Artemis II Mission: 50 साल बाद NASA का बड़ा मिशन लॉन्च, 4 अंतरिक्ष यात्री चांद की ओर रवाना

Artemis II Mission: 2 अप्रैल को फ्लोरिडा के केनेडी स्पेस सेंटर से नासा का आर्टेमिस-II मिशन सफलतापूर्वक लॉन्च हो गया है। SLS रॉकेट और ओरियन स्पेसक्राफ्ट के जरिए चार अंतरिक्ष यात्री गहरी अंतरिक्ष यात्रा पर निकल चुके हैं।

अपडेटेड Apr 02, 2026 पर 8:41 AM
50 साल बाद NASA का बड़ा मिशन लॉन्च, 4 अंतरिक्ष यात्री चांद की ओर रवाना

Artemis II Mission: आज यानी 2 अप्रैल को फ्लोरिडा के केनेडी स्पेस सेंटर से नासा का आर्टेमिस-II मिशन सफलतापूर्वक लॉन्च हो गया है। SLS रॉकेट और ओरियन स्पेसक्राफ्ट के जरिए चार अंतरिक्ष यात्री गहरी अंतरिक्ष यात्रा पर निकल चुके हैं। यह 50 साल से ज्यादा समय बाद यह पहला मौका है जब इंसान चांद के पास तक जा रहा है।

तेज आवाज और जोरदार गूंज के साथ यह बड़ा नारंगी-सफेद रॉकेट तीन अमेरिकी और एक कनाडाई यात्री को लेकर फ्लोरिडा के केनेडी स्पेस सेंटर से भारतीय समयानुसार सुबह 3:54 बजे लॉन्च हुआ।

आर्टेमिस-II मिशन में 4 अंतरिक्ष यात्री शामिल


नासा के इस चंद्रमा अभियान का नाम आर्टेमिस-II मिशन है। यह पिछले 50 सालों में नासा की ओर भेजा जा रहा पहला मानवयुक्त चंद्र मिशन है। इस अभियान की अगुवाई रीड वाइसमैन कर रहे हैं। इस मिशन में नासा के एस्ट्रोनॉट्स रीड वाइजमैन, विक्टर ग्लोवर, क्रिस्टीना कोच और कनाडाई स्पेस एजेंसी के जेरेमी हेंसन शामिल हैं। यह आर्टेमिस अभियान के तहत पहला मानव मिशन है, जो लगभग 10 दिनों तक चलेगा। इस मिशन में शामिल अंतरिक्ष यात्री चांद के दूर वाले हिस्से में जाकर रिसर्च करेंगे और फिर वहां से पृथ्वी पर वापस आएंगे।

क्या इस बार बनेगा नया रिकॉर्ड?

बता दें कि आर्टेमिस-II मिशन से पहले NASA Apollo Program के दौरान ही मानव चंद्रमा के आसपास गया था। इस बार अंतरिक्ष यात्री का लक्ष्य न सिर्फ चंद्रमा की परिक्रमा करना है, बल्कि अंतरिक्ष में पहले से भी ज्यादा दूरी तय करना है, जिससे एक नया रिकॉर्ड बनाया जा सकता है।

लोगों ने जताई खुशी

नासा की टीमों और वहां मौजूद लोगों ने पृथ्वी से दूर जाते अंतरिक्ष यान का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। कई सालों की देरी और ज्यादा खर्च के बाद यह मिशन आखिरकार सफलतापूर्वक शुरू हो गया।

एक दर्शक ने उत्साह से कहा, "हम चंद्रमा पर जा रहे हैं!"

आर्टेमिस 2 के लॉन्च से पहले अंतरिक्ष यात्री जेरेमी हैनसन ने कहा, हम पूरी मानवता के लिए जा रहे हैं।"

आर्टेमिस मिशन की लॉन्च डायरेक्टर ने अंतरिक्ष यात्रियों को किया संबोधित

इसके बाद आर्टेमिस मिशन की लॉन्च डायरेक्टर चार्ली ब्लैकवेल-थॉम्पसन ने सीधे अंतरिक्ष यात्रियों को संबोधित किया।

उन्होंने कहा, “रीड, विक्टर, क्रिस्टीना और जेरेमी: इस ऐतिहासिक मिशन पर, आप अपने साथ आर्टेमिस टीम का दिल, अमेरिकी जनता और दुनिया भर में हमारे सहयोगियों का साहसी जज्बा, और नई पीढ़ी की आशाएं और सपने लेकर जा रहे हैं। शुभकामनाएं। आर्टेमिस 2 को सफलता मिले। चलिए शुरू करते हैं।”

यह भी पढ़ें: US-Israel-Iran War: 'हमारी सेनाओं ने निर्णायक जीत दिलाई'; ईरान युद्ध पर डोनाल्ड ट्रंप अपने मुंह मियां मिट्ठू बने

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।