US-Iran Tention: ईरान सरकार ने होर्मुज स्ट्रेट यानी होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने का ऐलान किया है। ईरान ने यह ऐलान अमेरिकी समर्थन वाले इजरायल के साथ लड़ाई तेज होने के बाद शनिवार को किया। अब आशंका जताई जा रही है कि ईरान के इस फैसले से दुनिया भर में कच्चे तेल की कीमतें रॉकेट की स्पीड से ऊपर चढ़ सकती हैं क्योंकि दुनिया भर में जितना क्रूड ऑयल यानी कच्चा तेल सप्लाई होता है, उसका पांचवा हिस्सा यानी 20% इसी रास्ते से होता है। इस प्रकार वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की आवाजाही को लेकर ईरान अहम गेटकीपर बन जाता है।
कितना चढ़ सकता है कच्चा तेल?
कच्चे तेल की कीमतें पहले ही तेजी से ऊपर भाग चुकी हैं। न्यूज एजेंसी ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक आईजी ग्रुप के एक रिटेल ट्रे़डिंग प्रोडक्ट में वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट की कीमत एक समय में प्रति बैरल $75.33 तक पहुंच गई जोकि शुक्रवार के क्लोजिंग प्राइस के मुकाबले करीब 12% ऊपर था। मुंबई के एक ब्रोकिंग फर्म इक्विरस ने शुक्रवार को जारी एक रिपोर्ट में कहा कि यदि ईरान का 33 लाख बैरल प्रतिदिन यानी वैश्विक सप्लाई का लगभग 3% अटकता है तो सिर्फ डायरेक्ट सप्लाई के घाटे के आधार पर कच्चे तेल की कीमत उछलकर $76–$81 प्रति बैरल तक पहुंच सकती है।
मुंबई की एक और ब्रोकरेज फर्म दोलत कैपिटल का अनुमान है कि अगर होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर दिया जाता है, तो कच्चे तेल की कीमत प्रति बैरल $100 तक पहुंच सकती है। भारत की बात करें तो दोलत कैपिटल का अनुमान है कि देश के कच्चे तेल के आयात का करीब 50% और एलपीजी का करीब 60% आयात इसी रास्ते से होता है यानी कि इस रास्ते में कोई भी अड़चन आती है तो तत्काल व्यापक आर्थिक प्रभाव हो सकता है।
कितना अहम है Strait of Hormuz?
होमुज स्ट्रेट ईरान और ओमान के बीच स्थित है और यह पर्शियन गल्फ यानी फारस की खाड़ी को गल्फ ऑफ ओमान यानी ओमान की खाड़ी और आगे अरब सागर से जोड़ता है। जिस जगह पर यह सबसे कम चौड़ा है, वहां इसकी चौड़ाई करीब 33 किमी (21 मील) ही है जबकि दोनों दिशाओं में निर्धारित शिपिंग लेन केवल लगभग 3 किलोमीटर (2 मील) चौड़ी हैं। हालांकि अपनी सीमित चौड़ाई के बावजूद इसे एक आवाजाही का अंतरराष्ट्रीय रास्ता माना जाता है और यह दुनिया के सबसे अहम एनर्जी चोकप्वाइंट्स में से एक है। दुनिया में सबसे अधिक LPG (लिक्विफाइड नेचुरल गैस) निर्यात करने वाला कतर एलपीजी की अपनी लगभग पूरी खेप इसी के जरिए सप्लाई करता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।