Lalit Modi UK Citizenship: दुनिया की सबसे चर्चित और लोकप्रिय क्रिकेट लीग इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के संस्थापक और पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने ब्रिटिश नागरिकता हासिल कर ली है। उन्होंने शनिवार (14 नवंबर) को ऑक्सफोर्ड यूनियन में अपने संबोधन के दौरान यह ऐलान किया। ललित मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट शेयर कर ब्रिटिश नागरिक बनने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने इसे अपनी जिंदगी के नए अध्याय की शुरुआत बताया। मोदी ने अपने पोस्ट के आखिर में 'गॉड सेव द किंग (God Save The King) लिखकर ब्रिटेन के किंग चार्ल्स III के प्रति सम्मान जताया।
ललित मोदी के मुताबिक, उन्हें 15 सितंबर 2026 को ब्रिटिश नागरिकता मिली थी। इस खास मौके पर आयोजित समारोह में उनके परिवार और दोस्त भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन लंबे समय से उनका घर रहा है। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों, संस्थाओं, परंपराओं और मूल्यों के प्रति उनके मन में गहरा सम्मान है।
ब्रिटिश नागरिकता मिलने पर क्या बोले ललित मोदी?
ललित मोदी ने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्हें ब्रिटिश नागरिक होने पर गर्व है। उन्होंने कहा कि यूनाइटेड किंगडम कई वर्षों से उनका घर रहा है। समय के साथ उन्होंने इस देश, यहां के लोगों और इसकी संस्थाओं के प्रति गहरी प्रशंसा विकसित की है। उन्होंने आगे कहा कि ब्रिटिश नागरिकता हासिल करना उनके लिए सिर्फ एक विशेषाधिकार नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। इसे उन्होंने गर्व, आभार और अपनेपन की भावना के साथ स्वीकार किया है। ललित मोदी ने कहा कि उनकी जिंदगी अलग-अलग संस्कृतियों और अनुभवों से बनी है। अब वह जिस देश को अपना घर कहते हैं, वहां सकारात्मक योगदान देने की उम्मीद रखते हैं। उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया में साथ देने वाले अपने परिवार, दोस्तों और शुभचिंतकों का भी आभार जताया।
किंग चार्ल्स III के जन्मदिन से जुड़ा खास मौका
ललित मोदी ने अपने इस ऐलान को खास बताते हुए कहा कि यह मौका ब्रिटेन के किंग चार्ल्स III के जन्मदिन के साथ भी जुड़ा था। इसी वजह से उन्होंने अपनी पोस्ट का समापन 'God Save The King!' के शब्दों के साथ किया। उनकी इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर भी चर्चा शुरू हो गई है। IPL के संस्थापक के तौर पर पहचान बनाने वाले ललित मोदी का ब्रिटिश नागरिक बनना उनके जीवन का एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
2009 IPL FEMA केस में मिली थी राहत
ललित मोदी की ब्रिटिश नागरिकता की घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब कुछ महीने पहले उन्हें 2009 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित IPL टूर्नामेंट से जुड़े एक मामले में कानूनी राहत मिली थी। न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक, 'स्मगलर्स एंड फॉरेन एक्सचेंज मैनिपुलेटर्स (फॉरफीचर ऑफ प्रॉपर्टी) एक्ट (SAFEMA)' के तहत बनी अपीलीय ट्रिब्यूनल ने इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा ललित मोदी और अन्य अपीलकर्ताओं के खिलाफ लगाए गए अधिकांश निष्कर्षों और दंडों को खारिज कर दिया। खबरों के अनुसार, ट्रिब्यूनल ने पाया कि इस मामले में मोदी की जिम्मेदारी तय करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं थे। यह फैसला IPL के पूर्व चेयरमैन से जुड़े प्रमुख कानूनी मामलों में से एक में एक बड़ा मोड़ साबित हुआ है।
IPL के संस्थापक रहे हैं ललित मोदी
ललित मोदी ने ही इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की शुरुआत की थी। वे इसके पहले चेयरमैन रहे थे। उन्होंने इस टूर्नामेंट को स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई, जो आगे चलकर दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीगों में से एक बन गई। हालांकि, IPL के प्रमुख के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान विवाद भी देखने को मिले। 2013 में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कदाचार से जुड़े अनुशासनात्मक निष्कर्षों के आधार पर मोदी पर आजीवन बैन लगा दिया।
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रिब्यूनल ने पाया कि इस मामले में ललित मोदी की जिम्मेदारी साबित करने के लिए पर्याप्त सामग्री उपलब्ध नहीं थी। यह फैसला पूर्व IPL चेयरमैन से जुड़े प्रमुख कानूनी मामलों में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना गया। अब IPL की स्थापना से लेकर विवादों और अब ब्रिटिश नागरिकता हासिल करने तक ललित मोदी एक बार फिर चर्चा में हैं।