Credit Cards

'पुतिन पूरी तरह पागल हो गए हैं': यूक्रेन पर सबसे बड़े हमले से भड़के ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति पर साधा निशाना

Ukraine-Russia War Latest News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहली बार रूस द्वारा 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद से यूक्रेन पर सबसे बड़ी हवाई बमबारी शुरू करने के बाद नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि मैं पुतिन के काम से खुश नहीं हूं। वह बहुत से लोगों को मार रहे हैं। मुझे नहीं पता कि पुतिन को आखिर क्या हुआ है

अपडेटेड May 26, 2025 पर 8:23 AM
Story continues below Advertisement
Ukraine-Russia War Latest News: यूक्रेन में रूस के बड़े ड्रोन हमले पर डोनाल्ड ट्रंप ने अपना आपा खो दिया

Ukraine-Russia War Latest News: रूस की तरफ से यूक्रेन में बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमला करने एवं 13 लोगों की हत्या करने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार (25 मई) को अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन की तीखी आलोचना की। ट्रंप ने कहा कि वे "पूरी तरह पागल" हो गए हैं। ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर कहा कि रूस के व्लादिमीर पुतिन के साथ मेरे हमेशा से बहुत अच्छे संबंध रहे हैं। लेकिन उनके साथ कुछ हुआ है। वे बिल्कुल पागल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि वे बेवजह बहुत से लोगों को मार रहे हैं और मैं सिर्फ सैनिकों की बात नहीं कर रहा हूं।

इसके अलावा पत्रकारों से बातचीत में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि पुतिन जो कर रहे हैं मैं उससे खुश नहीं हूं। वो बहुत से लोगों की जान ले रहे हैं। पता नहीं पुतिन को क्या हो गया है। उन्होंने मास्को को चेतावनी भी दी कि यूक्रेन पर पूर्ण कब्जा करने का कोई भी प्रयास रूस के पतन की ओर ले जाएगा।

ट्रंप ने कहा, "रूस के व्लादिमीर पुतिन के साथ मेरे हमेशा से बहुत अच्छे संबंध रहे हैं, लेकिन उनके साथ कुछ हुआ है। वह बिल्कुल पागल हो गए हैं! वह बेवजह बहुत से लोगों को मार रहे हैं। मैं सिर्फ सैनिकों की बात नहीं कर रहा हूं। यूक्रेन के शहरों में बिना किसी कारण के मिसाइल और ड्रोन दागे जा रहे हैं।"


अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा, "मैंने हमेशा कहा है कि वह यूक्रेन का सिर्फ एक टुकड़ा नहीं, बल्कि पूरा यूक्रेन चाहते हैं। शायद यह सही साबित हो रहा है। लेकिन अगर वह ऐसा करते हैं, तो यह रूस के पतन की ओर ले जाएगा!"

ट्रंप ने अतीत में पुतिन की तारीफ कर चुके हैं। लेकिन हाल के हफ्तों में कीव के साथ युद्धविराम वार्ता में मास्को की स्थिति के प्रति निराशा दिखाई है। मास्को ने यूक्रेन के खिलाफ रिकॉर्ड संख्या में ड्रोन लॉन्च किए, जिससे देश भर में 13 लोग मारे गए।

इसके बाद वाशिंगटन जाने वाले एयरफोर्स वन में सवार होने से पहले मॉरिसटाउन एयरपोर्ट पर ट्रंप ने कहा, "मैं पुतिन के काम से खुश नहीं हूं। वह बहुत से लोगों को मार रहे हैं। मुझे नहीं पता कि पुतिन को आखिर क्या हुआ है। मैं उन्हें लंबे समय से जानता हूं। हमेशा उनके साथ रहा हूं, लेकिन वह शहरों में रॉकेट भेज रहे हैं और लोगों को मार रहे हैं। मुझे यह बिल्कुल पसंद नहीं है।"

रूस ने रविवार (25 मई) को रात भर में 367 ड्रोन और मिसाइलों के साथ अपना अब तक का सबसे बड़ा हमला किया। रूस ने कीव सहित कई शहरों पर बड़ा हमला किया। यूक्रेन की आपातकालीन सेवाओं ने लगातार दूसरी रात बड़े पैमाने पर रूसी हवाई हमलों के बीच "आतंक" का माहौल बताया।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि रूसी हमले में 30 से अधिक यूक्रेनी शहरों पर हमला किया गया और विभिन्न प्रकार की 70 मिसाइलें दागी गईं। उन्होंने कहा, "हर ऐसा आतंकवादी रूसी हमला रूस के खिलाफ नए प्रतिबंधों के लिए पर्याप्त कारण है। रूस इस युद्ध को खींच रहा है और हर दिन हत्याएं कर रहा है। दुनिया वीकेंड की छुट्टी पर जा सकती है, लेकिन युद्ध जारी है। इसे नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता। अमेरिका की चुप्पी, दुनिया भर के अन्य लोगों की चुप्पी केवल पुतिन को प्रोत्साहित करती है।"

ये भी पढ़ें- दिल्ली से दुबई की एयर इंडिया फ्लाइट में हंगामा: AC हुआ बंद, घुटन के बाद विमान से उतरे यात्री

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।