Mehul Choksi Arrested: भगोड़ा मेहुल चोकसी बेल्जियम में गिरफ्तार, PNB लोन घोटाले के आरोपी को भारत प्रत्यर्पण की तैयारी

PNB Fraud Case: सूत्रों ने बताया कि मेहुल चोकसी को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के अनुरोध पर बेल्जियम में गिरफ्तार किया गया है। वह फिलहाल जेल में है। 2018 में भारत से भागने के बाद उसे न्याय के कटघरे में लाने के लिए वर्षों से चल रहे प्रयासों में उसकी गिरफ्तारी एक महत्वपूर्ण कदम है

अपडेटेड Apr 14, 2025 पर 8:27 AM
Story continues below Advertisement
PNB Fraud Case: मेहुल चोकसी की यह गिरफ्तारी केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के अनुरोध पर हुई है

PNB Fraud Case: पंजाब नेशनल बैंक (PNB) लोन धोखाधड़ी मामले में भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को बेल्जियम में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 'इकोनॉमिक टाइम्स' की एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। बताया जा रहा है कि 65 वर्षीय चोकसी को शनिवार (12 अप्रैल) को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के अनुरोध पर गिरफ्तार किया गया था। वह फिलहाल जेल में है। पुलिस ने चोकसी को गिरफ्तार करते समय मुंबई की एक अदालत द्वारा उसके खिलाफ जारी किए गए दो ओपन-एंडेड गिरफ्तारी वारंट का हवाला दिया। ये दोनों वारंट 23 मई 2018 और 15 जून 2021 को जारी किए गए थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि चोकसी खराब स्वास्थ्य और अन्य कारणों का हवाला देते हुए जमानत की मांग कर सकता है।

चोकसी पंजाब नेशनल बैंक में 13,500 करोड़ रुपये के लोन धोखाधड़ी में कथित संलिप्तता के लिए वांछित है। चोकसी फिलहाल एंटीगुआ में रहता है। वह यूरोप में इलाज के सिलसिले में गया था। उसके वकीलों का कहना है कि वह गंभीर बीमारियों से पीड़ित है। इसी आधार पर उसके वकील बेल्जियम की अदालत में जमानत की मांग करेंगे। उसने पहले मुंबई की एक अदालत में भी क्रॉनिक लिम्फोसाइटिक ल्यूकेमिया और लिम्फोमा होने का हवाला देते हुए भारत आने से असमर्थता जताई थी।

2018 में भारत से भागने के बाद उसे न्याय के कटघरे में लाने के लिए वर्षों से चल रहे प्रयासों में उसकी गिरफ्तारी एक महत्वपूर्ण कदम है। मेहुल चोकसी और उसके भतीजे हीरा कारोबारी नीरव मोदी पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाले में कथित भूमिका के लिए भारतीय अधिकारियों द्वारा वांछित हैं। उन पर PNB बैंक से 14,000 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने का आरोप है।


इसी मामले में सह-आरोपी नीरव मोदी को लंदन से प्रत्यर्पण का इंतजार है। दोनों जनवरी 2018 में भारत से भाग गए थे। चोकसी और उसके भतीजे नीरव मोदी पर बैंक से 13,850 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। दोनों बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी में अपनी भूमिका के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) दोनों द्वारा वांछित है।

ये भी पढ़ें- Bihar Election 2025: 'उनको तो हम नहीं जीतने देंगे': बिहार चुनाव से पहले प्रशांत किशोर का बड़ा बयान, क्या BJP से मिलाएंगे हाथ?

ED ने चोकसी के खिलाफ अपनी जांच को और तेज करते हुए देश-विदेश में उसकी संपत्तियों की पहचान कर ली है। इसी साल जनवरी में रिपोर्ट आई थी कि चौकसी के लगभग 80 करोड़ रुपये के अवैध रूप से अर्जित पैसे को विदेशों में ट्रैक किया गया है। जांच एजेंसी ने थाईलैंड, दुबई, जापान और अमेरिका में स्थित उसकी पांच संपत्तियों की पहचान की है। उन सभी को अब कब्जे में लेने की तैयारी है।

Akhilesh Nath Tripathi

Akhilesh Nath Tripathi

First Published: Apr 14, 2025 8:07 AM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।