Pakistan-Afghanistan War: पाकिस्तान का अफगानिस्तान पर बड़ा एयर स्ट्राइक! काबुल में अस्पताल पर बरसाए बम, 400 लोगों की मौत

Pakistan-Afghanistan War: अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र अस्पताल पर हुए घातक हवाई हमले में 400 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 250 से अधिक लोग घायल हैं। तालिबान सरकार ने इस एयर स्ट्राइक के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, पाकिस्तान ने अस्पताल पर हमले से इनकार किया है

अपडेटेड Mar 17, 2026 पर 7:21 AM
Story continues below Advertisement
Pakistan-Afghanistan War: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जारी युद्ध अब घातक होता जा रहा है

Pakistan-Afghanistan War: अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर राजधानी काबुल के एक अस्पताल पर हवाई हमले करने का आरोप लगाया है। अस्पताल में नशे के आदी लोगों का इलाज चल रहा था। अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने कहा कि इस हमले में 400 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। जबकि 250 लोग घायल हैं। हालांकि, पाकिस्तान ने इस आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उसके हमले केवल सैन्य और आतंकवादी ठिकानों को टारगेट कर रहे हैं। लेकिन तालिबान सरकार ने इस एयर स्ट्राइक के लिए पाकिस्तान को ही जिम्मेदार ठहराया है।

न्यूज एजेंसी AP की रिपोर्ट के अनुसार, अफगानिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शराफत जमान ने स्थानीय मीडिया को दिए एक टीवी इंटरव्यू में मरने वालों की संख्या बताई। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति अस्पताल का हर हिस्सा पूरी तरह से तबाह हो गया है। अफगान सरकार के उप-प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने कहा कि मरने वालों की संख्या बढ़कर 400 हो गई है और 250 लोग घायल हुए हैं।

स्थानीय समय के अनुसार सोमवार रात में अफगान राजधानी में जोरदार धमाके हुए। अधिकारियों ने बताया कि काबुल शहर और आस-पास के इलाकों में कई धमाकों की आवाजें सुनाई दी। शहर-ए-नवा तथा वजीर अकबर खान इलाकों से धुएं के गुबार उठते दिखाई दिए। तालिबान के प्रवक्ता ज़बीहुल्ला मुजाहिद ने पाकिस्तानी सेना पर अफगान हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने और काबुल में एक नशा मुक्ति केंद्र को निशाना बनाने का आरोप लगाया।


उन्होंने कहा कि इस हमले में अस्पताल में इलाज करवा रहे नशे के आदी लोगों की मौत हो गई। उन्होंने आगे कहा, "हम इस अपराध की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। ऐसे कृत्य को सभी सर्वमान्य मानवीय सिद्धांतों का उल्लंघन मानते हैं।" स्थानीय टीवी चैनलों ने सोशल मीडिया पर फुटेज पोस्ट किए, जिनमें सुरक्षा बल टॉर्च की रोशनी में हताहतों को बाहर निकालते हुए दिखाई दे रहे थे। जबकि फायरकर्मी एक इमारत के मलबे के बीच लगी आग को बुझाने के लिए संघर्ष कर रहे थे।

यह हमला उस समय हुआ जब कुछ घंटों पहले अफगान अधिकारियों ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच साझा सीमा पर गोलीबारी हुई। पड़ोसी देशों के बीच वर्षों में सबसे घातक लड़ाई तीसरे सप्ताह में प्रवेश कर गई है।

सरकारी प्रवक्ता जबिहुल्लाह मुजाहिद ने X पर हमले की निंदा करते हुए कहा कि यह अफगानिस्तान की सीमा का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि मारे गए और घायल हुए लोगों में से अधिकतर वे थे जिनका ड्रग्स की लत छुड़ाने का इलाज किया जा रहा था।

पाकिस्तान ने हमले से किया इनकार

पाकिस्तान ने कहा कि उसने काबुल में सैन्य ठिकानों और आतंकवादी सहायता ढांचे पर सटीक हमले किए हैं। लेकिन अफगान दावों से इनकार किया कि हमलों में नशा मुक्ति केंद्र को निशाना बनाया गया। पाक ने कहा कि सेना ने काबुल और अफगान सीमावर्ती प्रांत नंगरहार में कुछ जगहों को निशाना बनाया।

पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने दावा किया कि अस्पताल पर हमले की खबरें झूठी और गुमराह करने वाली हैं। उन्होंने कहा कि इनका मकसद सीमा पार आतंकवाद के लिए अवैध समर्थन को छिपाना था। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मोशर्रफ जैदी ने इन आरोपों को खारिज किया और कहा कि काबुल में किसी भी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया।

ये भी पढे़ं- Landslide in Kishtwar: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में भूस्खलन! 1 की मौत, 230 लोगों को बचाया गया

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।