जापानी प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने रविवार को ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। ताकाइची के गठबंधन ने बहुमत के लिए जरूरी 233 सीटों का आंकड़ा पार कर लिया। की पार्टी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) ने इस चुनाव शानदार जीत हासिल की है। इस जीत से उनके लिए टैक्स में कटौती और सैन्य खर्च बढ़ाने जैसे अहम फैसलों का रास्ता साफ हो गया है। चीन के साथ बढ़ते तनाव के बीच मिली इस जीत ने संसद में उनकी स्थिति को और मजबूत कर दिया है।
इस मौके पर नरेंद्र मोदी ने ताकाइची को बधाई दी। उन्होंने कहा, “हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के चुनावों में आपकी शानदार जीत पर बधाई। हमारी विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी दुनिया में शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती है। मुझे भरोसा है कि आपके नेतृत्व में भारत-जापान की दोस्ती और मजबूत होगी।”
जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री
सनाए ताकाइची, जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री हैं। नेशनल ब्रॉडकास्टर NHK के अनुसार, उनकी पार्टी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) ने संसद के निचले सदन की 465 सीटों में से करीब 328 सीटें जीत ली हैं। मतदान खत्म होते ही LDP ने अकेले बहुमत के लिए जरूरी 233 सीटों का आंकड़ा पार कर लिया। इसके अलावा, गठबंधन सहयोगी जापान इनोवेशन पार्टी (इशिन) के साथ मिलकर यह गठबंधन सुपरमेजॉरिटी हासिल कर सकता है। इससे ताकाइची को ऊपरी सदन में विपक्ष के विरोध के बावजूद अपने फैसले लागू करने की ताकत मिल जाएगी।
सनाए ताकाइची ने एक टीवी इंटरव्यू में कहा कि इस चुनाव में बड़े नीतिगत बदलाव शामिल थे। उन्होंने बताया कि खासकर आर्थिक और वित्तीय नीतियों में बड़ा बदलाव करने और सुरक्षा नीति को मजबूत करने का मुद्दा प्रमुख रहा। उन्होंने कहा, “इन नीतियों का काफी विरोध हुआ है। लेकिन अगर जनता ने हमें समर्थन दिया है, तो हमें इन मुद्दों पर पूरी मजबूती से काम करना होगा।” ताकाइची ने सोशल मीडिया पर समर्थन के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी धन्यवाद किया। उन्होंने लिखा कि वह इस वसंत में व्हाइट हाउस जाने और जापान-अमेरिका गठबंधन को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम जारी रखने की उम्मीद करती हैं।