Seattle Shooting: अमेरिका के सिएटल में फूड फेस्टिवल के दौरान अंधाधुंध गोलीबारी, 2 की मौत, कैमरे में कैद हुई घटना

Seattle Shooting: अमेरिका के सिएटल शहर में रविवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मशहूर 'बाइट ऑफ सिएटल' फूड फेस्टिवल में अचानक गोलीबारी की घटना हुई। इस हादसे में करीब दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें 2 साल का बच्चा भी शामिल है।

अपडेटेड Jul 27, 2026 पर 11:54 AM
अमेरिका के सिएटल में फूड फेस्टिवल के दौरान गोलीबारी, 2 की मौत

Seattle Shooting: अमेरिका के सिएटल शहर में रविवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मशहूर 'बाइट ऑफ सिएटल' फूड फेस्टिवल में अचानक गोलीबारी की घटना हुई। इस हादसे में करीब दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें 2 साल का बच्चा भी शामिल है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में उस डरावने पल को देखा जा सकता है, जब 'स्पेस नीडल' के पास हो रहे इस सालाना फेस्टिवल के दौरान कई बार गोलियां चलाई गईं।

एक क्लिप में, जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दे रही है, जिसके बाद लोग चीखने-चिल्लाने लगे और अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। वहीं, एक अन्य वीडियो में डरे हुए लोग पास की एक दुकान और दूसरी इमारतों में छिपते दिखे, जबकि पुलिस मौके पर पहुंचकर इलाके को सुरक्षित करने में जुट गई।

बाद में, सोशल मीडिया पर कुछ बिना पुष्टि वाली पोस्ट में दावा किया गया कि एक व्यक्ति को हथकड़ी लगाकर हिरासत में लिया गया है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं की थी कि वह व्यक्ति गोलीबारी की घटना से जुड़ा था या नहीं।


कब हुई गोलीबारी?

बता दें कि यह गोलीबारी स्थानीय समयानुसार रविवार शाम 6 बजे सिएटल सेंटर आर्मरी बिल्डिंग के ठीक बाहर हुई। जहां वार्षिक बाइट ऑफ सिएटल फूड फेस्टिवल के लिए हजारों लोग एकत्रित हुए थे।

घटना को देखते हुए अधिकारियों ने सिएटल सेंटर कैंपस के कुछ हिस्सों को खाली करा दिया है, जबकि पुलिसकर्मी शूटर की तलाश में जुट गए हैं।

2 की मौत, 5 घायल

एसोसिएटेड प्रेस (AP) के अनुसार, सिएटल फायर डिपार्टमेंट की प्रवक्ता ग्रेस नुनेज ने बताया कि दो पीड़ितों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि पांच अन्य लोगों को इलाज के लिए हार्बरव्यू मेडिकल सेंटर ले जाया गया।

घायलों में एक 56 वर्षीय महिला भी शामिल थी, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई थी।

बाकी पीड़ितों में एक दो साल का लड़का, एक 23 वर्षीय युवक और एक 39 वर्षीय महिला शामिल थी। फिलहाल, इन सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।

वहीं, एक 40 वर्षीय महिला को मामूली चोटें आईं। अस्पताल की प्रवक्ता सुसान ग्रेग के हवाले से कहा गया कि पीड़ितों को हाथ, पेट और पैरों में चोटें आई हैं।

वॉशिंगटन के गवर्नर ने दी जानकारी

वॉशिंगटन के गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन ने कहा कि उन्हें हालात के बारे में जानकारी मिल रही है और उन्होंने पुष्टि की कि सिएटल पुलिस डिपार्टमेंट की मदद के लिए वॉशिंगटन स्टेट पेट्रोल के SWAT अधिकारियों को तैनात किया गया है।

फर्ग्यूसन ने एक बयान में कहा, "मेरी प्रार्थनाएं पीड़ितों के परिवारों और लोगों की सुरक्षा के लिए काम कर रहे बचाव कर्मियों के साथ हैं।"

घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में इंटरनेशनल फाउंटेन और स्पेस नीडल के आस-पास के इलाकों में भारी पुलिस बल, एम्बुलेंस और इमरजेंसी सर्विस के लोगों को पहुंचते हुए देखा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोलीबारी शुरू होते ही मौके पर अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया था।

बता दें कि ‘बाइट ऑफ सिएटल’ फेस्टिवल की शुरुआत साल 1982 में हुई थी। यह तीन दिवसीय आयोजन हर साल करीब 3.5 लाख लोगों को आकर्षित करता है और इसे शहर के सबसे बड़े वार्षिक फूड फेस्टिवल में से एक माना जाता है।

पुलिस अभी भी इस गोलीबारी की जांच कर रही है। अधिकारियों ने अब तक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान या गोलीबारी के पीछे की वजह से जुड़ी कोई जानकारी जारी नहीं की है।

यह भी पढ़ें: Anti-Paper Leak Bill पर आज लोकसभा में बहस, बांसुरी स्वराज-तेजस्वी सूर्या संभालेंगे NDA का मोर्चा

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।