Pakistan Afghanistan War: तालिबान ने तैयार किए अपने सुसाइड बॉम्बर, पाकिस्तान में तबाही मचाने की तैयारी!

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच हालात एक बार फिर बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। दोनों तरफ से भारी नुकसान का दावा किया जा रहा है, लेकिन इन आंकड़ों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है। पाकिस्तान का कहना है कि उसने 133 अफगान तालिबान लड़ाकों को मार गिराया और 200 से ज्यादा को घायल किया

अपडेटेड Feb 27, 2026 पर 3:29 PM
Story continues below Advertisement
Pakistan Afghanistan War: तालिबान ने तैयार किए अपने सुसाइड बॉम्बर, पाकिस्तान में तबाही मचाने की तैयारी!

पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान के प्रमुख शहरों में तालिबान सरकार के ठिकानों पर बमबारी की, और इस्लामाबाद ने इस संघर्ष को "खुला युद्ध" करार दिया। सूत्रों का हवाला देते हुए, पाकिस्तान के सरकारी प्रसारक ने कहा कि इस एक्शन में सीमा के कई इलाकों में तालिबान की चौकियों, हेड क्वार्टर और गोला-बारूद डिपो पर हवाई और जमीनी हमले किए गए थे। एक पाकिस्तानी टीवी रिपोर्ट में दावा किया गया कि सशस्त्र बलों की निर्णायक जवाबी कार्रवाई के बाद अफगान तालिबान ने अपनी चौकियों पर "सफेद झंडे लहरा दिए"।

तालिबान का आत्मघाती दस्ता

हालांकि, पाकिस्तानी हमलों के बाद, अफगानिस्तान के नंगरहार में एक सरकारी मीडिया आउटलेट, बख्तर न्यूज एजेंसी ने आत्मघाती हमलावरों की एक बटालियन की तस्वीर साझा की और एक अफगान सुरक्षा सूत्र के हवाले से बताया कि हमलावर विस्फोटक जैकेट और कार बमों से लैस थे और बड़े ठिकानों पर हमला करने की तैयार कर रहे थे।


एजेंसी ने बताया कि तालिबान के उप प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने घोषणा की है कि पक्तिया, पक्तिका और खोस्त प्रांतों में डूरंड लाइन (पाकिस्तान के साथ सीमा) के अलग-अलग हिस्सों में बड़ी आक्रामक और जवाबी कार्रवाई चल रही है।

पाकिस्तान की ‘खुली जंग’ की चेतावनी

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच हालात एक बार फिर बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। दोनों तरफ से भारी नुकसान का दावा किया जा रहा है, लेकिन इन आंकड़ों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है।

पाकिस्तान का कहना है कि उसने 133 अफगान तालिबान लड़ाकों को मार गिराया और 200 से ज्यादा को घायल किया। साथ ही 27 चौकियां तबाह और 9 पर कब्जा करने का दावा किया गया है।

वहीं तालिबान का दावा है कि 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और 19 चौकियां उन्होंने अपने कब्जे में ले लीं। तालिबान के मुताबिक, उनके 8 लड़ाके मारे गए, 11 घायल हुए और नंगरहार में 13 आम नागरिक भी जख्मी हुए।

हवाई हमले और लड़ाकू विमान तैनात

पाकिस्तान एयर फोर्स (PAF) के लड़ाकू विमान कंधार के ऊपर गश्त कर रहे हैं। पाकिस्तान के सरकारी मीडिया PTV News के मुताबिक, अफगान तालिबान के ठिकानों पर हवाई हमले किए गए हैं।

पाकिस्तानी सेना ने कहा है कि वो किसी भी हमले का “मुंहतोड़ जवाब” देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

‘सब्र का प्याला भर चुका’

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा, “अब सब्र खत्म हो चुका है। अब हमारे और अफगानिस्तान के बीच खुली जंग है।”

इस बयान के बाद दोनों देशों के बीच 2,600 किलोमीटर लंबी सीमा पर लंबे संघर्ष का खतरा बढ़ गया है।

पाकिस्तान का आरोप है कि अफगान सरकार उसकी सरजमीं पर हमले करने वाले आतंकियों को पनाह दे रही है। तालिबान ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि पाकिस्तान की सुरक्षा उसकी अपनी आंतरिक समस्या है।

कहां-कहां हुए हमले?

तालिबान प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने दावा किया कि पाकिस्तानी सेना ने काबुल, कंधार और पक्तिया में हवाई हमले किए।

वीडियो में रात के अंधेरे में सीमा पर गोलाबारी और भारी तोपों की आवाज सुनी गई। काबुल में हमले के बाद दो जगहों से काला धुआं उठता और आग की बड़ी लपटें दिखीं।

एक और वीडियो में एक इमारत जलती नजर आई, जिसे पाकिस्तान ने पक्तिया प्रांत में तालिबान मुख्यालय बताया।

जवाबी कार्रवाई जारी

पाकिस्तान सरकार के प्रवक्ता मोशर्रफ जैदी ने कहा कि अफगानिस्तान की “बिना उकसावे की कार्रवाई” के जवाब में जवाबी हमले जारी हैं।

इससे पहले पाकिस्तान ने पूर्वी अफगानिस्तान में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और इस्लामिक स्टेट से जुड़े ठिकानों पर हवाई हमले किए थे। तब से पाकिस्तान में हाई अलर्ट जारी है और बड़े शहरों में आतंकी हमलों की आशंका जताई जा रही है।

गुरुवार रात हालात और बिगड़ गए, जब तालिबान ने पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमले का दावा किया। दोनों देशों ने सीमा पर एक-दूसरे की चौकियां तबाह करने का दावा किया है।

फिलहाल हालात बेहद नाजुक हैं और किसी बड़े टकराव का खतरा टलता नहीं दिख रहा।

तालिबान का बड़ा पलटवार! अफगानिस्तान में घुसे पाकिस्तानी F-16 को मार गिराने का दावा, वीडियो हुआ वायरल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।