नेतन्याहू को अचानक ले जाया गया अस्पताल! मिडिल ईस्ट संकट के बीच इजरायली पीएम की सेहत को लेकर बढ़ा सस्पेंस

Netanyahu Hospitalised: नेतन्याहू की सेहत को लेकर इजरायल में विवाद इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि हाल के दिनों में उनकी गंभीर बीमारियों की जानकारी जनता से छिपाई गई थी। पिछले ही महीने नेतन्याहू ने खुद सोशल मीडिया पर खुलासा किया था कि हदासा अस्पताल में उनके एक घातक प्रोस्टेट ट्यूमर का रेडिएशन ट्रीटमेंट हुआ है

अपडेटेड May 26, 2026 पर 2:45 PM
Story continues below Advertisement
नेतन्याहू के अस्पताल पहुंचने की खबर इजरायली मीडिया में लीक होने के बाद ही PMO हरकत में आया

Benjamin Netanyahu Hospitalised: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच इजरायल से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को सोमवार देर रात अचानक यरूशलेम के हदासा एन केरेम मेडिकल सेंटर ले जाया गया।

इस खबर के आने के बाद से इजरायली पीएम की सेहत को लेकर सार्वजनिक और राजनीतिक गलियारों में सस्पेंस गहरा दिया है। हालांकि, पीएमओ ने इसे एक सामान्य प्रक्रिया बताया है, लेकिन कूटनीतिक और युद्ध के माहौल को देखते हुए इसे लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

'द टाइम्स ऑफ इजरायल' की रिपोर्ट के मुताबिक, नेतन्याहू के अस्पताल पहुंचने की खबर इजरायली मीडिया में लीक होने के बाद ही प्रधानमंत्री कार्यालय हरकत में आया। इजरायली पीएमओ ने बाद में एक बयान जारी कर कहा कि प्रधानमंत्री को दांत के इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था।


हालांकि, आधिकारिक तौर पर यह साफ नहीं किया गया कि दांत का यह इलाज किस तरह का था और इसके लिए अचानक देर रात अस्पताल जाने की जरूरत क्यों पड़ी। इस गोपनीयता ने पारदर्शिता को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

पिछले महीने ही हुआ था कैंसर का खुलासा

नेतन्याहू की सेहत को लेकर इजरायल में विवाद इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि हाल के दिनों में उनकी गंभीर बीमारियों की जानकारी जनता से छिपाई गई थी। पिछले ही महीने नेतन्याहू ने खुद सोशल मीडिया पर खुलासा किया था कि हदासा अस्पताल में उनके एक घातक प्रोस्टेट ट्यूमर का रेडिएशन ट्रीटमेंट हुआ है।

उन्होंने स्वीकार किया था कि यह जानकारी जानबूझकर जनता और मीडिया से छिपाई गई थी, क्योंकि उन्हें डर था कि युद्ध के दौरान ईरान इस खबर का इस्तेमाल अपने प्रोपेगैंडा के लिए कर सकता है। उन्होंने यह भी नहीं बताया कि यह बीमारी कब पता चली और इलाज कब खत्म हुआ।

इसके बाद जारी की गई उनकी सालाना हेल्थ रिपोर्ट महज आधे पेज की थी, जिसमें न तो किसी अस्पताल का लोगो था और न ही यह साफ था कि वह किस साल की रिपोर्ट है।

पेसमेकर से लेकर हर्निया तक, नेतन्याहू की लंबी रही है मेडिकल हिस्ट्री

76 साल के बेंजामिन नेतन्याहू पिछले कुछ वर्षों में कई गंभीर ऑपरेशन्स से गुजर चुके हैं:

जुलाई 2023: नेतन्याहू के दिल में पेसमेकर इम्प्लांट किया गया था। उस समय भी पहले डिहाइड्रेशन का बहाना बनाया गया था, लेकिन बाद में डॉक्टरों ने दिल की धड़कन में गड़बड़ी की पुष्टि की थी।

मार्च 2024: उनकी हर्निया की सर्जरी की गई थी।

दिसंबर 2024: उनका प्रोस्टेट निकालने के लिए एक और बड़ा ऑपरेशन हुआ था।

मुश्किल दौर में बढ़ी चिंता

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब इजरायल पूरे मिडिल ईस्ट में कई मोर्चों पर सैन्य और कूटनीतिक चुनौतियों का सामना कर रहा है। इजरायल के भीतर भी नेतन्याहू की सेहत को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है, क्योंकि विपक्ष लगातार यह सवाल उठा रहा है कि क्या पीएम शारीरिक रूप से इस महा-संकट के दौर में देश का नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह फिट हैं या नहीं। फिलहाल पीएमओ ने इस पर आगे कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।