Israel-Iran War : इजराइल-ईरान जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर बड़ा बयान दिया है। डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि, हम अच्छी तरह से जानते हैं कि तथाकथित ‘सुप्रीम लीडर’ कहां छिपा है। वह एक आसान टारगेट है लेकिन वहां सुरक्षित है। हम उसे मारेंगे नहीं, कम से कम अभी तो नहीं। मगर, हम नहीं चाहते कि मिसाइलें नागरिकों या अमेरिकी सैनिकों पर दागी जाएं। हमारा धैर्य खत्म होता जा रहा है। इस मामले पर आपका ध्यान देने के लिए धन्यवाद! बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने पोस्ट में ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई का नाम नहीं लिया है लेकिन ‘सुप्रीम लीडर’ लिखते हुए बड़ी बात कही है।
डोनाल्ड ट्रंप की सख्त चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने बयानों में ईरान को फिर कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरानी नागरिकों या अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाकर कोई मिसाइल नहीं चलाना चाहता, लेकिन साथ ही यह भी साफ किया कि "अब हमारा धैर्य खत्म हो रहा है।" ट्रंप ने एक और पोस्ट में दावा किया कि अब ईरान के हवाई क्षेत्र पर अमेरिका का पूरा नियंत्रण है। उन्होंने लिखा, "ईरान के पास अच्छे स्काई ट्रैकर और रक्षात्मक उपकरण हैं, लेकिन ये सब अमेरिका के बनाए उपकरणों के आगे कुछ नहीं हैं। अमेरिका जैसा कोई नहीं कर सकता।" इसके बाद ट्रंप ने एक और पोस्ट में ईरान से "बिना शर्त आत्मसमर्पण" की मांग भी दोहराई।
ईरान और इजराइल को लेकर कही ये बात
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वे ईरान और इज़राइल के बीच चल रहे तनाव का केवल "युद्धविराम" नहीं, बल्कि एक मुद्दे को पूरी तरह खत्म करना चाहते हैं। उन्होंने यह बात उस समय कही जब वे कनाडा में जी-7 सम्मेलन से लौटते वक्त एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बात कर रहे थे। ट्रंप ने कहा, "मैं केवल युद्धविराम नहीं चाहता, मैं उससे भी आगे की बात कर रहा हूं – एक ऐसा अंत जो स्थायी हो।" उन्होंने जोर देकर कहा कि वह चाहते हैं कि ईरान पूरी तरह से हार मान ले। साथ ही ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी कि अगर उसने पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैनिकों या ठिकानों पर हमला किया, तो अमेरिका बेहद कड़ा जवाब देगा। उन्होंने कहा, "अगर ईरान ने ऐसा किया, तो हम इतनी सख्ती से जवाब देंगे कि वो खुद भी हैरान रह जाएगा।"