TIME 100 Most Influential List: अमेरिकी मैगजीन टाइम ने बुधवार (15 अप्रैल) को दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की अपनी सालाना लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी समेत अन्य लोग शामिल हैं। इस लिस्ट में अन्य वैश्विक नेता अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो, कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, मैक्सिकन राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबॉम, जापान की पहली महिला पीएम सनाए ताकाइची, पोप लियो XIV और अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ का नाम शामिल है।
नेपाल के युवा प्रधानमंत्री बालेन शाह और बांग्लादेश के पीएम तारिक रहमान जैसे हाल ही में चुने गए नेता भी इस लिस्ट में शामिल हैं। TIME की 2026 की दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की लिस्ट में भारतीय मूल के तीन लोग शामिल हैं। अल्फाबेट के CEO सुंदर पिचाई, बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर और मास्टरशेफ विकास खन्ना का नाम इस लिस्ट में शामिल है।
गूगल की शीर्ष अधिकारी सुंदर पिचाई को AI में योगदान, विकास खन्ना को समाजसेवा और भारतीय संस्कृति को ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर ले जाने के लिए इस लिस्ट में शामिल किया गया है। जबकि रणबीर कपूर को अपने संवेदनशील अभिनय के लिए सराहा गया। टाइम मैगजीन में रणबीर की प्रोफाइल अभिनेता आयुष्मान खुराना ने लिखी थी। इस बीच, शेफ विकास खन्ना ने टाइम की 100 लोगों की लिस्ट में शामिल होने पर खुशी जाहिर की है।
किसके बारे में क्या लिखा?
1. सुंदर पिचाई: TIME मैगजीन ने सुंदर पिचाई की उस लीडरशिप को हाईलाइट किया, जिसके जरिए उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को दुनिया भर के ज्यादा लोगों तक पहुंचाया। टाइम ने कहा कि 2015 में Google के CEO बनने के बाद से उन्होंने कंपनी की रिसर्च को ऐसे प्रोडक्ट्स में बदलने का काम देखा है, जिन्हें अरबों लोग इस्तेमाल करते हैं।
2. रणबीर कपूर: अभिनेता आयुष्मान खुराना ने रणबीर कपूर का प्रोफाइल लिखा है। इसमें उन्होंने उन्हें एक ऐसे कलाकार के तौर पर बताया जो अपनी शांत, लेकिन असरदार परफॉर्मेंस के लिए जाने जाते हैं। खुराना ने लिखा, "कुछ एक्टर ऐसे होते हैं जो अपनी विरासत बनाने के पीछे भागते हैं, और कुछ एक्टर ऐसे होते हैं जो अपनी कला के दम पर खुद एक विरासत बन जाते हैं। रणबीर कपूर दूसरी तरह के एक्टर हैं।" उन्होंने आगे कहा कि कपूर का काम सफलता के आम पैमानों से कहीं आगे है।
3. विकास खन्ना: TIME ने विकास खन्ना की उस काबिलियत पर जोर दिया, जिससे वे खाने को एक आम भाषा के तौर पर इस्तेमाल करके, जिंदगी के हर तबके के लोगों से जुड़ पाते हैं। मैगजीन ने लिखा, "वे अपनी संस्कृति पर बहुत गर्व करते हैं। भारतीय परंपराओं की समृद्धि को दुनिया भर के लोगों के साथ इस तरह साझा करते हैं कि वे उनके लिए आसानी से समझ में आने वाली और मायने रखने वाली बन जाती हैं। 'बंगलॉ' के जरिए उन्होंने सिर्फ एक रेस्टोरेंट ही नहीं बनाया है। बल्कि यह कहानी कहने का एक जीता-जागता जरिया है। हर डिश में यादें, विरासत और उनकी टीम की मिली-जुली आवाज झलकती है। यह उन कहानियों को जगह देती है जिन्हें सुना जाना चाहिए।"