होर्मुज में चल रहा लुका-छिपी का खेल! अमेरिकी नाकेबंदी तोड़कर निकले कई जहाज, पर बीच समंदर से वापस मुड़ने को हुए मजबूर

US Naval Blockade On Iran: मरीन ट्रैकर 'केपलर' के अनुसार, सोमवार शाम को अमेरिकी नाकेबंदी लागू होने के बाद कम से कम सात ऐसे जहाज जलसंधि से गुजरे जिनका संबंध ईरान से था। एक तरफ अमेरिका ईरान से जुड़े जहाजों के लिए नाकेबंदी की बात कर रहा है वहीं दूसरी तरफ मरीन डेटा के अनुसार ऐसे जहाज होर्मुज से निकल भी रहे है

अपडेटेड Apr 15, 2026 पर 9:03 AM
Story continues below Advertisement
अमेरिका का कहना है कि उनकी नाकेबंदी पूरी तरह जारी है

US Blockade-Hormuz: पेरिस से आई एक रिपोर्ट ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जारी तनाव के बीच एक दिलचस्प तस्वीर पेश की है। मरीन ट्रैकर केपलर के डेटा अनुसार, अमेरिका द्वारा घोषित नौसैनिक नाकेबंदी के बावजूद कम से कम तीन ऐसे जहाज देखे गए हैं जिन्होंने ईरानी बंदरगाहों से निकलकर होर्मुज जलसंधि को पार किया। हालांकि, इनमें से कुछ जहाजों को बाद में अपना रास्ता बदलना पड़ा या वे वापस मुड़ गए। अमेरिकी ब्लॉकेड के बीच होर्मुज में जहाजों के लुका-छिपी का खेल चल रहा है।

नाकेबंदी तोड़कर कौन से जहाज निकले?

जहाज ट्रैकर 'केपलर' के अनुसार, सोमवार शाम को अमेरिकी नाकेबंदी लागू होने के बाद कम से कम सात ऐसे जहाज जलसंधि से गुजरे जिनका संबंध ईरान से था। लाइबेरिया के झंडे वाला क्रिस्टियाना जहाज ईरान के बंदरगाह पर 74,000 टन मक्का उतारकर निकला और सोमवार शाम करीब 9:30 बजे (IST) लाारक द्वीप को पार कर गया। वहीं कोमोरोस के झंडे वाला एल्पिस टैंकर 31,000 टन मेथनॉल लेकर निकला था। सोमवार देर रात इसने भी जलसंधि पार कर ली, लेकिन बाद में इसका सिग्नल (AIS) गायब हो गया। इनमें 'अर्गो मारिस', 'मनाली' और ईरान के झंडे वाले जहाज 'काशान' व 'मुश्तारी' शामिल थे।


अमेरिका का दावा: 'नाकेबंदी पूरी तरह बरकरार'

जहाजों के निकलने की खबरों के बीच अमेरिकी क्षेत्रीय कमान (CENTCOM) ने एक अलग ही बयान जारी किया है। अमेरिका का कहना है कि उनकी नाकेबंदी पूरी तरह सफल रही है। पहले 24 घंटों में किसी भी जहाज ने नाकेबंदी नहीं तोड़ी। CENTCOM के अनुसार, ओमान की खाड़ी में स्थित ईरानी बंदरगाहों से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे 6 मर्चेंट जहाजों को अमेरिकी सेना ने रोक दिया और उन्हें वापस लौटने पर मजबूर कर दिया। अमेरिका ने स्पष्ट किया है कि यह नाकेबंदी सभी देशों के जहाजों पर समान रूप से लागू है जो ईरानी बंदरगाहों का उपयोग कर रहे हैं।

चीनी टैंकर 'रिच स्टारी' ने बीच रास्ते लिया यू-टर्न

समुद्र में मची इस अफरा-तफरी के बीच कुछ जहाजों ने अजीबोगरीब व्यवहार किया। 31,500 टन मेथनॉल लेकर ओमान जा रहे चीन का टैंकर 'रिच स्टारी' आधी रात को जलसंधि पार करने के बाद अचानक मंगलवार सुबह मुड़ गया और वापस होर्मुज की ओर बढ़ गया। मक्का उतारकर निकला क्रिस्टियाना जहाज भी ओमान के पास से अचानक मुड़ गया। अब आगे ये जहाज कहा जाएंगे इसके बारे में किसी को कुछ नहीं पता है।

सिग्नल से छेड़छाड़ कर रडार से गायब हो रहे जहाज

समुद्री विश्लेषकों ने चेतावनी दी है कि इस युद्ध क्षेत्र में जहाजों के सिग्नल (AIS Transponders) के साथ छेड़छाड़ या उन्हें जानबूझकर बंद किया जा रहा है। कई जहाज अपनी सटीक लोकेशन छिपाने के लिए गलत डेटा भेज रहे हैं। 'एल्पिस' जैसे प्रतिबंधित जहाजों के सिग्नल अचानक बंद हो जाना यह दर्शाता है कि वे अमेरिकी नौसेना की नजरों से बचकर निकलने की कोशिश कर रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।