: अप्रैल की शुरुआत में सीजफायर लागू होने के बाद पहली बार तेहरान की ओर से इजरायल पर कई मिसाइलें दागे जाने के बाद इजरायली सेना ने ईरान में कई प्रमुख सैन्य ठिकानों पर हमला किया है। इस गोलीबारी से ईरान के साथ महीनों से चल रहे अमेरिकी-इजरायली संघर्ष को खत्म करने के लिए स्थायी शांति समझौता कराने की कोशिशें और मुश्किल हो सकती हैं

अपडेटेड Jun 08, 2026 पर 8:23 AM
US Israel Iran War News: डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल से किसी भी तरह के जवाबी हमले से बचने को कहा था

US Israel Iran War News: इजरायल ने ईरान पर जोरदार जवाबी हमला किया है। अप्रैल की शुरुआत में सीजफायर लागू होने के बाद पहली बार तेहरान की ओर से इजरायल पर कई मिसाइलें दागे जाने के बाद इजरायली सेना ने ईरान में कई प्रमुख सैन्य ठिकानों पर हमला किया है। इस गोलीबारी से तेहरान के साथ महीनों से चल रहे अमेरिकी-इजरायली संघर्ष को खत्म करने के लिए स्थायी शांति समझौता कराने की कोशिशें और मुश्किल हो सकती हैं। इससे संघर्ष के फिर से शुरू होने का खतरा भी बढ़ गया है।

इजरायल पर ईरान के मिसाइल अटैक के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू से किसी भी तरह के जवाबी हमले से बचने को कहा था। इसे लेकर ट्रंप ने खुद नेतन्याहू से बात भी की थी। लेकिन इजरायली सेना ने ट्रंप की अपील को खारिज करते हुए दोरदार पलटवार किया है।

इजराइली सेना IDF ने कहा कि उसकी वायु सेना ने पश्चिमी और मध्य ईरान में मिलिट्री ठिकानों पर हमले किए हैं। ईरान द्वारा इजरायल पर मिसाइलें दागने के बाद यह इजरायली सेना की ओर से पहला सीधा मिलिट्री पलटवार है। अप्रैल की शुरुआत में हुए सीजफायर के बाद से दोनों देशों के बीच यह पहला बड़ा हमला है। इससे मिडिल ईस्ट में फिर से टकराव बढ़ने का डर पैदा हो गया है।


तेहरान में धमाका

इजरालयी सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में बताया कि इजरायल की वायु सेना ने कुछ समय पहले पश्चिमी और मध्य ईरान में ईरान के सैन्य ठिकानों पर हमला किया है। ईरान की राजधानी तेहरान तक कई धमाके सुने गए हैं। इजरायली हमले के बाद ईरान ने तेहरान के इमाम खुमैनी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास एयरस्पेस को बंद कर दिया है।

ट्रंप ने नेतन्याहू से की बात

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच लेबनान और तेहरान में इजरायली सैन्य कार्रवाई और ईरान शांति वार्ता को लेकर फोन पर तीखी बहस हुई। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप ने हिजबुल्लाह और लेबनान पर इजरायल के बढ़ते हमलों को लेकर नाराजगी जताई। ट्रंप ने नेतन्याहू से ईरान पर जवाबी हमला नहीं करने को भी कहा था।

ईरान का इजरायल पर पहली बार किया हमला

इससे पहले इजरायल ने कहा है कि ईरान ने उस पर मिसाइलें दागी हैं जो अप्रैल की शुरुआत में नाजुक युद्धविराम लागू होने के बाद ईरान की ओर से किया गया इस तरह का पहला हमला है। इस हमले के बाद युद्ध समाप्त करने के मकसद से समझौते के लिए मध्यस्थता के प्रयास और जटिल हो गए हैं। तेहरान ने रविवार को इजरायल द्वारा बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर हमला किए जाने के बाद जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी थी।

ये भी पढ़ें- Iran War News: ईरान ने इजरायल पर की मिसाइलों की बौछार! तेहरान एयरपोर्ट बंद, तेल की कीमतों में लगी आग

इजरायल ने कहा कि यह हमला ईरान समर्थित हिजबुल्ला द्वारा दिन में उत्तरी इजरायल पर गोलीबारी किए जाने के जवाब में किया गया। बेरूत पर इजरायल का हमला लेबनान और इजरायल की सरकारों के बीच अमेरिका की मेजबानी में हुई बातचीत में संघर्षविराम पर सहमति बनने के कुछ दिन बाद हुआ। हालांकि, हिजबुल्लाह ने इस समझौते को खारिज कर दिया था। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि उसकी एक आवासीय इमारत पर किए गए हमले में दो लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।