लैरी एलिसन बने दुनिया के सबसे अमीर शख्स, एलॉन मस्क को पहले पायदान से बेदखल किया

81 साल के एलिसन ऑरेकल के चेयरमैन और चीफ टेक्नोलॉजी अफसर हैं। वह ऑरेकल के को-फाउंडर भी हैं। उनकी की संपत्ति का आधार उनकी सॉफ्टेवयर कंपनी के शेयर हैं। इस साल ऑरेकल के शेयर 45 फीसदी चढ़ चुके हैं। 10 सितंबर को शेयरों में करीब 40 फीसदी की तेजी आई

अपडेटेड Sep 10, 2025 पर 10:54 PM
Story continues below Advertisement
Oracle के शेयरों में 10 सितंबर को करीब 40 फीसदी तेजी आई। इससे एलिसन की संपत्ति बढ़कर 393 अरब डॉलर हो गई।

लैरी एलिसन दुनिया के सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। उन्होंने नंबर एक पायदान से एलॉन मस्क को बेदखल कर दिया है। काफी समय से दुनिया के सबसे अमीर शख्स का खिताब मस्क के पास था। अमेरिकी शेयर बाजार खुलने के बाद ऑरेकल के शेयरों में उछाल आया। इससे एलिसन की संपत्ति 101 अरब डॉलर बढ़ गई। 81 साल के एलिसन ऑरेकल के चेयरमैन और चीफ टेक्नोलॉजी अफसर हैं। वह ऑरेकल के को-फाउंडर भी हैं।

ऑरेकल के शेयर एक दिन में 40 फीसदी उछले

ऑरेकल के तिमाही नतीजे उम्मीद से बेहतर रहे हैं। कंपनी ने आगे भी अच्छी ग्रोथ का अनुमान जताया है। इसका असर 10 सितंबर को ऑरेकल के शेयरों पर पड़ा। Oracle के शेयरों में 10 सितंबर को करीब 40 फीसदी तेजी आई। इससे Larry Ellison की संपत्ति बढ़कर 393 अरब डॉलर हो गई। यह एलॉन मस्क की 385 अरब डॉलर की संपत्ति से ज्यादा है। यह जानकारी ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स पर आधारित है। पहले कभी ऑरेकल के शेयरों में एक दिन में इतनी तेजी नहीं आई थी।


300 से ज्यादा दिन से मस्क थे सबसे अमीर शख्स

मस्क इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी टेस्ला के सीईओ हैं। वह पहली बार 2021 में दुनिया के सबसे अमीर शख्स बने थे। हालांकि, कुछ समय बाद ऐमेजॉन डॉट कॉम के जेफ बेजोस और फिर एलवीएमएच के बर्नार्ड अरनॉल्ट दुनिया के सबसे अमीर शख्स बने थे। मस्क ने पिछले साल दोबारा दुनिया के सबसे अमीर शख्स का ताज हासिल कर लिया था। वह 300 दिन से ज्यादा समय तक दुनिया के सबसे अमीर शख्स बने रहे।

यह भी पढ़ें: 'जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हूं' नेपाल की अंतरिम प्रमुख नियुक्त होने के बाद बोलीं सुशीला कार्की

इस साल 45 फीसदी चढ़ चुके हैं ऑरेकल के शेयर

एलिसन की संपत्ति का आधार उनकी सॉफ्टेवयर कंपनी के शेयर हैं। कंपनी के शेयरों में तेजी आने पर एलिसन की संपत्ति बढ़ जाती है। इस साल ऑरेकल के शेयर 45 फीसदी चढ़ चुके हैं। 10 सितंबर को शेयरों में करीब 40 फीसदी की तेजी आई। उधर, टेस्ला के शेयरों के लिए यह साल अच्छा नहीं रहा है। 2025 में टेस्ला के शेयर की कीमत 13 फीसदी गिरी है। हालांकि, कंपनी के बोर्ड ने मस्क के लिए एक बड़ी सैलरी पैकेज का ऐलान किया है। अगर मस्क कंपनी के लिए बड़े टारगेट्स पूरे कर लेते हैं तो वह दुनिया के पहले ट्रिलिनेयर बन सकते हैं।

ऑरेकल में 40 फीसदी हिस्सेदारी

एलिसन की ऑरेकल में 40 फीसदी हिस्सेदारी है। 10 सितंबर को अप्रत्याशित उछाल के बाद ऑरेकल की वैल्यूएशन 958 अरब डॉलर पहुंच गई। एलिसन की टेस्ला में भी हिस्सेदारी है, जो मस्क की कंपनी है। उनकी एक सेलिंग टीम और हवाई में एक द्वीप भी है। इसके अलावा वह इंडियन वेल्स ओपन टेनिस टूर्नामेंट के भी मालिक हैं। एलिसन टेस्ला के बोर्ड में 2018 से 2022 तक सदस्य रह चुके हैं।

एक दिन में संपत्ति 100 अरब डॉलर बढ़ गई

10 सितंबर को ऑरेकल के शेयरों में आए जबर्दस्त उछाल से एलिसन की संपत्ति एक दिन में 100 अरब डॉलर बढ़ गई। 9 सितंबर को शेयर बाजार बंद होने पर एलिसन की संपत्ति 293 अरब डॉलर थी। अगर ऑरेकल के शेयरों में तेजी जारी रहती है तो एलिसन की सपत्ति 400 अरब डॉलर के पार जा सकती है। इतनी ज्यादा वेल्थ वाले दुनिया के दूसरे शख्स बन जाएंगे। इससे पहले दिसंबर में मस्क की संपत्ति इस लेवल को पार कर गई थी।

Rakesh Ranjan

Rakesh Ranjan

First Published: Sep 10, 2025 10:29 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।