Kim Jong Un News: किम जोंग उन की लग्जरी लाइफस्टाइल की सैटेलाइट तस्वीरें वायरल, विशाल स्विमिंग पूल और वाटर स्लाइड वाली आलीशान बोट ने खींचा ध्यान
Kim Jong Un News: उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन की आलीशान लाइफस्टाइल एक बार फिर दुनियाभर में चर्चा में है। इस बार वजह है उनके समुद्री ठिकाने के पास नजर आया करीब 80 मीटर लंबा लग्जरी जहाज, जिस पर 50 मीटर का विशाल स्विमिंग पूल और वाटर स्लाइड्स मौजूद हैं। खास बात यह है कि यह इलाका किम जोंग उन और उनके परिवार के समुद्र किनारे बने निजी आवास के करीब है
Kim Jong Un News: किम जोंग उन के समर रिट्रीट के पास दिखी आलीशान लग्जरी बोट चर्चा का विषय बना हुआ है (बोट की सैटेलाइट फोटो- BBC)
Kim Jong Un News: उत्तर कोरिया के तानाशाह और सर्वोच्च नेता किम जोंग उन की आलीशान जिंदगी को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। सैटेलाइट तस्वीरों में उत्तर कोरिया के पूर्वी तट पर स्थित वॉनसान इलाके के पास एक विशाल लग्जरी बोल दिखाई दी है। करीब 80 मीटर लंबा यह जहाज अपने डेक पर बने लगभग 50 मीटर के स्विमिंग पूल और वाटर स्लाइड की वजह से दुनिया का ध्यान खींच रहा है। बताया गया है कि यह बोट जुलाई से अक्टूबर 2026 के मध्य तक वॉनसान तट के आसपास देखी गई।
बता दें कि उत्तर कोरिया दुनिया के सबसे बंद देशों में गिना जाता है। वहां की राजनीतिक और आर्थिक परिस्थितियों के बीच देश के सर्वोच्च नेता के निजी ठिकानों और सुविधाओं को लेकर अक्सर चर्चा होती रहती है। वॉनसान के पास समुद्र किनारे बने उनके विशाल आवास और वहां दिखाई देने वाले लग्जरी जहाज इस चर्चा को फिर सामने ले आए हैं।
BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, यह जहाज उस समुद्री इलाके में मौजूद था, जहां उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन और उनके परिवार के इस्तेमाल से जुड़ा एक आलीशान विला है। सैटेलाइट तस्वीरों में इस साल इलाके के आसपास कई अन्य बड़े जहाज भी दिखाई दिए हैं। हालांकि, इन तस्वीरों से यह निश्चित रूप से साबित नहीं होता कि जहाज नजर आने के समय किम जोंग उन या उनका परिवार वहां मौजूद था।
80 मीटर लंबी नाव, डेक पर विशाल स्विमिंग पूल
सैटेलाइट तस्वीरों में दिखाई देने वाली सबसे बड़ी नाव लगभग 80 मीटर यानी 263 फीट लंबी बताई गई है। इसके डेक पर करीब 50 मीटर लंबा स्विमिंग पूल और एक छोर पर कई वाटर स्लाइड दिखाई देती हैं। BBC की रिपोर्ट के अनुसार, यह जहाज कई महीनों तक एक रखरखाव केंद्र में खड़ा रहा। जुलाई की शुरुआत में यह वहां से निकलकर कलमा प्रायद्वीप के पास समुद्र में पहुंच गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर के मध्य तक इसी तटीय क्षेत्र के आसपास नजर आया। इस जहाज की खास बनावट और आकार ने इसे चर्चा में ला दिया है। इस तरह की लग्जरी नौकाओं की कीमत आमतौर पर करोड़ों डॉलर में होती है। समान्य कैटेगरी की कुछ आलीशान यॉट की कीमत कई दसियों मिलियन डॉलर से लेकर 100 मिलियन डॉलर यानी 10 करोड़ डॉलर से अधिक तक हो सकती है।
वॉनसान में किम परिवार के इस्तेमाल से जुड़ी चार बड़ी नावें
बीबीसी ने सैटेलाइट तस्वीरों का विश्लेषण कर वॉनसान के आसपास चार बड़ी नावों की गतिविधियों का पता लगाया। इनकी लंबाई लगभग 50, 55, 60 और 80 मीटर बताई गई है। ये सभी जहाज 2026 में अलग-अलग समय पर किम जोंग उन के वॉनसान स्थित विला के आसपास दिखाई दिए।
जहाज की बड़ी बातें
80 मीटर का जहाज: जुलाई से कलमा प्रायद्वीप के पास देखा गया। इसके डेक पर बड़ा स्विमिंग पूल और वाटर स्लाइड हैं।
50 और 55 मीटर के जहाज: अगस्त के अंत तक वॉनसान के नजदीक ते और सिन द्वीपों के आसपास दिखाई दिए।
60 मीटर का जहाज: हालिया सैटेलाइट तस्वीरों में किम के विला के पास नजर आया। रिपोर्ट के मुताबिक, इसे पिछले सप्ताह तक इस इलाके में देखा गया था।
सुरक्षा में 4 छोटी नावें तैनात?
