Pakistan Petrol Price: पाकिस्तान सरकार ने लोगों को दिया जोर का झटका, पेट्रोल-डीजल की कीमतें 54% तक बढ़ाई

Pakistan Petrol Price: पाकिस्तान क्रूड ऑयल और गैस के लिए काफी ज्यादा इंपोर्ट पर निर्भर है। इससे पहले उसने 6 मार्च को कीमतें 20 फीसदी तक बढ़ाई थी। तब मध्यपूर्व की लड़ाई शुरू हुए एक हफ्ते हुए थे। पाकिस्तान की सरकार ने ईंधन की बचत के लिए कई दूसरे उपाय भी अपनाए हैं

अपडेटेड Apr 03, 2026 पर 2:00 PM
Story continues below Advertisement
पाकिस्तान की सरकार ने पेट्रोल की कीमतें 42.7 फीसदी और डीजल की कीमतें 54.9 फीसदी बढ़ा दी हैं।

Pakistan Petrol Price: पाकिस्तान की सरकार और लोग अपनी तुलना भारत से करते रहते हैं। भारत में सरकार ने क्रूड की कीमतों में उछाल के बावजूद नॉर्मल पेट्रोल और डीजल की कीमतें नहीं बढ़ाई है। लेकिन, पाकिस्तान की सरकार ने पेट्रोल की कीमतें 42.7 फीसदी और डीजल की कीमतें 54.9 फीसदी बढ़ा दी हैं। इसका ऐलान सरकार ने 2 अप्रैल को किया। इससे पाकिस्तान के लोगों को बड़ा झटका लगा है।

पाकिस्तान के पेट्रोलियम मिनिस्टर ने किया ऐलान

पाकिस्तान के पेट्रोलियम मिनिस्टर अली परवेज मलिक ने कहा, " यह फैसला लिया गया कि इंटरनेशनल मार्केट्स को ध्यान में रख पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ गई हैं। पेट्रोल की नई कीमत 458.40 रुपये प्रति लीटर (पाकिस्तानी रुपया) होगी। नई कीमत 3 अप्रैल से लागू है।" डॉलर में यह कीमत करीब 1.64 डॉलर प्रति लीटर है। यह भारत में पेट्रोल की कीमत से डेढ़ गुना से ज्यादा है।


सरकार ने क्रूड में उछाल का बोझ ग्राहकों पर डाला

उन्होंने कहा, "डीजल हमारे वर्कर्स और पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए काफी अहम है। इसकी कीमत 520.35 रुपये प्रति लीटर (पाकिस्तानी रुपया) तय की गई है।" यह प्रति लीटर 1.86 डॉलर के बराबर है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने बजट को देखते हुए यह फैसला लिया। सरकार क्रूड की कीमतों में उछाल का बोझ ग्राहकों पर डालने को मजबूर हुई। उन्होंने कहा कि रिसोर्सेज लिमिटेड है। और इस लड़ाई (अमेरिका-ईरान) की लड़ाई जल्द खत्म होने के संकेत नहीं दिख रहे।

अमेरिका-ईरान की लड़ाई से क्रूड ऑयल में उछाल

अमेरिका-इजरायल और ईरान की लड़ाई 28 फरवरी को शुरू हुई थी। उसके बाद से क्रूड ऑयल की कीमतें आसमान में पहुंच गईं। इसकी बड़ी वजह खाड़ी देशों से क्रूड की सप्लाई में बाधा है। ईरान के स्ट्रीट ऑफ होर्मुज को बंद करने का असर क्रूड की कीमतों पर पड़ा है। उधर, ईरान ने कई खाड़ी देशों में ऑयल इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया है, जिससे क्रूड के उत्पादन में कमी आई है।

6 मार्च को भी पाकिस्तान सरकार ने बढ़ाई थी कीमतें

पाकिस्तान क्रूड ऑयल और गैस के लिए काफी ज्यादा इंपोर्ट पर निर्भर है। इससे पहले उसने 6 मार्च को कीमतें 20 फीसदी तक बढ़ाई थी। तब मध्यपूर्व की लड़ाई शुरू हुए एक हफ्ते हुए थे। पाकिस्तान की सरकार ने ईंधन की बचत के लिए कई दूसरे उपाय भी अपनाए हैं। कई सरकारी ऑफिसेज में हफ्ते में सिर्फ चार दिन काम हो रहे हैं। स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। कुछ क्लासेज ऑनलाइन चल रही हैं।

यह भी पढ़ें: Trump Tariffs: चुनिंदा फार्मा कंपनियों पर US लगाएगा 100% तक टैरिफ, मेटल इंपोर्ट के नियम किए कड़े

पाकिस्तान में डीजल का प्राइस भारत के मुकाबले करीब दोगुना 

इंडिया से तुलना करें तो पाकिस्तान में डीजल की कीमत करीब दोगुनी हो गई है। 3 अप्रैल को दिल्ली में नॉर्मल पेट्रोल का प्राइस 94.77 रुपये प्रति लीटर है। डीजल की कीमत 87.67 रुपये प्रति लीटर है। हालांकि, मुंबई में पेट्रोल की कीमत 103.50 रुपये प्रति लीटर है, जबकि डीजल की कीमत 90.01 रुपये प्रति लीटर है। भारत में सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को प्रति लीटर पेट्रोल पर 24.40 रुपये का लॉस हो रहा है। डीजल पर उन्हें प्रति लीटर 104.99 रुपये प्रति लीटर का लॉस हो रहा है। लेकिन, आम लोगों को ध्यान में रख सरकारी कंपनियों ने कीमतों में इजाफा नहीं किया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।