Journalist Shot Dead: मशहूर पाकिस्तानी टीवी एंकर की घर पर गोली मारकर हत्या, पति गिरफ्तार

Journalist Shot Dead: पाकिस्तान के रावलपिंडी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक महिला टीवी एंकर की उनके ही घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान राबिया अहसान (Rabia Ahsan) के रूप में हुई है, जो एक स्थानीय प्राइवेट टीवी चैनल में एंकर और प्रोग्राम होस्ट के तौर पर काम करती थीं

अपडेटेड Nov 09, 2026 पर 4:50 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Journalist Shot Dead: इस मामले में पुलिस ने महिला एंकर के पति को हिरासत में लिया है

Journalist Rabia Ahsan Shot Dead: पाकिस्तान के रावलपिंडी में एक महिला एंकर की उसके घर में गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने उनके पति को हिरासत में लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाला संदिग्ध हथियार भी बरामद कर लिया है। पाकिस्तानी अखबार 'डॉन' की रिपोर्ट के अनुसार, राबिया अहसान एक स्थानीय निजी टीवी चैनल में न्यूज एंकर और प्रोग्राम होस्ट के तौर पर काम करती थीं। वह रविवार (8 नवंबर) को शहर के गुलशनाबाद इलाके में स्थित अपने घर में मृत मिलीं।

घर से संदिग्ध हथियार बरामद

सिटी पुलिस ऑफिसर (CPO) हसन मुश्ताक सुखेरा ने बताया कि राबिया के पति को हिरासत में ले लिया गया है। साथ ही संदिग्ध हथियार भी बरामद कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सुखेरा ने सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (ऑपरेशंस), सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (इन्वेस्टिगेशंस) और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की एक टीम के साथ घटनास्थल का दौरा किया।


पति का आया बयान

CPO के अनुसार, घर में काम करने वाले एक पुरुष घरेलू सहायक ने पुलिस को बताया कि महिला के पति ने दावा किया था कि गोली गलती से चली थी। सुखेरा ने बताया कि फॉरेंसिक की टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। अधिकारी ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मामला दर्ज किया जा रहा है और जांच तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

घरेलू नौकर ने पुलिस को क्या बताया?

इस मामले में घर में काम करने वाले एक पुरुष घरेलू कर्मचारी का बयान भी सामने आया है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, घरेलू नौकर ने जांचकर्ताओं को बताया कि राबिया के पति ने दावा किया था कि गोली गलती से चल गई थी। हालांकि, पुलिस ने अभी इस दावे को सही या गलत करार नहीं दिया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि गोली किन परिस्थितियों में चली और क्या यह वास्तव में दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी। फिलहाल, पति को कस्टडी में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच तथ्यों और सबूतों के आधार पर की जाएगी।

फॉरेंसिक टीम जुटा रही सबूत, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

घटना की गंभीरता को देखते हुए पंजाब फॉरेंसिक साइंस एजेंसी की टीमें भी जांच में शामिल हैं। एक्सपर्ट राबिया के घर से जरूरी सबूत जुटा रहे हैं। घटनास्थल की जांच के साथ ही संदिग्ध हथियार को भी कब्जे में लिया गया है। राबिया के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से उनकी मौत के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

पाकिस्तान की फर्स्ट लेडी आसिफा भुट्टो जरदारी ने जताया दुख

टीवी एंकर राबिया अहसान की हत्या पर पाकिस्तान की फर्स्ट लेडी आसिफा भुट्टो जरदारी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने इस हत्या की निंदा करते हुए मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की है। राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से जारी बयान में उन्होंने कहा कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाया जाना चाहिए। इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। आसिफा भुट्ट-जरदारी ने रावलपिंडी में पेशेवर महिलाओं की हत्या की घटनाओं को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इसी महानगरीय क्षेत्र में एक अन्य पेशेवर महिला की हत्या का मामला भी सामने आया था, जिसकी जांच का नतीजा अब तक सामने नहीं आया है।

ये भी पढ़ें- 'आधार कार्ड को वोटिंग से जोड़ा जाए'; अखिलेश यादव ने चुनाव में धांधली रोकने के लिए दिए ये सुझाव

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।