PM Balen Shah in Nuwakot: नेपाल में रसुवा की भोटेकोशी नदी में आई विनाशकारी बाढ़ से भारी तबाही मची है। इस आपदा के बीच, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह स्थिति का जायजा लेने के लिए खुद 'ग्राउंड जीरो' पर उतर गए हैं। अपने चिर-परिचित अंदाज में आंखों पर ब्लैक गॉगल्स लगाए पीएम बालेन शाह ने नुवाकोट जिले के विदुर नगर पालिका और आसपास के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया।
उनके साथ नेपाल के बुनियादी ढांचा विकास मंत्री सुनील लम्साल भी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद प्रधानमंत्री ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
सुबह-सुबह सड़क मार्ग से पहुंचे 'ग्राउंड जीरो'
बाढ़ से मची तबाही की गंभीरता को देखते हुए, प्रधानमंत्री बालेन शाह आज सुबह 9:30 बजे सड़क मार्ग से ही काठमांडू से नुवाकोट के लिए रवाना हो गए। उन्होंने प्रभावित बस्तियों में हुए भौतिक नुकसान का करीब से निरीक्षण किया। पीएम ने स्थानीय प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियों और जन प्रतिनिधियों के साथ मौजूदा स्थिति और चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन पर विस्तार से चर्चा की और इसके बाद वह वापस काठमांडू लौट गए।
अधिकारियों को पीएम बालेन शाह के 3 सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से ये निर्देश दिए:
तत्काल राहत सामग्री: बाढ़ के कारण बेघर और विस्थापित हुए परिवारों को तुरंत भोजन, सुरक्षित आश्रय और जरूरी राहत मुहैया कराई जाए।
सड़क और इंफ्रास्ट्रक्चर की बहाली: मलबे और बाढ़ के कारण बंद हुई सड़कों, पुलों और क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे को जल्द से जल्द ठीक कर यातायात के लिए खोला जाए।
पुनर्वास में तेजी: प्रभावित लोगों के लंबे समय के पुनर्वास के लिए ठोस योजना पर तुरंत काम शुरू किया जाए।
कल से ही लगातार एक्शन मोड में हैं पीएम
कल जब रसुवा की भोटे कोशी नदी से बाढ़ का पानी निचले इलाकों में घुसा और भारी तबाही मचानी शुरू की, तभी से प्रधानमंत्री बालेन शाह लगातार एक्शन मोड में हैं। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने काठमांडू में सरकारी एजेंसियों के साथ उच्च स्तरीय बैठकें की थीं और खोज, बचाव व राहत अभियानों को तेज करने का आदेश दिया था। सरकार की पूरी मशीनरी इस वक्त राहत कार्यों में युद्ध स्तर पर जुटी हुई है।