Iran Attack UAE: अमेरिका और ईरान के बीच पहले से ही नाजुक चल रहा सीजफायर सोमवार (4 मई) को टूटने की कगार पर पहुंच गया, जब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पर ईरानी ड्रोन और मिसाइलों से हमला हुआ। वहीं, अमेरिका ने कहा कि उसने हॉर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान की कुछ नावों को डुबो दिया है। ईरानी ड्रोन हमले के बाद UAE के फुजैराह पेट्रोलियम इंडस्ट्रीज जोन (एफओआईजेड) में आग लग जाने पर भारतीय नागरिक घायल हो गए।
संयुक्त अरब अमीरात स्थित भारतीय दूतावास ने X पर एक पोस्ट में पुष्टि की है कि फुजैराह में हुए हमलों में तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। दूतावास ने कहा, "हम प्रभावित भारतीय नागरिकों की उचित मेडिकल देखभाल और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं।" 8 अप्रैल को अमेरिका के साथ एक सीज़फायर समझौता होने के बाद, ईरान का अपने किसी खाड़ी पड़ोसी पर यह पहला हमला है।
इस बीच, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को बाद में 'फॉक्स न्यूज' को दिए एक इंटरव्यू में ईरान को चेतावनी दी है कि अगर उसने उन अमेरिकी जहाजों को निशाना बनाया जो इस जलडमरूमध्य से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा कर रहे हैं, तो ईरान को दुनिया के नक्शे से मिटा दिया जाएगा।
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान ने कुछ जहाजों पर कथित तौर पर हमला किया है जिन्हें अमेरिकी राष्ट्रपति के निर्देश पर अमेरिकी केंद्रीय कमान द्वारा शुरू की गई 'प्रोजेक्ट फ्रीडम' के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजारा जा रहा था।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर दावा किया कि ईरान ने कुछ जहाजों पर हमला किया है। इनमें एक दक्षिण कोरियाई मालवाहक जहाज भी शामिल है, जिसे जलडमरूमध्य से गुजारा जा रहा था, जो 28 फरवरी को ईरान के साथ युद्ध शुरू होने के बाद से प्रभावी रूप से बंद है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "ईरान ने प्रोजेक्ट फ्रीडम के तहत जहाजों की आवाजाही के संबंध में कुछ अन्य देशों को टारगेट किया है, जिनमें दक्षिण कोरियाई मालवाहक जहाज भी शामिल है। शायद अब दक्षिण कोरिया के लिए इस मिशन में शामिल होने का समय आ गया है।"
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अमेरिकी सेना ने सात छोटी नौकाओं को निशाना बनाया है। साथ ही दक्षिण कोरिया से होर्मुज जलडमरूमध्य में इस अभियान में शामिल होने का आग्रह किया है।
ट्रंप ने कहा, "हमारे पास पहले से कहीं अधिक उन्नत श्रेणी के हथियार और गोला-बारूद हैं।" उन्होंने कहा, "हमारे पास बेहतरीन उपकरण हैं। हमारी मौजूदगी पूरी दुनिया में है। हमारे पूरे विश्व में सैन्य अड्डे हैं। ये सभी सैन्य अड्डे साजो सामान से भरे हुए हैं। हम इन सभी चीजों का उपयोग कर सकते हैं, और जरूरत पड़ने पर हम करेंगे।"