US Fed News: अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयर जेरोम पॉवेल ने बुधवार को कहा कि वह सेंट्रल बैंक के बोर्ड से तब तक इस्तीफा देने की योजना नहीं बना रहे हैं, जब तक कि रिनोवेशन कॉस्ट से जुड़ी जस्टिस डिपार्टमेंट की चल रही जांच पूरी नहीं हो जाती। उन्होंने अपनी इस योजना के बारे में एक प्रेस ब्रीफिंग में बताया। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक यह तय नहीं किया है कि मई में फेड चेयरपर्सन के रूप में कार्यकाल समाप्त होने के बाद वह फेड गवर्नर के रूप में बने रहेंगे या नहीं। यह पहली बार है, जब उन्होंने सार्वजनिक तौर पर संकेत दिया कि चेयरपर्सन के रूप में कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी वह गवर्नर के रूप में अपना कार्यकाल जारी रखेंगे।
चेयरपर्सन के रूप में उनका कार्यकाल मई 2026 में समाप्त हो रहा है तो गवर्नर के रूप में कार्यकाल 2028 तक है। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक अगला चेयरपर्सन तय नहीं होता है, वह अंतरिम तौर पर यह पद संभालते रहेंगे।
किस जांच की बात कर रहे Jerome Powell?
जेरोम पॉवेल जिस जांच की बात कर रहे हैं, वह फेडरल रिजर्व के मुख्यालय में रिनोवेशन के दौरान खर्चों में बढ़ोतरी से जुड़ा है। पॉवेल ने 11 जनवरी को इस जांच का खुलासा करते हुए इसे फेड की स्वतंत्रता के लिए खतरा बताया था। अमेरिका की ट्रंप सरकार ने एक जज से उस फैसले पर फिर से विचार करने का अनुरोध किया है जिसने पॉवेल के खिलाफ जांच को प्रभावी रूप से रोक दिया था। हालांकि पॉवेल ने फिर से कहा कि उन्होंने यह फैसला अभी तक नहीं लिया है कि जांच समाप्त होने के बाद वह बोर्ड में बने रहेंगे या नहीं।
जनवरी में अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस ने एक बिल्डिंग रिनोवेशन प्रोजेक्ट में लागत बढ़ने की जांच को लेकर फेड को समन जारी किया था। उस समय पॉवेल ने कहा था कि जांच के कारणों को बहाना बताया और कहीं यह जांच सिर्फ इसलिए शुरू हुई क्योंकि फेड ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मांगों के अनुसार ब्याज दरें तय करने से इनकार कर दिया था। इस महीने की शुरुआत में इन समनों को एक फेडरल जज ने रोक दिया था लेकिन जस्टिस डिपार्टमेंट ने इसके खिलाफ अपील करने की बात कही।
कैसे बने रहेंगे US Fed में?
जेरोम पॉवेल का फेडरल रिजर्व के प्रमुख के रूप में कार्यकाल मई में समाप्त होने वाला है, जबकि गवर्नर के रूप में उनका कार्यकाल जनवरी 2028 तक चलेगा। हालांकि जेरोम पॉवेल का कहना है कि अगर प्रमुख के तौर पर उनके कार्यकाल के समाप्त होने तक अगले प्रमुख का नाम तय नहीं होता है तो ऐसा होने तक वह अंतरिम तौर पर प्रमुख बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह कानून के हिसाब से है और कई बार ऐसा हो चुका है और वह खुद भी ऐसा कर चुके हैं। एक फाइलिंग में फेड के वकील कह चुके हैं कि फेडरल रिजर्व की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए फेड प्रमुख जेरोम पॉवेल आपराधिक जांच पर फैसला आने तक इस्तीफा नहीं दे सकते।