US-Iran War Updates: क्या आज खत्म हो जाएगा अमेरिका-ईरान युद्ध? ट्रंप का दावा- दोनों देश करेंगे डील पर साइन, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज भी खुलेगा

US-Israel-Iran War Latest Updates: अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच एक डील रविवार 14 जून को साइन होने वाली है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका-ईरान के बीच डील साइन होने के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य सभी के लिए खोल दिया जाएगा

अपडेटेड Jun 14, 2026 पर 7:49 AM
US-Israel-Iran War Latest Updates: डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता रविवार को साइन होगा

US-Israel-Iran War Latest Updates: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ युद्ध खत्म करने के लिए रविवार (14 जून) को एक समझौते पर साइन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उसके तुरंत बाद होर्मुज जलडमरूमध्य सभी के लिए खोल दिया जाएगा। ट्रंप ने शनिवार 13 जून को ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कल (14 जून) समझौता होगा। जैसे ही इस पर हस्ताक्षर होंगे, होर्मुज जलडमरूमध्य सभी के लिए खोल दिया जाएगा।" हालांकि, दूसरी तरफ ईरान ने अभी सावधानी बरतने को कहा है।

डोनाल्ड ट्रंप ने प्रस्तावित समझौते की तुलना पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल में 2015 में हुए संयुक्त व्यापक कार्य योजना (जेसीपीओए) से भी की। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "बराक हुसैन ओबामा का ईरान के साथ समझौता, जेसीपीओए, परमाणु हथियार तक पहुंचने का एक आसान और सुगम रास्ता था। इससे ईरान के पास छह साल पहले ही परमाणु हथियार होते, जिनका वह अब तक इस्तेमाल भी कर चुका होता।’’

ट्रंप ने आगे कहा, "ईरान के साथ मेरा समझौता बिल्कुल इसके उलट है। इसमें परमाणु हथियार न होने की पक्की गारंटी है। असल में, अब उन्हें परमाणु हथियार नहीं चाहिए और न ही वे इसे खरीदकर, बनाकर या किसी और तरीके से हासिल करेंगे।" ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम प्रभावी रूप से निष्क्रिय कर दिया गया है और शेष परमाणु सामग्री का बाद में निपटारा कर दिया जाएगा।


उन्होंने कहा, "उपयुक्त समय पर, जब सब कुछ शांत होगा, हम अपने शानदार बी-2 बॉम्बर्स और उनके बेहतरीन पायलटों की मदद से अंदर जाकर, पहाड़ों के नीचे दबाकर रखी गई परमाणु सामग्री को निकालेंगे। इसके बाद उसे प्रसंस्कृत कर ईरान या अमेरिका में कहीं भी नष्ट कर देंगे।" इससे पहले, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा था कि अमेरिका-ईरान शांति समझौते को अगले 24 घंटों में अंतिम रूप दिया जा सकता है।

ईरान ने दावे को किया खारिज

इस बीच, ईरान ने ट्रंप के इस नए दावे को सीधे तौर पर खारिज कर दिया है कि आज डील साइन हो जाएगी। ईरान का कहना है कि डील पर ख़ास तौर पर रविवार को साइन करने की जिद उनके अपने जन्मदिन के आस-पास की गई है। ईरानी मीडिया के मुताबिक, ईरान ने इसे एक ‘प्रोपेगैंडा इवेंट’ बताया है, जिसे ट्रंप अपने UFC व्हाइट हाउस इवेंट के साथ-साथ अपने लिए एकतरफा ‘प्रतीकात्मक मौका’ बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

ईरानी बातचीत करने वाली टीम का कहना है कि वह 'इस तरह के मीडिया और सेरेमोनियल मैनूवर की इजाजत नहीं देगी।' ईरान ने साफ तौर पर कहा है कि मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग अभी फाइनल नहीं हुआ है और कोई साइनिंग नहीं होगी।

ये भी पढ़ें- कौन था मोस्ट वॉन्टेड क्रिमिनल 'नीनो गुएरेरो'? जेल में बनाया था खुद का साम्राज्य, US-वेनेजुएला के ज्वाइंट ऑपरेशन में ढेर दुनिया का खतरनाक गैंगस्टर

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान और कतर से मध्यस्थता के सपोर्ट के साथ अमेरिका और ईरान एक मेमोरेंडम ऑफ़ अंडरस्टैंडिंग पर इलेक्ट्रॉनिकली साइन करने के लिए एक वर्चुअल मीटिंग करने की उम्मीद है। प्रस्तावित समझौते में कथित तौर पर मौजूदा सीजफायर को 60 दिनों के लिए बढ़ाया जाएगा। होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोला जाएगा और ईरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम पर बातचीत शुरू की जाएगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।