Karachi Protest: खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान में अमेरिकी दूतावास के बाहर हिंसक प्रदर्शन, 17 लोगों की मौत

Karachi Protest: ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के खिलाफ रविवार (2 मार्च) को पूरे पाकिस्तान में हिंसक प्रदर्शन हुए। इसमें कम से कम 17 लोग मारे गए। कुछ प्रदर्शनकारियों ने कराची स्थित अमेरिकी डिप्लोमैटिक बिल्डिंग्स पर धावा बोलने की कोशिश की। बाद में सुरक्षाकर्मियों को फायरिंग करनी पड़ी

अपडेटेड Mar 02, 2026 पर 9:38 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Karachi Protest: अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान में अमेरिकी दूतावास के बाहर हिंसक प्रदर्शन हुए

Karachi Protest: ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान के विभिन्न शहरों में हिंसक झड़पों और आगजनी के दौरान 17 लोगों की मौत हो गई है। पाकिस्तान के कराची में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के गेट तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़पों में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई। जबकि 70 अन्य घायल हो गए।

अमेरिका-इजरायल के हवाई हमले में शनिवार को खामेनेई के मारे जाने के बाद पाकिस्तान के विभिन्न शहरों में हुए प्रदर्शनों के दौरान हिंसक झड़पें और आगजनी की घटनाएं हुई। खामेनेई के मारे जाने की खबर के बाद पाकिस्तान के शिया मुसलमानों का गुस्सा भड़क उठा। शिया मुस्लिमों की आबादी 24 करोड़ पाकिस्तानी लोगों में से 20 प्रतिशत है।

इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास ने कहा कि वह कराची और लाहौर में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास में जारी प्रदर्शनों की खबरों पर नजर रख रहा है। वहीं, पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने नागरिकों से कानून अपने हाथ में न लेने और शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराने का अनुरोध किया है।


सिंध प्रांत के तटीय शहर कराची में हिंसक झड़पें हुई। वहां आक्रोशित लोगों ने माई कोलाची रोड पर स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास की इमारत पर हमला करने की कोशिश की। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक असद रजा ने कहा कि भीड़ द्वारा पुलिस पर हमला शुरू किए जाने के बाद उन्होंने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले और रबड़ की गोलियों का इस्तेमाल किया।

अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के आसपास बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जुट गए थे। जब वे अमेरिकी वाणिज्य दूतावास में घुसने की कोशिश कर रहे थे, तब पुलिस ने उन पर गोली चला दी। सिंध के सूचना मंत्री के प्रवक्ता हुसैन मंसूर ने झड़प में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया।

लाहौर और इस्लामाबाद के साथ ही पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के गिलगित-बाल्टिस्तान (जीबी) के गिलगित और स्कार्दू शहरों में भी विरोध प्रदर्शन हुए। गिलगित-बाल्टिस्तान में स्थिति तब गंभीर हो गई जब प्रदर्शनकारियों ने भारत और पाकिस्तान से संबंधित संयुक्त राष्ट्र सैन्य पर्यवेक्षक समूह (यूएनएमओजीआईपी) के कार्यालयों में आग लगा दी।

'डॉन' ने कहा कि अधिकारियों ने स्कार्दू जिले में कर्फ्यू लगा दिया है। जबकि जीबी पुलिस ने एक बयान में कहा है कि पाकिस्तान दंड संहिता (पीपीसी) की धारा 245 के तहत पाकिस्तानी सेना को बुलाया गया है। लाहौर में सैकड़ों लोगों ने अमेरिकी वाणिज्य दूतावास को घेर लिया। उनमें से कुछ ने वाणिज्य दूतावास भवन में जबरन घुसने की कोशिश भी की।

गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अयातुल्ला खामेनेई की शहादत के बाद पाकिस्तान का हर नागरिक उसी तरह दुखी है जैसे ईरान के लोग शोक मना रहे हैं। इसके अलावा, नक़वी ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें कानून-व्यवस्था की स्थिति के बारे में जानकारी दी।

ये भी पढ़ें- Israel-US Iran War: अमेरिकी हमलों में ईरान का गार्ड्स हेडक्वार्टर तबाह, ट्रंप ने बताया अभी कितने दिन चलेगा युद्ध

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।