नेपाल में माउंट एवरेस्ट के पास मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, फेरिचे इलाके में उतरने की कोशिश के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में एक भारतीय नागरिक की जान चली गई, जबकि दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलट समेत तीन अन्य लोग घायल हो गए। नेपाल पुलिस ने हादसे की पुष्टि की है। दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी कंपनियों के थे। नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में स्थित फेरिचे हेलीपैड पर ये दुर्घटना हुई। उस समय दोनों हेलीकॉप्टर बर्फ से ढके इलाके में उतरने की कोशिश कर रहे थे, तभी वे आपस में टकरा गए। काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, ये हादसा स्थानीय समय के मुताबिक सुबह करीब 8 बजकर 11 मिनट पर हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि हादसे में फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार एक भारतीय यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एयर डायनेस्टी के हेलीकॉप्टर का पायलट और दो अन्य लोग घायल हुए हैं। काठमांडू पोस्ट के मुताबिक, सोलुखुम्बु के पुलिस प्रमुख मौसम तमांग ने मृतक की पहचान वसंत कुमार बलरामरामाडु के रूप में की है। वह फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में यात्रा कर रहा था। पुलिस ने बताया कि मृतक का शव लुक्ला के एक अस्पताल में भेज दिया गया है।
कौन उड़ा रहा था हेलीकॉप्टर
हादसे के दौरान उसी हेलीकॉप्टर में मौजूद भारतीय मूल के न्यूजीलैंड निवासी शैलेश कृष्ण पटेल भी घायल हो गए। पुलिस अधिकारी मौसम तमांग के अनुसार, उन्हें प्रभु हेलीकॉप्टर की मदद से काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि, हादसे में फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी के हेलीकॉप्टर शामिल थे। फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर को कैप्टन प्रज्जवल केसी उड़ा रहे थे, जबकि एयर डायनेस्टी के हेलीकॉप्टर की जिम्मेदारी कैप्टन रवींद्र प्रजापति के पास थी। दोनों हेलीकॉप्टर फेरिचे हेलीपैड पर उतरने की कोशिश कर रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई।
इस हादसे में एयर डायनेस्टी के पायलट कैप्टन रवींद्र प्रजापति भी घायल हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलते ही सिमरिक एयर का एक अन्य हेलीकॉप्टर मौके पर पहुंच गया और घायलों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
सामने आया हादसे का वीडियो
दोनों हेलीकॉप्टरों के टकराने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। वीडियो में दिख रहा कि टक्कर के बाद दोनों हेलीकॉप्टर बर्फ से ढके पहाड़ी इलाके में बने लैंडिंग स्थल पर क्षतिग्रस्त हालत में पड़े नजर आए। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के कारणों और अन्य पहलुओं का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है।