Petrol-Diesel Price: पाकिस्तान में 22 रुपये सस्ता हुआ पेट्रोल-डीजल, पड़ोसी देश में अभी भी ₹381 लीटर है तेल

Petrol-Diesel Price Hike:पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमतों में प्रति लीटर 22 रुपये की कटौती का ऐलान किया है। अब पड़ोसी देश में हाई-स्पीड डीजल की नई कीमत लगभग ₹380 प्रति लीटर और पेट्रोल की कीमत करीब ₹381 प्रति लीटर हो गई है

अपडेटेड May 30, 2026 पर 10:41 AM
Petrol-Diesel Price Hike: ईरान युद्ध के कारण दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में हलचल मच गई है

Petrol-Diesel Price Hike: फरवरी में अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतें काफी बढ़ गई हैं। इससे दुनिया की ज्यादातर बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में हलचल मच गई है। होर्मुज जलडमरूमध्य अभी भी बंद है। वहां से बहुत कम आवाजाही हो रही है, जिससे सप्लाई में रुकावट आ गई है। फिलहाल इसका कोई अंत नजर नहीं आ रहा है। इसका मतलब यह हुआ है कि भारत सहित दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं को पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ाने पर मजबूर होना पड़ा है। हालांकि, भारत में बढ़ती कीमतों के बीच पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल के दाम 22 रुपये कम हो गए हैं।

शहबाज शरीफ सरकार ने शुक्रवार 29 मई को पाकिस्तान में पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमतों में प्रति लीटर पर 22 रुपये की कटौती का ऐलान किया। पिछले सप्ताह भी पाक सरकार ने दुनिया भर में कीमतों में कमी के चलते पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 6 से 7 रुपये की कटौती की थी। पिछली कटौती के बाद पाकिस्तान में HSD की कीमत ₹402.78 प्रति लीटर और पेट्रोल की कीमत ₹403.78 प्रति लीटर हो गई थी।

पाकिस्तान में अभी भी ₹381 लीटर है पेट्रोल


अब कीमतों में ₹22 की एक और कटौती के बाद पड़ोसी देश में हाई-स्पीड डीजल की नई कीमत लगभग ₹380 प्रति लीटर और पेट्रोल की कीमत लगभग ₹381 प्रति लीटर हो गई है। कीमतों में ताजा कटौती का ऐलान पाकिस्तानी प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी एक बयान में किया गया। इसमें कहा गया कि PM शहबाज ने वादा किया था कि जैसे ही लोगों को राहत देने की गुंजाइश बनेगी, उन्हें राहत दी जाएगी।

पीएम शहबाज शरीफ ने कहा, "यह फैसला किया गया है कि पेट्रोल की कीमत में ₹22 प्रति लीटर की कटौती की जाएगी और डीजल की कीमत में भी ₹22 प्रति लीटर की कटौती की जाएगी।" बाद में, पेट्रोलियम डिवीजन ने कहा कि नई कीमतें 30 मई (शनिवार) से लागू रहेंगी। इस बीच, केरोसिन की कीमत भी ₹313.44 से घटाकर ₹272 कर दी गई है। एक बयान में PM शहबाज ने कहा कि लोगों को राहत देना मेरी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतें

भारत में 25 मई को पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 2.71 रुपये लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। यह पिछले दो हफ्तों से भी कम समय में चौथी वृद्धि थी। सरकारी तेल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के साथ उसके खुदरा दाम बढ़ा रही हैं। इस ताजा बढ़ोतरी के साथ, 15 मई से लेकर पेट्रोल और डीजल के दामों में कुल मिलाकर करीब 7.5 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हो चुकी है। इससे अर्थव्यवस्था में महंगाई के दबाव और परिवहन लागत बढ़ने की आशंकाएं तेज हो गई हैं।

भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमत

इस ताजा बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 99.51 रुपये से बढ़कर 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 92.49 रुपये से बढ़कर 95.20 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं, मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर, कोलकाता में 113.51 रुपये और 99.82 रुपये प्रति लीटर, जबकि चेन्नई में 107.77 रुपये और 99.55 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

इससे पहले, 15 मई को पेट्रोल और डीजल में तीन-तीन रुपये प्रति लीटर, 19 मई को 90 पैसे प्रति लीटर तथा 23 मई को पेट्रोल में 87 पैसे और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। विभिन्न राज्यों में स्थानीय टैक्स के कारण पेट्रोल-डीजल की कीमतों में अंतर होता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, फरवरी के अंत से अब तक वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। इसका कारण पश्चिम एशिया में तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य से आपूर्ति बाधित होने की आशंका है। संघर्ष के शुरुआती ढाई महीनों में तेल कंपनियों ने लागत बढ़ने के बावजूद खुदरा कीमतों को स्थिर रखा था।

ये भी पढ़ें- Abraham Accords: पाकिस्तान को अमेरिका से दोस्ती पड़ी भारी! इजरायल को मान्‍यता देने पर अड़े ट्रंप, उधर शहबाज का अब्राहम अकॉर्ड्स का हिस्सा बनने इनकार

सरकार ने इसे उपभोक्ताओं को महंगाई से बचाने का कदम बताया था। देश में पेट्रोल और डीजल के दाम अब मई 2022 के बाद अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गए हैं। उद्योग जगत के अधिकारियों का कहना है कि हालिया इजाफा इस तरह से किए गए हैं कि तेल कंपनियों पर दबाव कुछ हद तक कम हो। लेकिन इससे महंगाई में तेज झटका न लगे। हालांकि इन बढ़ोतरी से कीमतों पर दबाव बढ़ना तय है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।