तस्वीरों में 50 मीटर के जहाज के साथ चार छोटी नावें भी दिखाई दीं। सैटेलाइट तस्वीरों के विशेषज्ञ जियोंग सियोंग-हाक के मुताबिक, इन छोटी नौकाओं का इस्तेमाल बड़े जहाज तक लोगों, ईंधन और दूसरी जरूरी चीजों को पहुंचाने के लिए किया जा सकता है। ते और सिन जैसे छोटे द्वीप समुद्र में अपेक्षाकृत एकांत जगह उपलब्ध कराते हैं, जहां सार्वजनिक नजरों से दूर रहना संभव हो सकता है। या फिर सुरक्षा के लिहाज से भी इन नावों की तैनाती हो सकती हैं।
'गर्मियों में मनोरंजन के लिए इस्तेमाल होते हैं जहाज'
उत्तर कोरिया की सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी के कार्यालय 39 में काम कर चुके पूर्व अधिकारी री जोंग हो ने BBC से बातचीत में इन जहाजों के इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी। उनके अनुसार, सर्दियों के दौरान जहाजों को शिपयार्ड में रखा जाता है। गर्मियां आने पर उन्हें बाहर निकालकर किम जोंग उन के विला या कलमा के आसपास ले जाया जाता है, जहां तैराकी और मनोरंजन जैसी गतिविधियां होती हैं। री जोंग हो का यह बयान उत्तर कोरिया के शीर्ष नेतृत्व की जीवनशैली को समझने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, जहाजों की तस्वीरें और उनकी गतिविधियां अपने आप में यह साबित नहीं करतीं कि हर नाव का इस्तेमाल सीधे किम या उनके परिवार ने ही किया।
उत्तर कोरिया की गरीबी के बीच शासक परिवार की लग्जरी लाइफस्टाइल
उत्तर कोरिया की आर्थिक स्थिति और वहां के आम लोगों की जीवनशैली को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं। देश की अर्थव्यवस्था से जुड़े आंकड़े सीमित होने के कारण उसकी वास्तविक आर्थिक स्थिति का आकलन करना भी मुश्किल है। संयुक्त राष्ट्र की 2025 की रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर कोरिया में लोगों को व्यापक मानवाधिकार उल्लंघनों, जबरन श्रम और राज्य के कड़े नियंत्रण का सामना करना पड़ता है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि देश की बड़ी आबादी खाद्य असुरक्षा से प्रभावित है और अनुमानित 40 प्रतिशत लोग कुपोषित हैं।
ऐसे हालात में शीर्ष नेतृत्व से जुड़ी आलीशान नौकाओं और समुद्र किनारे बने निजी ठिकानों की तस्वीरें देश के भीतर आर्थिक असमानता पर ध्यान खींचती हैं। री जोंग हो ने बीबीसी से बातचीत में कहा कि किम जोंग उन को जनता का नेता बताया जाता है, लेकिन उनके पास ऐसी चार लग्जरी नौकाएं हैं, जबकि आम लोग दिन में एक वक्त का भोजन जुटाने के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं।
किम जोंग उन का वॉनसान से पुराना नाता
वॉनसान उत्तर कोरिया का एक तटीय शहर है, जिसका किम परिवार से पुराना संबंध बताया जाता है। जीवनी लेखकों और खुफिया रिपोर्टों के अनुसार, किम जोंग उन ने अपने बचपन का कुछ समय इस इलाके में बिताया था। उनके पिता किम जोंग इल के शासनकाल में भी यह क्षेत्र परिवार के लिए एक खास ठिकाने के रूप में जाना जाता था।
