Middle East Crisis: कुवैत में ईरान के भीषण हमले में एक भारतीय कर्मचारी की दुखद मौत हो गई है। खाड़ी देश के बिजली मंत्रालय ने सोमवार (30 मार्च) को बताया कि कुवैत में एक पावर और डीसैलिनेशन प्लांट पर ईरानी हमले में एक भारतीय मजदूर की मौत हो गई। ईरानी हमले में प्लांट के आसपास स्थित इंफ्रास्ट्रक्चर को भारी नुकसान पहुंचा है।
बिजली मंत्रालय की प्रवक्ता फातिमा अब्बास जौहर हयात ने कहा, "कुवैत राज्य के खिलाफ ईरानी आक्रामकता के तहत एक पावर और पानी डीसैलिनेशन प्लांट में एक सर्विस बिल्डिंग पर हमला किया गया। इसमें एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई और बिल्डिंग को काफी नुकसान पहुंचा।"
बता दें कि खाड़ी देशों में व्यापक संघर्ष और तेज हो गया है। रविवार को हवाई हमलों के कारण तेहरान और आसपास के इलाकों के कुछ हिस्सों में बिजली गुल हो गई। यह व्यवधान तब आया जब एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने अमेरिका पर जमीनी हमले की तैयारी करने का आरोप लगाया। जबकि साथ ही बातचीत के प्रति खुलेपन का संकेत भी दिया।
बढ़ते तनाव के बीच, पाकिस्तान ने कहा कि वह वाशिंगटन और तेहरान के बीच "सार्थक बातचीत" को सुविधाजनक बनाने और उसकी मेजबानी करने को तैयार है। ताकि ईरान के साथ अमेरिका-इजरायल के एक महीने से चल रहे युद्ध को समाप्त करने का प्रयास किया जा सके।
एक महीने से जारी है युद्ध
इजरायल ने 28 फरवरी को अमेरिका के साथ मिलकर ईरान के साथ युद्ध शुरू किया था। दक्षिणी लेबनान में ईरान समर्थित हिजबुल्लाह के खिलाफ भी इजरायल ने अपना अभियान जारी रखे हुए है। ईरान के ऊर्जा मंत्रालय ने राजधानी, आसपास के क्षेत्रों और अल्बोर्ज प्रांत में बिजली कटौती की सूचना दी। इन व्यवधानों का कारण बिजली के इंफ्रास्ट्रक्चर पर हुए हमलों को बताया। अधिकारियों ने बताया कि सप्लाई बहाल करने की कोशिशें जारी हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहले ही चेतावनी दी थी कि अगर तेहरान शांति समझौते पर राजी नहीं होता, तो ईरान के पावर स्टेशनों को निशाना बनाया जा सकता है। ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघर ग़ालिबफ ने रविवार को चेतावनी दी है कि US के किसी भी जमीनी ऑपरेशन का जवाब ताकत से दिया जाएगा। यह चेतावनी तब आई जब इस क्षेत्र में 3,500 अतिरिक्त सैनिकों को लेकर एक US युद्धपोत पहुंचा।
ईरान के एक बैलिस्टिक मिसाइल का मलबा संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में गिरने से पांच भारतीय घायल हो गए है। इस मिसाइल को UAE के एयर डिफेंस सिस्टम ने अपने टारगेट तक पहुंचने से पहले ही रोककर मार गिराया था। मिसाइल का मलबा 'खलीफा इकोनॉमिक जोंस अबू धाबी' के आस-पास के इलाके में गिरा। अबू धाबी मीडिया ऑफिस ने बताया कि अधिकारियों ने इस घटना में पाँच भारतीय नागरिकों के घायल होने की पुष्टि की है।
ऑफिस ने कहा, "जनता से अपील करते हैं कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें और अफवाहों या अपुष्ट सूचनाओं के प्रसार से बचें।" इससे पहले यूएई एक भारतीय समेत कम से कम दो लोगों की मौत हो गई थी। जबकि तीन अन्य घायल हो गए थे। अबू धाबी मीडिया कार्यालय ने बताया था कि इस घटना में मारा गया दूसरा व्यक्ति पाकिस्तानी नागरिक था। जबकि तीन अन्य घायलों में भी एक भारतीय शामिल है।
पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक डार ने रविवार को कहा कि सऊदी अरब, मिस्र और तुर्किये के विदेश मंत्रियों के साथ बैठक के बाद इस्लमाबाद अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता आयोजित करेगा। इसहाक डार ने विदेश मंत्रियों द्वारा पश्चिम एशिया संघर्ष पर परामर्श किए जाने के दौरान यह टिप्पणी की। पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था में गंभीर संकट पैदा हुए हैं।
इसहाक डार ने कहा कि उन्होंने इस्लामाबाद में अमेरिका-ईरान वार्ता की संभावनाओं के बारे में भी गणमान्य अतिथियों को जानकारी दी। सऊदी अरब, मिस्र, तुर्किये और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों ने चतुष्पक्षीय शिखर सम्मेलन के दौरान रविवार को इस्लामाबाद में पश्चिम एशिया संघर्ष पर चर्चा की ताकि तनाव कम करने का रास्ता खोजा जा सके।