Donald Trump: 'पुरानी लीडरशिप खत्म, नए लोग हैं बहुत समझदार', ईरान में 'सत्ता परिवर्तन' को लेकर ट्रंप का बड़ा दावा

Iran Regime Change: तनाव के चरम पर होने के बावजूद ट्रंप ने समझौते के संकेत दिए है। ट्रंप ने विश्वास जताते हुए कहा, 'मुझे लगता है कि हम उनके साथ एक डील कर लेंगे, मुझे पूरा भरोसा है।' पाकिस्तान, वाशिंगटन और तेहरान के बीच बातचीत के लिए मध्यस्थता करने वाला है

अपडेटेड Mar 30, 2026 पर 8:25 AM
Story continues below Advertisement
ट्रंप ने दावा किया कि नेतृत्व की पहली और दूसरी पीढ़ी के खत्म होने के बाद अब तीसरी पीढ़ी सामने है

Iran Regime Change: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक ऐसा बयान दिया है जिसने पूरी दुनिया को चौंका दिया है। रविवार को 'एयर फोर्स वन' में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने दावा किया कि ईरान में प्रभावी रूप से 'सत्ता परिवर्तन' हो चुका है। ट्रंप के अनुसार, अमेरिकी और इजरायली हमलों में ईरान की पुरानी लीडरशिप की कई परतें खत्म हो गई हैं और अब वहां नए लोगों से पाला पड़ रहा है।

ट्रंप का दावा: 'ईरान की पुरानी हुकूमत अब इतिहास'

राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान के सत्ता ढांचे में आए बदलाव को विस्तार से समझाया। ट्रंप ने कहा, 'ईरान में पहले से ही सत्ता परिवर्तन हो चुका है क्योंकि पुरानी हुकूमत पूरी तरह तबाह हो गई है... वे सब मारे जा चुके हैं।' उन्होंने दावा किया कि नेतृत्व की पहली और दूसरी पीढ़ी के खत्म होने के बाद अब तीसरी पीढ़ी सामने है। ट्रंप ने कहा, 'हम अब उन लोगों से निपट रहे हैं जिनसे पहले किसी ने बात नहीं की। यह पूरी तरह से अलग समूह है।' सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि ट्रंप ने नई लीडरशिप की तारीफ करते हुए उन्हें 'बहुत समझदार' बताया।


ईरान के राजनीतिक नक्शे में बड़ा बदलाव

पिछले कुछ हफ्तों में हुए हवाई हमलों ने ईरान के शीर्ष नेतृत्व को भारी चोट पहुंचाई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान के सबसे प्रभावशाली रणनीतिकारों में से एक अली लारीजानी हमलों में मारे गए हैं। सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मृत्यु के बाद, उनके बेटे मोजतबा खामेनेई ने कथित तौर पर कमान संभाल ली है। हालांकि ईरान ने आधिकारिक तौर पर किसी औपचारिक सत्ता हस्तांतरण की पुष्टि नहीं की है, लेकिन ट्रंप के बयान ने इन खबरों को हवा दे दी है।

'डील' के लिए तैयार ट्रंप

तनाव के चरम पर होने के बावजूद ट्रंप ने समझौते के संकेत दिए है। ट्रंप ने विश्वास जताते हुए कहा, 'मुझे लगता है कि हम उनके साथ एक डील कर लेंगे, मुझे पूरा भरोसा है।' पाकिस्तान, वाशिंगटन और तेहरान के बीच बातचीत के लिए मध्यस्थता करने वाला है। इस्लामाबाद में क्षेत्रीय नेताओं के साथ बैठक के बाद पाकिस्तान दोनों देशों को एक मेज पर लाने की कवायद में है।

ईरान-अमेरिका-इजरायल युद्ध अब अपने दूसरे महीने की ओर बढ़ रहा है। एक तरफ शांति की बातें हो रही हैं, तो दूसरी तरफ हमलों और जवाबी कार्रवाइयों का सिलसिला रुक नहीं रहा है। दुनिया भर के देश इस बात को लेकर चिंतित हैं कि अगर जल्द ही कोई कूटनीतिक हल नहीं निकला, तो विश्व में बड़ा ऊर्जा संकट आ सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।