Pakistan hockey team: 'खेलने से पहले हमें बर्तन धोने पड़े'; ऑस्ट्रेलिया में शर्मसार हुई पाकिस्तानी हॉकी टीम, कप्तान ने आसिम मुनीर को घसीटा

Pakistan hockey team: पाकिस्तान के हॉकी कैप्टन शकील अम्माद बट ने नेशनल फेडरेशन की बुराई की है। उन्होंने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ आसिम मुनीर से जल्द से जल्द इस मामले पर ध्यान देने की गुजारिश की है। उन्होंने कहा कि सिडनी में उनकी टीम को न केवल होटल में बुकिंग नहीं होने के कारण सड़कों पर भटकना पड़ा। उन्हें खुद बर्तन भी धोने पड़े

अपडेटेड Feb 19, 2026 पर 2:19 PM
Story continues below Advertisement
Pakistan hockey team: ऑस्ट्रेलिया में पाकिस्तानी हॉकी टीम की गजब बेइज्जती हुई है

Pakistan hockey team: पाकिस्तान हॉकी टीम के कप्तान शकील अम्माद बट ने ऑस्ट्रेलिया के उथल-पुथल भरे दौरे से लौटने के बाद पाकिस्तानी हॉकी फेडरेशन की जमकर आलोचना की है। उन्होंने कहा कि इस दौरे के दौरान सिडनी में उनकी टीम को न केवल होटल में बुकिंग नहीं होने के कारण सड़कों पर भटकना पड़ा। बल्कि मैच खेलने के लिए जाने से पहले बर्तन भी धोने पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि खेलने से पहले हमें खुद ब्रेकफास्ट बनाना पड़ा।

बट ने बुधवार (18 फरवरी) को सुबह लाहौर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से कहा कि पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) उनसे झूठ बोल रहा था। अब पानी सिर के ऊपर से बाहर चला गया है। बट ने कहा, "हम फेडरेशन के मौजूदा मैनेजमेंट के रहते हुए खेलना जारी नहीं रख सकते। जब खिलाड़ियों को मैच खेलने जाने से पहले किचन साफ करनी पड़ती है। बर्तन धोने पड़ते हैं तो आप हमसे कैसे अच्छे परिणाम की उम्मीद कर सकते हैं।"

सरकारी स्वामित्व वाले पाकिस्तान खेल बोर्ड (पीएसबी) ने पुष्टि की थी कि उसने ऑस्ट्रेलिया में राष्ट्रीय टीम के होटल में ठहरने की व्यवस्था के लिए पीएचएफ को एक करोड़ से अधिक पाकिस्तानी रुपये दिए थे। इसके बाद पीएचएफ को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा है।


एयरपोर्ट पर 13-14 घंटे तक करना पड़ा इंतजार

पाकिस्तान हॉकी टीम को कैनबरा जाने वाली अपनी अगली उड़ान से पहले सिडनी एयरपोर्ट पर 13-14 घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इससे भी अधिक चिंताजनक खबरें तब सामने आई जब टीम एफआईएच प्रो लीग मैचों से पहले अपने होटल में पहुंची थी। खिलाड़ियों को बताया गया कि उनकी कोई बुकिंग नहीं है क्योंकि होटल को किसी तरह का एडवांस पेमेंट नहीं किया गया था। शकील अम्माद बट ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ आसिम मुनीर से जल्द से जल्द इस मामले पर ध्यान देने की अपील की है।

खुद बर्तन धोने पड़े

शकील अम्माद बट ने गुस्से में पूछा, "हम फेडरेशन के इस मौजूदा मैनेजमेंट के साथ काम नहीं कर सकते। जब प्लेयर्स को मैच खेलने जाने से पहले किचन साफ ​​करना पड़ता है। बर्तन भी धोने पड़ते हैं, तो आप हमसे क्या उम्मीद करते हैं?" उनके मुताबिक, पाक खिलाड़ियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। होटल की व्यवस्था होने से पहले वे सड़कों पर भटकते रहे। अगले दिन दोपहर को उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना पहला मैच खेलना था, जिसमें टीम 2-3 से हार गई।

ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान पाकिस्तान ने मेजबान टीम के अलावा जर्मनी के खिलाफ भी मैच खेले। लेकिन वह सभी मैच हार गया। बट ने कहा, "सबसे दुखद बात यह थी कि एयरबीएनबी ने केवल 10 दिन के लिए होटल बुक किया था। जबकि हमें 13 दिन तक रुकना था। 10 दिन के बाद हमें एक सस्ते होटल में रुकना पड़ा।"

शहबाज शरीफ ने दिए जांच के आदेश

PSB के डायरेक्टर जनरल नूर उस सबाह ने मीडिया को बताया कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। वह एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। शरीफ PHF के चीफ पैट्रन हैं। बट ने खुलासा किया कि पीएचएफ ने खिलाड़ियों को चेतावनी दी थी कि अगर वे मीडिया से बात करेंगे तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- Ajit Pawar Plane Crash: 'ब्लैक बॉक्स इतनी आसानी से नष्ट नहीं हो सकता'; अजित पवार के बेटे ने की बारामती प्लेन क्रैश की जांच की मांग

उन्होंने पत्रकारों से कहा, "ऑस्ट्रेलिया में हमने जो कुछ झेला है उसी के चलते मैं अपनी बात कह रहा हूं। अगर हमें आगे बढ़ना है तो हमें विदेशी कोच की जरूरत है। हमारे पास अच्छे खिलाड़ी हैं लेकिन हमें एक विदेशी कोच और अच्छे मैनेजमेंट की जरूरत है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।