एक पूर्व सुरक्षाकर्मी ने बीबीसी को बताया कि वॉनसान के आसपास बने विला का इस्तेमाल उत्तर कोरिया का प्रभावशाली अभिजात वर्ग छुट्टियां बिताने के लिए करता था। उसने गर्मियों के दौरान बच्चों और किशोरों को वाटर स्कीइंग करते देखने की बात भी कही। उत्तर कोरिया का सरकारी मीडिया आमतौर पर किम जोंग उन की छुट्टियों की जानकारी सार्वजनिक नहीं करता। उनकी यात्राओं को अक्सर आधिकारिक निरीक्षण या मार्गदर्शन कार्यक्रम के रूप में पेश किया जाता है।
विदेशी पर्यटकों के लिए विकसित किया गया रिसॉर्ट
वॉनसान का कलमा तटीय इलाका पर्यटन के लिहाज से भी विकसित किया गया है। उत्तर कोरियाई सरकारी मीडिया के अनुसार, यहां ऊंची इमारतों वाले होटल, रेस्तरां, दुकानें, खेल सुविधाएं और वाटर पार्क मौजूद हैं। इस क्षेत्र में करीब 20,000 पर्यटकों को ठहराने की क्षमता होने का दावा भी किया गया है। कलमा रिसॉर्ट जुलाई 2025 में खोला गया था। सरकारी मीडिया और रूसी न्यूज माध्यमों ने यहां आने वाले रूसी पर्यटकों की तस्वीरें भी प्रकाशित की थीं।
विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए विकसित इस रिसॉर्ट में घरेलू पर्यटकों के जाने की भी व्यवस्था बताई गई है। हालांकि, उत्तर कोरिया के अधिकांश लोगों के लिए छुट्टियां बिताना आसान नहीं है। बीबीसी से बातचीत में देश छोड़ चुके लोगों ने बताया कि कर्मचारियों और किसानों को कागजों पर सालाना छुट्टियां मिलने के बावजूद लगातार कई दिन यात्रा करना असामान्य है। इसके अलावा, अपने शहर या काउंटी से बाहर जाने के लिए आधिकारिक अनुमति की जरूरत पड़ सकती है।
पहले भी चर्चा में रही हैं किम जोंग उन की लग्जरी नावें
किम परिवार के पास लग्जरी जहाज होने की चर्चा नई नहीं है। बीबीसी के ऐतिहासिक सैटेलाइट विश्लेषण में 2002 में भी वॉनसान में इसी तरह की विशिष्ट बनावट वाला एक बड़ा जहाज दिखाई देने की बात कही गई है। उस समय उत्तर कोरिया की सत्ता किम जोंग इल के हाथों में थी। पूर्व अमेरिकी बास्केटबॉल स्टार डेनिस रोडमैन ने 2013 में उत्तर कोरिया की यात्रा के बाद बताया था कि उन्होंने किम जोंग उन के साथ वॉनसान में समय बिताया था। उन्होंने जेट स्कीइंग और घुड़सवारी जैसी गतिविधियों का भी जिक्र किया था।
रोडमैन ने एक लगभग 60 मीटर लंबे जहाज का भी जिक्र किया था, जिसे उन्होंने फेरी और डिज्नी की नाव जैसी चीजों का मिश्रण बताया था। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि वह जहाज हालिया सैटेलाइट तस्वीरों में दिखाई देने वाली 60 मीटर की नाव ही थी या कोई दूसरा जहाज। रिपोर्ट के मुताबिक, यह जहाज कई महीनों तक एक रखरखाव केंद्र (मेंटेनेंस फैसिलिटी) में खड़ा रहा। इसके बाद जुलाई की शुरुआत में इसे उत्तर कोरिया के वॉनसान तट के पास कलमा प्रायद्वीप के आसपास समुद्री क्षेत्र में ले जाया गया।