होर्मुज के पास अमेरिका ने दूसरे भारतीय जहाज पर किया हमला, भारत ने अमेरिकी दूतावास के अधिकारी को किया तलब

US attack on an Indian ship: भारत ने बुधवार (10 जून) को अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी जेसन मीक्स को तलब किया और ओमान के तट के पास भारतीय चालक दल के सदस्यों वाले एक वाणिज्यिक पोत पर अमेरिकी हमले को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया। सूत्रों ने बताया कि अमेरिकी हमले के बाद जहाज पर मौजूद भारतीय चालक दल के 24 सदस्यों में से तीन लापता हो गए हैं

अपडेटेड Jun 11, 2026 पर 9:41 AM
US attack on an Indian ship: ओमान तट के पास भारतीय जहाज पर हमले की भारत ने निंदा की है

US attack on an Indian ship: ओमान तट के पास भारतीय चालक दल के सदस्यों वाले एक कमर्शियल जहाज पर अमेरिका ने हमला कर दिया। पिछले तीन दिनों में अमेरिका ने दूसरी बार भारतीय जहाजों पर निशाना बनाया है। भारत ने बुधवार (10 जून) को अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी जेसन मीक्स को तलब किया। भारत ने ओमान के तट के पास भारतीय चालक दल के सदस्यों वाले एक कमर्शियल पोत पर अमेरिकी हमले को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया।

हमले के बाद जहाज पर मौजूद भारतीय चालक दल के 24 सदस्यों में से तीन लापता हो गए। विदेश मंत्रालय (MEA) ने बुधवार को बताया कि जहाज पर सवार 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि तीन भारतीय अब भी लापता हैं और उनकी तलाश जारी है।

अमेरिका का दूसरी बार हमला


तीन दिनों में भारतीयों को लेकर जा रहे जहाज़ों पर अमेरिका के दो हमले किए हैं। 8 जून को MT Marivex पर हमला किया था। इसके बाद ओमान की मदद से 24 भारतीयों को सुरक्षित बचाया गया। इसके बाद फिर 9 जून को Settebello पर हमला हुआ। इस दौरान 21 लोगों को बचाया गया, जबकि 3 अब भी लापता हैं। ओमान तट पर जहाज पर हमले में तीन लापता भारतीयों की तलाश की जा रही है।

भारत ने अमेरिकी अधिकारी को किया तलब

ओमान तट के पास एक कमर्शियल जहाज पर हुए हमले की भारत सरकार ने कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि जहाज पर सवार 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है। जबकि तीन भारतीय अब भी लापता हैं और उनकी तलाश जारी है।

भारत ने बुधवार को अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी जेसन मीक्स को तलब किया और ओमान के तट के पास भारतीय चालक दल के सदस्यों वाले पोत पर अमेरिकी हमले को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया। अपनी प्रतिक्रिया में नई दिल्ली ने कहा कि पश्चिम एशिया में कमर्शियल पोत और असैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए। भारत ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर बिना किसी रुकावट के आवाजाही जल्द से जल्द बहाल की जानी चाहिए।

कब हुआ हमला?

कमर्शियल पोत 'सेटेबेलो' पर यह हमला तब हुआ, जब इसके दो दिन पहले ही पलाओ के झंडे वाले एक जहाज पर अमेरिकी नौसेना ने हमला किया था। यह जहाज ईरानी बंदरगाहों की अमेरिकी नाकेबंदी से बचने की कोशिश कर रहा था। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने हमले की बात स्वीकार करते हुए कहा कि यह जहाज ईरान से तेल ले जाने की कोशिश कर रहा था। इस तरह ईरानी बंदरगाहों पर लागू अमेरिकी नाकेबंदी का उल्लंघन कर रहा था।

विदेश मंत्रालय ने हमले की निंदा की

विदेश मंत्रालय ने कहा, "हम आज ओमान तट के पास कमर्शियल पोत 'सेटेबेलो' पर हुए हमले की निंदा करते हैं। जहाज पर मौजूद चालक दल के 24 भारतीय सदस्यों में से अब तक 21 भारतीयों को बचा लिया गया है और तीन भारतीयों के लापता होने की खबर है।" मंत्रालय ने कहा कि ओमान में भारतीय दूतावास स्थिति पर करीबी नज़र रख रहा है। जारी खोज एवं बचाव अभियान में स्थानीय अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है।

विदेश मंत्रालय ने कहा, "इस इलाके में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं और ये इलाके में जारी संघर्ष का प्रत्यक्ष परिणाम हैं।" MEA ने कहा, "हम तनाव को तुरंत कम करने और कूटनीतिक समाधान के लिए संवाद की अपनी मांग दोहराते हैं, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता लौट सके।"

ओमान ने भारतीय दूतावास ने भी जताई नाराजगी

ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म x पर जानकारी दी थी कि ओमान तट के पास एक जहाज से जुड़ी घटना की सूचना मिली है। दूतावास ने कहा कि वह स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और स्थानीय अधिकारियों के साथ संपर्क में है। सोमवार को भी पालाऊ ध्वज वाले जहाज एमटी मैरिवेक्स में आग लगने की घटना के बाद उस पर सवार 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया था। यह घटना होर्मुज जलडमरूमध्य के दक्षिण में हुई थी।

ये भी पढे़ं- US-Iran War updates: अमेरिका का ईरान पर फिर भीषण हमला! कई शहरों पर हैवी एयर स्ट्राइक, होर्मुज स्ट्रेट फिर बंद

मंगलवार को नई दिल्ली में साप्ताहिक प्रेस वार्ता के दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया था कि एमटी मैरिवेक्स ओमान तट के पास निष्क्रिय हो गया था। जहाज पर मौजूद सभी 24 चालक दल के सदस्य भारतीय नागरिक थे और सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया। उन्होंने इस बचाव अभियान में सहयोग के लिए ओमान सरकार का आभार भी व्यक्त किया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।