LaGuardia Airport Accident: एयर कनाडा की फ्लाइट 8646 मोंट्रियल ट्रूडो इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरकर न्यूयॉर्क के लागार्डिया एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड करने के बाद हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि लैंडिंग के बाद जब विमान रनवे से गेट की ओर जा रहा था, तभी उसकी एक फायर ट्रक से टक्कर हो गई। जिसके बाद यह हादसा हुआ। बता दें कि विमान में 100 से ज्यादा यात्री सवार थे।
इस टक्कर में विमान और फायर ट्रक दोनों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, शुरुआती जानकारी के मुताबिक किसी यात्री के घायल होने की खबर नहीं है।
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा से पता चला कि टक्कर के समय विमान जमीन पर चल रहा था।
घटना के बाद अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने लागार्डिया एयरपोर्ट पर सभी विमानों की उड़ान अस्थायी रूप से रोक दी। FAA ने बताया कि यह कदम इमरजेंसी स्थिति के कारण उठाया गया है और यह रोक 05:30 GMT तक लागू रहेगी। साथ ही, उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर इस समय को आगे भी बढ़ाया जा सकता है।
FAA ने एक अलग नोटिस में कहा कि Airport पर उड़ान सेवाएं शाम 6 बजे (GMT समय) तक प्रभावित रह सकती हैं। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, FAA ने इस इमरजेंसी की वजह के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी है।
न्यूयॉर्क शहर के फायर डिपार्टमेंट के प्रवक्ता के हवाले से AFP ने बताया कि रनवे पर विमान और वाहन से जुड़ी घटना की सूचना मिलने पर दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे।
प्रवक्ता ने AFP को भेजे गए एक ईमेल में कहा, "शहर के फायर डिपार्टमेंट ने रनवे पर विमान और वाहन से जुड़ी घटना की सूचना मिलने पर कार्रवाई की।"
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
वहीं, सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें हादसे के बाद विमान को काफी नुकसान हुआ दिख रहा है। हालांकि, इन वीडियो की सच्चाई की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कुछ पोस्टों में आरोप लगाया गया कि फायर ट्रक में पांच बचावकर्मी मौजूद थे और उनमें से कई गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य ने कई लोगों के घायल होने और संभावित मौतों का दावा किया।
वहीं, एक अन्य जानकारी के मुताबिक लगभग 70 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर और दो की हालत ठीक-ठाक बताई गई है।
एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में बताया गया कि फ्लाइट्स को जॉन एफ. कैनेडी अंइंटरनेशनल एयरपोर्ट सहित आसपास के एयरपोर्ट्स पर डायवर्ट किया जा रहा है।
हालांकि, इन दावों की अभी पुष्टि नहीं हुई है, और अभी तक अधिकारियों ने घायलों की संख्या या उनकी हालत को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।