Donald Trump: 'मुझे अपना सुप्रीम लीडर बनाना चाहता था ईरान, पर मैंने मना कर दिया', ट्रंप का हैरतअंगेज दावा

Trump-Iran Supreme Leader: ट्रंप ने कार्यक्रम में कहा कि ईरान की लीडरशिप ने उन्हें अपना 'सुप्रीम लीडर' बनाने के लिए उनसे संपर्क किया था। ट्रंप के अनुसार, उनसे कहा गया कि- 'हम आपको अपना अगला सुप्रीम लीडर बनाना चाहते हैं।' इस पर ट्रंप ने जवाब दिया- 'जी नहीं, शुक्रिया। मुझे यह नहीं चाहिए'

अपडेटेड Mar 26, 2026 पर 12:30 PM
Story continues below Advertisement
ट्रंप ने दावा किया कि ईरान समझौते के लिए तड़प रहा है

Iran Supreme Leader: मिडिल ईस्ट में बीते 28 फरवरी से युद्ध जारी है। वैसे तो युद्ध और ईरान को लेकर ट्रंप डेली नई-नई बातें जैसे- 'जीत गए, ईरान तबाह हो गया...' करते है, लेकिन युद्ध के 27वें दिन ट्रंप ने एक ऐसा बयान दिया है जिसने पूरी दुनिया को चौंका दिया है। एक रिपब्लिकन फंडरेजर कार्यक्रम में बोलते हुए ट्रंप ने दावा किया कि युद्ध से पस्त हो चुका ईरान इतना मजबूर है कि वहां के नेतृत्व ने उन्हें देश का अगला 'सुप्रीम लीडर' बनने का प्रस्ताव तक दे दिया था।

'मुझे वो नौकरी नहीं चाहिए'

ट्रंप ने कार्यक्रम में चुटकी लेते हुए कहा कि ईरान की लीडरशिप ने उन्हें अपना 'सुप्रीम लीडर' बनाने के लिए उनसे संपर्क किया था। ट्रंप के अनुसार, उनसे कहा गया कि- 'हम आपको अपना अगला सुप्रीम लीडर बनाना चाहते हैं।' इस पर ट्रंप ने जवाब दिया- 'जी नहीं, शुक्रिया। मुझे यह नहीं चाहिए।' ट्रंप ने आगे तंज कसते हुए कहा कि दुनिया में ऐसा कोई राष्ट्राध्यक्ष नहीं होगा जो ईरान का प्रमुख बनने की इच्छा रखता हो, खासकर मौजूदा हालातों में।


'ईरान घुटनों पर है, लेकिन बोलने से डर रहा है'

ट्रंप ने ईरान की आंतरिक स्थिति पर तीखा हमला बोला और कहा कि वहां की सरकार बेहद डरी हुई है। ट्रंप का दावा है कि ईरान समझौते के लिए तड़प रहा है, लेकिन वे सार्वजनिक रूप से यह नहीं कह पा रहे क्योंकि उन्हें डर है कि उनके अपने ही लोग उन्हें मार देंगे। साथ ही, उन्हें अमेरिका से भी अपनी जान का खतरा है। राष्ट्रपति ने ईरान के खिलाफ अमेरिकी कार्रवाई को दुहराते हुए एक बार फिर अपनी जीत का दावा किया।

ईरान में नेतृत्व पर सस्पेंस बरकरार

ट्रंप के ये बयान ऐसे समय में आए हैं जब ईरान के शीर्ष नेतृत्व को लेकर कई तरह की अटकलें चल रही हैं। पिछले महीने सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान में अनिश्चितता का माहौल है। अली खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई को अगला सुप्रीम लीडर घोषित तो किया गया है, लेकिन युद्ध शुरू होने के बाद से वे सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि वे हमलों में घायल हो गए हैं।

ईरान ने ट्रंप दावों को नकारा

ट्रंप की 'बैकचैनल टॉक्स' और बातचीत की बातों को ईरान ने सिरे से खारिज कर दिया है। तेहरान का कहना है कि युद्ध खत्म करने के लिए फिलहाल कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हो रही है। एक तरफ जहां ट्रंप कह रहे हैं कि डील होने वाली है, वहीं ईरान इसे केवल संदेशों का आदान-प्रदान बता रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।