US-Iran War: अमेरिकी सेना ने ईरान के खिलाफ़ नए सिरे से हमले शुरू कर दिए हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी के बाद अमेरिकी सेना ने ईरान में कई ठिकानों पर नए हमले किए है। US सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कहा कि उसने ट्रंप के आदेश पर ईरान के अंदर कई ठिकानों पर आत्मरक्षा में अतिरिक्त हमले शुरू किए हैं। CENTCOM ने एक बयान में कहा, "ये हमले ईरान की बिना वजह और लगातार आक्रामकता के जवाब में किए गए हैं।" बढ़ते हमलों से युद्ध खत्म करने की कोशिशों के पटरी से उतरने का खतरा पैदा हो गया है। ट्रंप ने चेतावनी दी है कि बातचीत रुकने के लिए तेहरान को कीमत चुकानी होगी।
इस बीच, अमेरिकी हमले के बाद ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को फिर से बंद कर दिया है। वहीं, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) का कहना है कि इस क्षेत्र में अमेरिकी सेना के खिलाफ जवाबी हमले किए गए हैं। खास तौर पर कुवैत और बहरीन में मौजूद ठिकानों का जिक्र किया गया है। ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को बंद करने की घोषणा के बाद तेल की कीमतें दो डॉलर प्रति बैरल से ज्यादा बढ़ गई हैं। ईरान ने यह कदम देश पर पहले हुए अमेरिकी हवाई हमलों के बाद उठाया है।
एक बयान में कहा गया है कि अमेरिकी सेनाओं ने ईरान की बिना वजह और लगातार आक्रामकता के जवाब में उन ईरानी ठिकानों पर सटीक हमले किए जो अमेरिकी सेनाओं और क्षेत्रीय जलक्षेत्र से गुजरने वाले अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक जहाजों के लिए खतरा पैदा कर रहे थे। अमेरिका की सेना की तरफ से कहा गया है कि अमेरिकी सेनाएं सतर्क, घातक और तैयार हैं।
अपाचे हेलिकॉप्टर को गिराए से ट्रंप नाराज
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि सेना के अपाचे हेलिकॉप्टर को गिराए जाने के जवाब में अमेरिकी सेना ने ईरान पर कई हमले किए। खबरों के अनुसार, इन हमलों में ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाया गया। सेंटकॉम ने X पर लिखा, "अमेरिकी सेना के अपाचे हेलीकॉप्टर को गिराए जाने के जवाब में कमांडर-इन-चीफ के निर्देश पर सेंटकॉम की सेनाओं ने ईरान के खिलाफ आत्मरक्षा में हमला शुरू किया। यह मिशन ईरान की अनुचित आक्रामकता का एक उचित जवाब है। मंगलवार को राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि होर्मुज में गश्त के दौरान इस्लामिक रिपब्लिक ने हेलीकॉप्टर को मार गिराया था। राष्ट्रपति ने इस बात पर बल दिया कि इस हमले का जवाब अमेरिका को जरूर देना चाहिए।
ईरान के कई शहरों में धमाका
प्रेस टीवी के अनुसार, दक्षिणी ईरान के शहर जास्क, सिरिक और केशम द्वीप पर कई धमाकों की आवाज़ सुनी गई। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि सिरिक शहर पर हमले के दौरान अमेरिका ने दो जलाशय पर हमला किया। होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरानी एयर डिफेंस , ग्राउंड कंट्रोल स्टेशनों और सर्विलांस रडार को निशाना बनाकर कई बार हमले करने के बाद, सेंटकॉम ने कहा कि उसने अपाचे हेलीकॉप्टर पर हुए हमले के जवाब में ईरान पर अपने हमले पूरे कर लिए हैं।
इस हमले के बाद, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने ईरान के पास तैनात विदेशी सैनिकों को वह इलाका छोड़ने की सलाह दी है। उन्होंने चेतावनी दी है कि तेहरान कूटनीति की भाषा में बात करना पसंद करता है। लेकिन दूसरी भाषाएं भी बोल सकता है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका और इजरायल के पारंपरिक और अटूट माने जाने वाले रिश्तों में दरार उभर आई है। इस कूटनीतिक तनातनी के केंद्र में ईरान और हिजबुल्ला से निपटने के तरीकों को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच बढ़ते मतभेद हैं।