ईरान के कई शहरों पर अमेरिका की भीषण बमबारी! हाई अलर्ट पर तेहरान, थमने का नाम नहीं ले रहा महायुद्ध
US Launches Airstrikes On Iran: ईरान के खोंदाब, खुर्रमबाद और बोरुजर्द जैसे शहरों में एक के बाद एक कई जोरदार धमाके सुने गए हैं। हालात इस कदर तनावपूर्ण हैं कि अमेरिकी वायुसेना के रिफ्यूलिंग एयरक्राफ्ट और जासूसी विमान लगातार खाड़ी के आसमान में उड़ान भर रहे हैं। आनन-फानन में तेहरान के एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव कर दिए गए हैं
अमेरिकी हवाई हमलों ने ईरान के मध्य और पश्चिमी प्रांतों को हिलाकर रख दिया है
US Airstrikes on Iran: अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य टकराव अब बेकाबू होता जा रहा है। अमेरिकी फाइटर जेट्स ने ईरान के भीतर घुसकर कई शहरों पर ताबड़तोड़ हवाई हमले किए हैं। इन हमलों के बाद ईरान की राजधानी तेहरान हाई अलर्ट पर है और अप्रैल में हुए संघर्षविराम के बाद पहली बार वहां के आसमान में एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव हो गए हैं।
ईरान के खोंदाब, खुर्रमबाद और बोरुजर्द जैसे शहरों में एक के बाद एक कई जोरदार धमाके सुने गए हैं। हालात इस कदर तनावपूर्ण हैं कि अमेरिकी वायुसेना के रिफ्यूलिंग एयरक्राफ्ट और जासूसी विमान (AWACS) लगातार खाड़ी के आसमान में उड़ान भर रहे हैं। आइए जानते हैं ईरान के किन इलाकों को निशाना बनाया गया है और इस पर ईरान का क्या बयान आया है।
ईरान के इन प्रमुख शहरों पर गिरे अमेरिकी बम
ईरानी मीडिया और समाचार एजेंसियों के मुताबिक, अमेरिकी हवाई हमलों ने ईरान के मध्य और पश्चिमी प्रांतों को हिलाकर रख दिया है:
खोंदाब (Khondab) में दो हवाई हमले: ईरान के मध्य मरकजी प्रांत के खोंदाब शहर के बाहरी इलाके में अमेरिकी फाइटर जेट्स ने दो भीषण हवाई हमले किए हैं। स्थानीय डिप्टी गवर्नर ने भी इन धमाकों की पुष्टि की है।
खुर्रमबाद (Khorramabad) में गूंजे धमाके: राजधानी तेहरान से लगभग 490 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित खुर्रमबाद शहर के निवासियों ने कम से कम दो बड़े विस्फोटों की आवाजें सुनी हैं।
बोरुजर्द (Borujerd) भी दहला: पश्चिमी ईरानी शहर बोरुजर्द के पास भी कई धमाके होने की रिपोर्ट है, जिसके बाद पूरे इलाके में सैन्य हलचल बढ़ गई है।
तेहरान में एक्टिव हुआ एयर डिफेंस, बाहरी इलाकों में हलचल
हमलों की गंभीरता को देखते हुए ईरानी सेना ने अपनी राजधानी को बचाने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। अप्रैल में हुए समझौते के बाद यह पहली बार है जब तेहरान और उसके आसपास ईरानने अपने मिसाइल डिफेंस सिस्टम को एक्टिव किया है।
हालांकि राजधानी तेहरान के मुख्य शहर पर सीधे हमले की खबर नहीं है, लेकिन माना जा रहा है कि तेहरान के बाहरी इलाके परचिन या पाकदाश्त के पास हुई सैन्य गतिविधियों के कारण एयर डिफेंस सिस्टम को ट्रिगर किया गया। ईरानी अधिकारियों ने अभी तक नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
आसमान में दिखे अमेरिकी जासूसी और रिफ्यूलिंग विमान
पब्लिक फ्लाइट-ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म्स पर इस बड़े अमेरिकी सैन्य ऑपरेशन की झलक साफ देखी गई है। क्षेत्र के आसमान में अमेरिकी वायुसेना के तीन KC-135 स्ट्रैटोटैंकर, दो KC-46A पेगासस (हवाई ईंधन भरने वाले विमान) और एक E-3 सेंट्री एयरबर्न वार्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम (AWACS) विमान उड़ते हुए ट्रैक किए गए हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रैकिंग ऐप्स पर दिखने वाले विमान कुल सैन्य गतिविधि का सिर्फ एक छोटा सा हिस्सा हैं, और बिना डेटा शेयर किए कई खतरनाक स्टील्थ फाइटर जेट्स इस ऑपरेशन को अंजाम दे रहे हैं।
'हम युद्ध नहीं चाहते, लेकिन पीछे भी नहीं हटेंगे'
इस भीषण बमबारी के बीच ईरान के मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बाघेर गालीबाफ का बड़ा बयान सामने आया है। गालीबाफ ने कहा कि तेहरान ने कभी भी युद्ध की पहल नहीं की है, लेकिन अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए वह पूरी ताकत से लड़ने के लिए तैयार है। उन्होंने साफ किया कि कूटनीति और बातचीत उनकी सैन्य तैयारियों का ही हिस्सा हैं और इसे कमजोरी न समझा जाए।
वहीं ईरानी वार्ताकार ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि अगर ईरान को अमेरिका के साथ हुए समझौते से कोई आर्थिक या रणनीतिक फायदा नहीं मिलता, तो तेहरान के पास इस आपसी सहमति (MoU) का सम्मान करने की कोई वजह नहीं बचेगी।